1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. अफगानिस्तान में अचानक आई बाढ़, एक ही परिवार के 10 सदस्यों समेत 15 लोगों की मौत

अफगानिस्तान में अचानक आई बाढ़, एक ही परिवार के 10 सदस्यों समेत 15 लोगों की मौत

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : May 26, 2024 05:56 pm IST,  Updated : May 26, 2024 05:56 pm IST

अफगानिस्तान में भयानक बाढ़ के चलते 15 लोगों की मौत हो गई है। अब तक देश के अलग-अलग इलाकों में जारी बाढ़ में सैकड़ों लोग मारे जा चुके हैं। वहीं हजारों घर ढह गए हैं।

अफगानिस्तान में बाढ़ की प्रतीकात्मक फोटो। - India TV Hindi
अफगानिस्तान में बाढ़ की प्रतीकात्मक फोटो। Image Source : AP

इस्लामाबाद: अफगानिस्तान में आई भयानक बाढ़ ने 15 लोगों की जान ले ली है। इनमें से 10 लोग एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। यह बाढ़ अफगानिस्तान के उत्तर-पूर्व क्षेत्र में भारी बारिश के कारण अचानक आई। बाढ़ से एक ही परिवार के 10 सदस्यों समेत कम से कम 15 लोगों की मौत होने से इलाके में दहशत फैल गई है। अफगानी अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। असामान्य रूप से भारी मौसमी बारिश देश के कई हिस्सों में कहर बरपा रही है, जिससे सैकड़ों लोगों की मौत हो गई है।

भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ के मामलों के चलते संपत्ति और फसलें भी नष्ट हो गई हैं। शनिवार रात आई बाढ़ के कारण उत्तर-पूर्व स्थित बदख्शां और उत्तरी बगलान प्रांत प्रभावित हुए हैं। इस महीने की शुरुआत में भारी बारिश के कारण बगलान प्रांत में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ था। बदख्शां में प्राकृतिक आपदा प्रबंधन विभाग के निदेशक मोहम्मद अकरम अकबरी ने कहा कि प्रांत की राजधानी फैजाबाद में बाढ़ की चपेट में आकर एक दंपति और उनके आठ बच्चों की मौत हो गई।

बगलान में कई घर ढहे, मौतों का हो रहा आकलन

बगलान प्रांत में प्राकृतिक आपदा प्रबंधन के प्रांतीय निदेशक इदायतुल्ला हमदर्द ने कहा कि बाढ़ के कारण दोशी जिले में कम से कम 40 घर क्षतिग्रस्त हो गए और कई लोग मारे गए हैं। हालांकि, उन्होंने मृतकों की संख्या के संबंध में अधिक विवरण नहीं दिया। हालांकि, एक स्थानीय अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि प्रांत में बचाव दलों को अब तक पांच शव मिले हैं। (एपी) 

यह भी पढ़ें

पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति के कार्यक्रम में हंगामा, लिबरटेरियन ने कहा-"ट्रंप को गोली खानी चाहिए"

पापुआ न्यू गिनी में आए भूस्खलन में 670 लोगों की मौत, संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी ने लगाया अनुमान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश