1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. दुबई में बस और ट्रक की टक्कर में 7 की मौत, 9 लोग घायल; कई भारतीय भी शामिल

दुबई में बस और ट्रक की टक्कर में 7 की मौत, 9 लोग घायल; कई भारतीय भी शामिल

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jun 08, 2026 11:15 pm IST,  Updated : Jun 08, 2026 11:51 pm IST

दुबई में मिनीबस और ट्रक के बीच टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई है, जबकि 9 लोग घायल हैं। जानकारी के मुताबिक इसमें कई भारतीय भी शामिल हैं। फिलहाल घायलों का इलाज किया जा रहा है।

सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत।- India TV Hindi
सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत। Image Source : X/DUBAIPOLICEHQ/REPRESENTATIVE IMAGE

दुबई: इस वक्त की बड़ी खबर दुबई से सामने आ रही है। यहां मिनीबस और ट्रक के बीच सड़क पर टक्कर हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 9 लोग घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक बस में कई भारतीय मजदूर सवार थे। फिलहाल हादसे के बाद दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। इसके साथ ही दूतावास ने कहा है कि वह स्थानीय अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं। घटना में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं। फिलहाल घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

मिनीबस और ट्रक में हुई टक्कर

अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को दुबई में एक मिनीबस और ट्रक के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में कई भारतीय कामगारों की मौत हो गई है। दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "दुबई में हुए इस दुखद हादसे से हम बेहद दुखी हैं, जिसमें कई भारतीय कामगारों की जान चली गई।" वाणिज्य दूतावास ने कहा कि वह स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर हर संभव सहायता और समर्थन प्रदान करने के लिए काम कर रहा है।

बीच सड़क पर रुक गया था ट्रक

दुबई पुलिस के यातायात विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर जुमा सलेम बिन सुवैदान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तकनीकी खराबी के कारण ट्रक अमीरात रोड के बीचोंबीच अचानक रुक गया था। उन्होंने एक बयान में कहा, "बस चालक ने कथित तौर पर ध्यान नहीं दिया और सुरक्षित दूरी नहीं रखी, जिसके चलते उसने पीछे से ट्रक को टक्कर मार दी।" उन्होंने आगे कहा, "इस दुर्घटना में 7 लोगों की मौत हो गई और 9 लोग घायल हो गए, जिनमें पांच गंभीर रूप से घायल और चार मध्यम रूप से घायल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।" 

अधिकारियों ने घायलों से की मुलाकात

भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने अस्पताल का दौरा किया और घायल भारतीयों से मुलाकात की। ब्रिगेडियर जुमा सलेम ने बताया कि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए यातायात दुर्घटना जांच अनुभाग के विशेषज्ञों को घटनास्थल पर भेजा गया है, ताकि वे निरीक्षण कर सटीक साक्ष्य जुटा सकें। उन्होंने कहा, “यातायात गश्ती दल ने यातायात को नियंत्रित किया, घटनास्थल को सुरक्षित किया और बचाव वाहनों के लिए आवागमन सुगम बनाया। कार्य दल ने क्षतिग्रस्त ट्रक और बस को भी हटाया ताकि यातायात सामान्य रूप से चल सके।”

यह भी पढ़ें-

इजरायल के खिलाफ ईरान ने रोका आक्रामक अभियान लेकिन धमकी भी दी, ट्रंप का भी सामने आया बयान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश