तेहरान: ईरान और इजरायल के बीच जारी संघर्ष के दौरान एक बड़ी खबर सामने आई है। ईरान ने इजरायल के खिलाफ अपने आक्रामक अभियान को रोक दिया है। ईरानी सेना की संयुक्त कमान के द्वारा ये बयान सामने आया है। ईरानी सेना ने कहा है कि इजरायल और ईरान के बीच गोलाबारी के बाद हम अपने आक्रामक अभियान को रोक रहे हैं। इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी बयान सामने आया है।
Related Stories
ईरान ने धमकी भी दी
ईरान ने भले ही इजरायल के खिलाफ अपने आक्रामक अभियान को रोक दिया हो लेकिन ईरान ने इजरायल को धमकी भी दी है। ईरान की संयुक्त कमान ने कहा है कि अगर इजरायल या उसके समर्थक दक्षिणी लेबनान सहित अन्य क्षेत्रों में कोई और आक्रामकता और शत्रुतापूर्ण कार्रवाई करते हैं, तो पहले से कहीं अधिक कठोर और दमनकारी कदम उठाए जाएंगे।
डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करके कहा, "दोनों पक्ष, इजरायल और ईरान, तत्काल युद्धविराम चाहते हैं! शांति के लिए आखिरी वार्ता जारी है, बशर्ते अज्ञानता या मूर्खता इसमें बाधा न डाले। जब तक कोई आखिरी समझौता नहीं हो जाता, नाकाबंदी पूरी तरह से लागू रहेगी। चीजें तेजी से आगे बढ़ेंगी। इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद!"
गौरतलब है कि हालही में ये बात सामने आई थी कि इजरायल ने अमेरिका की बात नहीं मानी और ईरान पर जोरदार हमला कर 4 शहरों पर बैलिस्टिक मिसाइल दाग दी थी, जिससे पश्चिमी एशिया में एक बार फिर तनाव फैल गया था। दरअसल ट्रंप ने दोनों देशों से हमले न करने की बात कही थी।
इससे पहले इजरायल के कई शहरों पर ईरान ने भी हमले किए थे, जिसके बाद ट्रंप ने नेतन्याहू से फोन पर बात की थी और कहा था कि इजरायल इस हमले पर जवाबी कार्रवाई न करे। हालांकि, नेतन्याहू ने उनकी बात नहीं मानी थी और ईरान के चार शहरों पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागी।
दरअसल इजरायल ने दावा किया था कि ईरान की तरफ से देर रात भारी तादाद में मिसाइल्स दागी गई हैं, जिससे इजरायली कब्जे वाले वेस्ट बैंक के आसमान में कई मिसाइल्स नजर आईं। जिसके बाद से लग रहा था कि अब तनाव फिर से चरम पर पहुंच जाएगा।