1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. बांग्लादेश: स्कूल में गिरा सेना का लड़ाकू विमान, धू-धू कर जला, बच्चों समेत 27 की मौत, 170 घायल

बांग्लादेश: स्कूल में गिरा सेना का लड़ाकू विमान, धू-धू कर जला, बच्चों समेत 27 की मौत, 170 घायल

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jul 21, 2025 02:25 pm IST,  Updated : Jul 22, 2025 10:19 am IST

बांग्लादेश में सेना का एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया है। इस हादसे में 27 लोगों की मौत हुई है। सेना का विमान स्कूल में घुसा था। ऐसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है।

क्लासरूम में क्रैश हुआ एयरफोर्स का लड़ाकू विमान।- India TV Hindi
क्लासरूम में क्रैश हुआ एयरफोर्स का लड़ाकू विमान। Image Source : PTI/SCREENSHOT

ढाका: बांग्लादेश वायु सेना का एक F7 प्रशिक्षण विमान सोमवार दोपहर ढाका में क्रैश हो गया। बांग्लादेश के उत्तरा इलाके में यह हादसा हुआ है। इस हादसे में 27 लोगों की मौत होने की खबर है। इस हादसे में जान गंवाने वालों में अधिकतर बच्चे हैं। एयरक्राफ्ट क्रैश होने की वजह से उसमें आग लग गई। खासी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हजरत शाह जलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस घटना की पुष्टि की है। यह विमान एक स्कूल में घुस गया था और हादसे के बाद आग लगने से कई दर्जन लोग घायल हुए हैं। इस घटना में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

हादसे का शिकार हुआ F-7 बीजीआई ट्रेनिंग एयरक्रॉफ्ट चीन में बनाया गया था और बांग्लादेश वायुसेना का हिस्सा था। यह विमान ढाका में माइलस्टोन स्कूल और कॉलेज की इमारत से टकराया। अब तक स्कूल कैंपस में ही 27 शव मिले हैं। विमान के मलबे में और शव मिलने की आशंका है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। कम से कम 170 घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। विमान के पायलट मिलिट्री अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती हैं।

पहली से सातवीं तक के बच्चे हादसे का शिकार

स्कूल की एक शिक्षिका ने बताया कि जिस इमारत से विमान टकराया था। वहां, पहली से सातवीं तक के बच्चों की कक्षाएं लगती हैं। यह दो मंजिला इमारत है और विमान निचले हिस्से से टकराया। विमान के टकराते ही बड़ा धमाका हुआ और इमारत में आग लग गई। इसके बाद राहत और बचावकर्मियों को बैग में शव रखते देखा गया। दर्जनों एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल ले जाया गया। 

राहत और बचाव का कार्य जारी

लड़ाकू विमान के क्रैश होने की जानकारी मिलने के बाद मौके पर अग्निशमन विभाग की टीम को भेजा गया है। मौके पर बांग्लादेश सेना के सदस्य और अग्निशमन सेवा व नागरिक सुरक्षा की आठ गाड़ियां भेजी गई है। फिलहाल घटनास्थल पर राहत और बचाव का अभियान शुरू कर दिया गया है। एक छात्र ने बताया कि विमान उत्तरा 17 स्थित माइलस्टोन कॉलेज परिसर में दोपहर लगभग 1:30 बजे दुर्घटनाग्रस्त हुआ। वहीं एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि विमान स्कूल की इमारत से टकराया, जिसके बाद इसमें आग लग गई। हादसे के बाद आस-पास मौजूद लोग भी भाग कर गए और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

वायु सेना का F-7 विमान हुआ क्रैश 

सेना और एक अग्निशमन अधिकारी ने हादसे के बारे में विस्तार से जानकारी दी। हादसे के समय स्कूल परिसर में बच्चे मौजूद थे। यहां पर क्लास चल रही थी, इसी दौरान हादसा हो गया। बांग्लादेश सेना के जनसंपर्क कार्यालय ने एक संक्षिप्त बयान में पुष्टि की कि दुर्घटनाग्रस्त विमान एफ-7 वायु सेना का था। अग्निशमन अधिकारी लीमा खान ने फोन पर बताया था कि इस दुर्घटना में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। हालांकि, बाद में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 27 पहुंच गई और घायलों की संख्या 170 से ज्यादा है। यह संख्या बढ़ने की आशंका है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश