1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. खालिदा जिया की मौत के बाद बेटे के हाथ आई पार्टी की कमान, तारिक रहमान बने BNP के नए अध्यक्ष

खालिदा जिया की मौत के बाद बेटे के हाथ आई पार्टी की कमान, तारिक रहमान बने BNP के नए अध्यक्ष

 Published : Jan 10, 2026 08:08 am IST,  Updated : Jan 10, 2026 08:09 am IST

खालिदा जिया के निधन के बाद उनके बेटे तारिक रहमान को बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी का नया चेयरमैन नियुक्त कर दिया गया है। 60 साल के रहमान को बांग्लादेश में होने वाले चुनावों में प्रधानमंत्री पद के लिए एक प्रमुख दावेदार माना जा रहा है।

तारिक रहमान (हाथ उठाए हुए)- India TV Hindi
तारिक रहमान (हाथ उठाए हुए) Image Source : AP

ढाका: बांग्लादेश में चुनाव से पहले बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने बड़ा फैसला लिया है। तारिक रहमान को शुक्रवार (9 जनवरी 2026) को BNP का चेयरमैन नियुक्त किया गया। यह फैसला उनकी मां और पार्टी की पूर्व चेयरपर्सन बेगम खालिदा जिया के निधन के कुछ दिनों बाद लिया गया है। स्थानीय मीडिया और पार्टी सूत्रों के अनुसार, BNP की नेशनल स्टैंडिंग कमिटी की एक बैठक में सर्वसम्मति से तारिक रहमान को पार्टी का अध्यक्ष बनाने की मंजूरी दी गई। तीन बार की बांग्लादेश की प्रधानमंत्री और BNP की नेता खालिदा जिया का 30 दिसंबर 2025 को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था।

BNP के महासचिव ने दी जानकारी

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने बैठक के बाद मीडिया को इस नियुक्ति के बारे में जानकारी दी। रिपोर्ट में कहा गया है कि पार्टी के संविधान के अनुसार, खाली पद को भरने के लिए नेशनल स्टैंडिंग कमेटी की एक बैठक बुलाई गई थी। तारिक रहमान इससे पहले पार्टी के एक्टिंग चेयरमैन थे और हाल ही में 17 साल के स्व-निर्वासन के बाद लंदन से बांग्लादेश लौटे थे।  

PM पद के प्रमुख दावेदार हैं रहमान

सरकारी समाचार एजेंसी बांग्लादेश संवाद संस्था ने बताया कि बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के मीडिया सेल ने कहा कि इस नियुक्ति के साथ, रहमान ने आधिकारिक तौर पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पद की जिम्मेदारियां संभाल ली हैं। 60 वर्षीय रहमान चुनावों में प्रधानमंत्री पद के लिए एक प्रमुख दावेदार के रूप में उभरे हैं।

अवामी लीग को चुनाव लड़ने से रोका गया

साल 2002 में रहमान को बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी का सीनियर जॉइंट सेक्रेटरी जनरल बनाया गया था और 2009 में वो सीनियर वाइस चेयरमैन बने थे। फरवरी के चुनावों में BNP सत्ता हासिल करने की दौड़ में सबसे आगे है, क्योंकि पूर्व प्रधानमंत्री हसीना की अवामी लीग पार्टी को चुनाव लड़ने से रोक दिया गया है।

यह भी पढ़ें:

ईरान में खामेनेई सरकार ने प्रदर्शनकारियों पर चलाई गोलियां, तेहरान में 200 से अधिक लोगों के मारे जाने की खबर

ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई ने ट्रंप को कहा घमंडी और तानाशाह, बोले- 'उनका भी...'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश