Bangladesh Sharif Osman Hadi Death: बांग्लादेश में शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। बांग्लादेश पुलिस ने हादी के हत्यारों को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। पुलिस का कहना कि उसके पास मुख्य संदिग्ध के ठिकाने के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है। पुलिस का यह बयान इंकलाब मंच की ओर से अंतरिम सरकार को अल्टीमेटम दिए जाने के बाद आया है। बांग्लादेश में भड़की हिंसा को लेकर ताजा अपडेट्स जानने के लिए इंडिया टीम की डिजिटल टीम के साथ जुड़े रहें।
- Hindi News
- विदेश
- एशिया
- Bangladesh Violence Live: हिंसा की आग में सुलग रहा बांग्लादेश, बेलगाम हुए कट्टरपंथी; हिंदुओं को बना रहे निशाना
Bangladesh Violence Live: हिंसा की आग में सुलग रहा बांग्लादेश, बेलगाम हुए कट्टरपंथी; हिंदुओं को बना रहे निशाना
बांग्लादेश में बावल और हिंसा जारी है। इंकलाब मंच के प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद हिंसा भड़क उठी है। पुलिस ने हादी के हत्यारों पर बड़ा अपडेट दिया है।
Bangladesh Violence Live: हिंसा की आग में सुलग रहा बांग्लादेश
-
6:21 PM (IST) Dec 22, 2025
हल जल्द नहीं निकला तो खुद इसका हल निकालेंगे- विश्व हिंदू परिषद
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में अंबाला में आज विश्व हिंदू परिषद सड़कों पर उतर गई और बांग्लादेश का पुतला फूंकते हुए सरकार को यह चेतावनी दी कि अगर इस मुद्दे का हल जल्द नहीं निकला तो वे लोग खुद इसका हल निकालेंगे।
-
6:20 PM (IST) Dec 22, 2025
हम कड़ी निंदा करते हैं- कांग्रेस सांसद दिग्विजय
दिल्ली: कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह का कहना है, "जब से बांग्लादेश में आंदोलन के कारण सरकार बदली है, वहां वो सभी तत्व मौजूद हैं जो धार्मिक उन्माद फैलाकर राजनीति करते हैं, जिनका शेख हसीना ने विरोध किया था... बांग्लादेश में हमारे हिंदू भाइयों और ईसाइयों के साथ जो हो रहा है, हम उसकी कड़ी निंदा करते हैं..."
-
5:30 PM (IST) Dec 22, 2025
बांग्लादेश उच्चायोग में ताला लगाना होगा- सुवेंदु अधिकारी
पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष और बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी का कहना है, "दीपू दास को जिंदा जला दिया गया। हम उन्हें यहां (बांग्लादेश उच्चायोग) बैठने की इजाजत नहीं देंगे। उन्हें यहां ताला लगाना होगा। 24 दिसंबर को सीमा पर 1 घंटे की नाकाबंदी होगी और 26 दिसंबर को हम यहां फिर से विरोध प्रदर्शन करेंगे..."
-
5:28 PM (IST) Dec 22, 2025
सुवेंदु अधिकारी ने बांग्लादेश उच्चायोग के सामने विरोध प्रदर्शन किया
कोलकाता, पश्चिम बंगाल: राज्य के विपक्ष के नेता और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने अन्य भाजपा नेताओं के साथ बांग्लादेश में दीपू चंद्र दास की मॉब लिंचिंग के खिलाफ बांग्लादेश उच्चायोग के सामने विरोध प्रदर्शन किया।
-
5:25 PM (IST) Dec 22, 2025
जम्मू कश्मीर में हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अलावा कई हिंदू संगठनों ने सोमवार को जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के सदस्यों पर कथित हमले, आगजनी, लूट और हत्या की घटनाओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
-
4:02 PM (IST) Dec 22, 2025
कोलकाता में कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश उच्चायोग के सामने विरोध प्रदर्शन किया।
-
4:01 PM (IST) Dec 22, 2025
हिंसा बांग्लादेश में उग्रवाद के प्रभाव का नतीजा- कौसर जहां
बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की मॉब लिंचिंग पर दिल्ली राज्य हज कमेटी कौसर जहां का कहना है, "यह घटना बेहद निंदनीय और बर्बर है। बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, खासकर हिंदुओं को निशाना बनाया गया है और वहां की सरकार को उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। यह हिंसा बांग्लादेश में उग्रवाद के प्रभाव का नतीजा है और यह नहीं भूलना चाहिए कि भारत और बांग्लादेश के बीच दोस्ताना संबंध हैं। ऐसी घटनाओं को रोका जाना चाहिए ताकि इन संबंधों पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।"
-
3:59 PM (IST) Dec 22, 2025
अल्पसंख्यक नागरिक की हुई लिंचिंग की कड़ी निंदा
मीडिया को जारी एक बयान में सैयद सआदतुल्लाह हुसैनी ने कहा कि बांग्लादेश में हो रहे घटनाक्रम देश को असीमित अस्थिरता और हिंसा की ओर धकेल रहे हैं। कानून-व्यवस्था के कमजोर होने से असामाजिक तत्वों को स्थिति का लाभ उठाने का मौका मिला है, जिसकी वजह से नागरिकों, संपत्तियों और संस्थानों पर हमले हो रहे हैं। उन्होंने अफवाहें फैलने के बाद बांग्लादेश में एक अल्पसंख्यक नागरिक की हाल ही में हुई लिंचिंग की कड़ी निंदा की और इस घटना को दुखद, निंदनीय और बेहद चिंताजनक बताया।
-
3:58 PM (IST) Dec 22, 2025
जमाअत-ए-इस्लामी हिंद ने बांग्लादेश की स्थिति पर गहरी चिंता जताई
जमाअत-ए-इस्लामी हिंद के अध्यक्ष सैयद सआदतुल्लाह हुसैनी ने बांग्लादेश में तेज़ी से बिगड़ती राजनीतिक, सामाजिक और सुरक्षा की स्थिति पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने मौजूदा सत्ता में बैठे लोगों से ज़िम्मेदारी, संयम और लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता के साथ काम करने की अपील की ताकि शांति, स्थिरता और जनता का भरोसा बहाल हो सके।
-
3:10 PM (IST) Dec 22, 2025
अज्ञात बंदूकधारियों ने NCP नेता को मारी गोली
बांग्लादेश के दक्षिण-पश्चिमी शहर खुलना में सोमवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने 2004 के छात्र-नेतृत्व वाले हिंसक विद्रोह के एक अन्य नेता के सिर में गोली मार दी। यह घटना प्रमुख युवा नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के कुछ दिनों बाद हुई है। एनसीपी (नेशनल सिटिजन पार्टी) की संयुक्त प्रधान समन्वयक महमूदा मितु ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा, "एनसीपी के खुलना डिवीजन के प्रमुख और पार्टी के कार्यकर्ता मोर्चे के केंद्रीय समन्वयक मोहम्मद मोतलेब सिकदर को गोली मार दी गई है।" सिकदर को गंभीर हालत में खुलना मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया है।
-
12:29 PM (IST) Dec 22, 2025
दीपू चंद्र दास बेगुनाह था
बांग्लादेश में हिंदू शख्स के साथ हुई बर्बरता को लेकर माइनॉरिटी राइट्स मूवमेंट की स्टूडेंट रिप्रेजेंटेटिव सुष्मिता कर ने कहा, "18 दिसंबर 2025 को दीपू चंद्र दास नाम के एक शख्स को भीड़ के न्याय के नाम पर बेरहमी से मार दिया गया। लेकिन, वह बेगुनाह था। हमें यह जानकारी मिली है कि उसका अपने साथियों के साथ कुछ झगड़ा था, और उन्होंने ये शब्द इस्तेमाल किए थे। यह हमारे लिए बहुत आम मामला है क्योंकि पिछले साल हमने ऐसे कई मामले देखे थे, और हाल ही में यह मामला इतना बड़ा हो गया क्योंकि सभी ने सोशल मीडिया पर वीडियो देखा।"
-
11:47 AM (IST) Dec 22, 2025
बांग्लादेश में हिंदू संगठनों ने किया प्रदर्शन
बांग्लादेश में जारी हिंसा के बीच मैमनसिंह में एक हिंदू युवक, दीपू चंद्र दास की मॉब लिंचिंग के विरोध में, बांग्लादेश में हिंदू धार्मिक संगठनों और अल्पसंख्यक समूहों ने नेशनल प्रेस क्लब के सामने प्रदर्शन किया।
-
11:30 AM (IST) Dec 22, 2025
'तथ्य शेख हसीना की बात का समर्थन करते हैं'
बांग्लादेश की पूर्व PM शेख हसीना के बयान पर, पूर्व सीनियर डिप्लोमैट महेश सचदेव ने कहा, "मुझे लगता है कि तथ्य शेख हसीना की बात का समर्थन करते हैं। बांग्लादेशी अधिकारियों ने माना है कि उन्हें नहीं पता कि हादी का कथित हत्यारा कहां छिपा है। पहले, उन्होंने बिना किसी सबूत के दावा किया था कि वो भारत भाग गया है। अब वो कहते हैं कि उन्हें नहीं पता कि वो कहा है। इसलिए, जिस आरोप ने भारत विरोधी भावना की लहर पैदा की थी, वह साबित नहीं हुआ है, और शेख हसीना ने इसे सार्वजनिक रूप से कह कर सही किया है।"
-
11:28 AM (IST) Dec 22, 2025
'बांग्लादेश में जहर घोल रहे हैं कट्टरपंथी'
बांग्लादेश में जारी हिंसा और भारत विरोध के बीच बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना का भारत और बांग्लादेश के रिश्तों को लेकर बड़ा बयान सामने आया है। शेख हसीना ने बांग्लादेश के कट्टरपंथियों के उस बयान को बांग्लादेश के लिए गलत बताया है, जिसमें कट्टरपंथियों ने भारत के नॉर्थ ईस्ट को ग्रेटर बांग्लादेश दिखाने की कोशिश की है। उस्मान हादी ने भी हमले से एक दिन पहले एक ऐसी ही फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी जिसमें भारत के नॉर्थ ईस्ट को ग्रेटर बांग्लादेश दिखाया गया था।
-
11:21 AM (IST) Dec 22, 2025
हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करे यूनुस सरकार
बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास को जिंदा जलाने के विरोध में हिंदू अपना विरोध लगातार दर्ज करा रहे हैं। सोमवार सुबह से ढाका में प्रेस क्लब के बाहर हिंदू समुदाय के लोग मानव श्रृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इन लोगों की मांग है कि बांग्लादेश सरकार दीपू के हत्यारों को जल्द से जल्द सख्त सजा दे और हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करे।
-
10:30 AM (IST) Dec 22, 2025
नॉर्थ-ईस्ट और चिकन नेक पर हसीना ने क्या कहा?
बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना ने भारत के नॉर्थ-ईस्ट और चिकन नेक की बात पर कहा, "ऐसे बयान खतरनाक और गैर-जिम्मेदाराना हैं, जो उन आतंकी तत्वों को दिखाते हैं जिन्होंने यूनुस के तहत प्रभाव हासिल किया है। कोई भी गंभीर नेता ऐसे पड़ोसी को धमकी नहीं देगा जिस पर बांग्लादेश व्यापार, ट्रांजिट और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए निर्भर है।
-
10:05 AM (IST) Dec 22, 2025
बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या पर क्या बोले महमूद मदनी?
बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या पर जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी ने दुख जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि जब मुसलमान ऐसी हरकतें करते हैं, तो हम शर्म से अपना सिर झुका लेते हैं।
-
10:03 AM (IST) Dec 22, 2025
यूनुस ने कट्टरपंथियों को कैबिनेट में जगह दी?
शेख हसीना ने इस्लामिस्ट असर और सिक्योरिटी की चिंताओं पर कहा, ''यूनुस ने कट्टरपंथियों को कैबिनेट में जगह दी है, दोषी आतंकवादियों को जेल से रिहा किया है और इंटरनेशनल आतंकवादी संगठनों से जुड़े ग्रुप्स को पब्लिक लाइफ में रोल निभाने की इजाजत दी है। वह कोई पॉलिटिशियन नहीं हैं और उन्हें किसी मुश्किल देश पर राज करने का कोई एक्सपीरियंस नहीं है।''
-
9:48 AM (IST) Dec 22, 2025
उस्मान हादी की मौत पर हसीना ने क्या कहा?
बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना ने उस्मान हादी की मौत पर कहा, "यह दुखद हत्या उस अराजकता को दिखाती है जिसने मेरी सरकार को उखाड़ फेंका और यूनुस के राज में यह और बढ़ गई है। हिंसा आम बात हो गई है, जबकि अंतरिम सरकार या तो इससे इनकार करती है या इसे रोकने में नाकाम है। ऐसी घटनाएं बांग्लादेश को अंदर से अस्थिर करती हैं।''
-
8:15 AM (IST) Dec 22, 2025
हिंदुओं ने दर्ज कराया विरोध
बांग्लादेश में हिंदु युवक दीपू चंद्र दास को जिंदा जलाने के विरोध में हिंदु अपना विरोध लगातार दर्ज करा रहे हैं। ढाका के ढाकेश्वरी मंदिर में हिंदू समुदाय के लोग जुटे और इस घटना पर सरकार को आड़े हाथों लिया। लोगों ने इस मौके पर दीपू चंद्र दास को श्रद्धांजलि भी दी।
-
8:11 AM (IST) Dec 22, 2025
शेख हसीना ने क्या कहा?
ANI के साथ एक ईमेल इंटरव्यू में बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने ICT के फैसले पर कहा, "इस फैसले का न्याय से कोई लेना-देना नहीं है और यह पूरी तरह से राजनीतिक दुश्मनी का मामला है। मुझे अपना बचाव करने का अधिकार नहीं दिया गया और ना ही मेरी पसंद के वकील चुनने दिए गए। ट्रिब्यूनल का इस्तेमाल अवामी लीग के खिलाफ बदले की भावना से कार्रवाई करने के लिए किया गया। हालांकि, बांग्लादेश की संस्थाओं में मेरा विश्वास खत्म नहीं हुआ है। हमारी संवैधानिक परंपरा मजबूत है, और जब वैध शासन बहाल होगा और हमारी न्यायपालिका अपनी स्वतंत्रता वापस हासिल कर लेगी, तो न्याय की जीत होगी।"
-
7:39 AM (IST) Dec 22, 2025
हिंदुओं को निशाना बना रहे हैं कट्टरपंथी
बांग्लादेश में उस्मान हादी की मौत के बाद एक बार फिर जमात-ए-इस्लामी के कट्टरपंथी एक्टिव हो गए हैं। कट्टरपंथी हिंदू समुदाय के लोगों को टारगेट कर रहे हैं। बांग्लादेश के पश्चिमी जिले झेनाइदह में एक शख्स के साथ कट्टरपंथियों ने मारपीट की है। आरोप है कि गोविंदा बिस्वास के हाथ में कलावा देखकर कट्टरपंथियों ने उसे निशाना बनाया।
-
7:36 AM (IST) Dec 22, 2025
बांग्लादेश के राष्ट्रपिता से बड़ा हुआ हादी का कद
पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ हिंसक आंदोलन करने वाले छात्र नेता उस्मान हादी का कद मौत के बाद बांग्लादेश के राष्ट्रपिता और बंगबंधु कहे जाने वाले शेख मुजीबुर रहमान से भी बड़ा हो गया है। ढाका यूनिवर्सिटी के बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान हॉल का नाम बदलकर शहीद शरीफ उस्मान हादी हॉल कर दिया है।
-
7:32 AM (IST) Dec 22, 2025
पूरी ताकत से काम कर रही है पुलिस
बांग्लादेश पुलिस ने कहा है कि संबंधित एजेंसियां और खुफिया विभाग हादी के हत्यारे फैसल करीम मसूद का पता लगाने के लिए पूरी ताकत से काम कर रही हैं। उन्होंने कहा, "हमारे पास फैसल के आखिरी ठिकाने के बारे में कोई पुख्ता या विशिष्ट जानकारी नहीं है। पुलिस बल और खुफिया एजेंसियां इस बारे में पता लगाने के लिए लगातार काम कर रही हैं।" उन्होंने यह भी जोड़ा कि ऐसी कोई विश्वसनीय सूचना नहीं है जिससे यह पता चले कि संदिग्ध देश छोड़कर भाग गया है।