बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों के खिलाफ भारत में प्रदर्शन हो रहा है। इसे देखते हुए ढाका में भारत के हाई कमिश्नर को समन किया गया है। बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने आज भारत के उच्चायुक्त, प्रणय वर्मा को बुलाया और दिल्ली समेत भारत के कई शहरों में अपने डिप्लोमेटिक मिशनों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, विशेषकर हिंदुओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खलबली मचा दी है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भी इसे लेकर चिंता जताई है। बांग्लादेश में जारी हिंसा के बीच अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। यूनुस ने दोहराया है कि आम चुनाव 12 फरवरी को तय समय पर कराए जाएंगे।
- Hindi News
- विदेश
- एशिया
- बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या का विरोध, भारत में हो रहे प्रदर्शन, ढाका में भारत के हाई कमिश्नर को समन किया गया
बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या का विरोध, भारत में हो रहे प्रदर्शन, ढाका में भारत के हाई कमिश्नर को समन किया गया
बांग्लादेश में हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है। दीपू चंद्र दास की मॉब लिंचिंग के बाद भारत में लोगों का भारी विरोध देखने को मिल रहा है।
Bangladesh Violence Live: बांग्लादेश में बिगड़े हालात को बीच यूनुस ने किया बड़ा ऐलान
-
6:29 PM (IST) Dec 23, 2025
बांग्लादेश में अशांति पर कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला का सामने आया बयान
बांग्लादेश में अशांति पर कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा, "कांग्रेस पार्टी लगातार यह मुद्दा उठा रही है कि बांग्लादेश में हिंदुओं और ईसाइयों पर अत्याचार हो रहा है, खासकर हिंदुओं पर, और सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए। वे कड़े कदम नहीं उठा रहे हैं, और वहां जो हो रहा है वह बहुत गलत है। प्रियंका गांधी ने भी यह मुद्दा उठाया था। इसे संसद में भी उठाया गया था। यह बहुत गंभीर मामला है। बांग्लादेश, जो कभी हमारे इतना करीब था, अब दूर जा रहा है। इससे हमारी विदेश नीति पर भी सवाल उठते हैं – यह किस तरह की विदेश नीति है कि दुनिया में हमारा कोई सहयोगी नहीं है? यह एक अजीब विदेश नीति है, और लोग इस पर सवाल उठा रहे हैं। बांग्लादेश हमारा पड़ोसी देश है; हमारे इतने अच्छे संबंध थे, और हमने उसकी आज़ादी में अहम भूमिका निभाई थी। अब, वहां के लोग हमारे खिलाफ हो रहे हैं, और हिंदुओं को इस तरह परेशान किया जा रहा है। मुझे लगता है कि यह बहुत गलत है, और सरकार को इस मामले में कुछ कड़े कदम उठाने चाहिए।"
-
4:39 PM (IST) Dec 23, 2025
दिग्विजय सिंह का चौंकाने वाला बयान
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का चौंकाने वाला बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, "बांग्लादेश में हो रही हिंसा, भारत में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हो रही कार्रवाइयों की प्रतिक्रिया है। जो हालात हमारे देश में हैं, वही रिएक्शन वहां पर उस प्रकार का हो रहा है।"
-
3:52 PM (IST) Dec 23, 2025
बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या पर आया शेख हसीना का पहला बयान
बांग्लादेश में हाल ही में कट्टरपंथियों ने हिंदू युवक दीपू दास को मारकर जिंदा जला दिया था। अब इस मुद्दे पर बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि "दीपू दास पर झूठा इल्ज़ाम लगाया गया.. उसने नबी की बेइज्जती की इसका सबूत कोई नहीं दे पाया।" इतना ही नहीं जिस तरह से उसकी हत्या की गई, ये वहशी लोग कहां से आए हैं। क्या ये वही लोग हैं, जिन्हें उन्होंने खिलाया-पिलाया और पढ़ाया-लिखाया? इतना ही नहीं उन्होंने दीपू दास के परिवार से धैर्य रखने की अपील की और कहा कि जब तक जिंदा हूं तब तक इंसाफ दिलाने का काम करूंगी।
-
12:48 PM (IST) Dec 23, 2025
भोपाल में हिंदू संगठनों ने किया प्रदर्शन
भोपाल में विश्व हिंदू परिषद और अन्य हिंदू संगठनों ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों और दीपू चंद्र दास की मॉब लिंचिंग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
-
12:10 PM (IST) Dec 23, 2025
दिल्ली में सड़कों पर उतरे लोग
सर्व भारतीय हिंदी बंगाली संगठन, VHP और बजरंग दल के सदस्यों ने दुर्गाबाई देशमुख साउथ कैंपस मेट्रो स्टेशन के पास बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों और दीपू चंद्र दास की बेरहमी से भीड़ द्वारा की गई लिंचिंग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
-
11:57 AM (IST) Dec 23, 2025
सरकार को हिंदुओं की सुरक्षा के लिए कार्रवाई करनी चाहिए
विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों ने दूसरे हिंदू संगठनों के साथ मिलकर हैदराबाद के कोठापेट में बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। VHP के राष्ट्रीय प्रवक्ता शशिधर ने कहा, "बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार हो रहे हैं। भारत सरकार को बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा के लिए सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। बड़ी संख्या में बांग्लादेशी घुसपैठिए और रोहिंग्या भाग्य नगर में रह रहे हैं। अगर राज्य सरकार कोई कार्रवाई नहीं करती है, तो VHP कार्रवाई का ऐलान करेगी।"
-
11:54 AM (IST) Dec 23, 2025
हिंदू संगठनों ने किया प्रदर्शन
विश्व हिंदू परिषद और अन्य हिंदू संगठनों के सदस्यों ने बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ अत्याचार और दीपू चंद्र दास की मॉब लिंचिंग के विरोध में बांग्लादेश हाई कमीशन के पास प्रदर्शन किया।
-
10:38 AM (IST) Dec 23, 2025
बांग्लादेश में हिंदू को बनाया जा रहा निशाना, संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने जताई चिंता
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने बांग्लादेश में एक हिंदू व्यक्ति की हत्या और हिंसा की अन्य घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है। महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा, ‘‘ हां, बांग्लादेश में हमने जो हिंसा देखी है उससे हम बहुत चिंतित हैं।’’ उन्होंने कहा, “चाहे बांग्लादेश हो या कोई अन्य देश, इस बात की जरूरत है कि ऐसे लोग जो 'बहुसंख्यक' वर्ग से बाहर हैं वो सुरक्षित महसूस करें और सभी बांग्लादेशी सुरक्षित महसूस करें। हमें विश्वास है कि सरकार प्रत्येक बांग्लादेशी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।’’
-
9:10 AM (IST) Dec 23, 2025
'अल्पसंख्यकों पर हमले और हत्याएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण'
बांग्लादेश में फैली हिंसा पर असम के मंत्री अशोक सिंघल ने कहा, "बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हमले और हत्याएं बहुत दुर्भाग्यपूर्ण हैं। वहां की सरकार को इस पर गंभीरता से सोचना चाहिए। बांग्लादेश भारत की मदद से बना था, और अब वो अल्पसंख्यकों को परेशान कर रहे हैं, भारत की चिंताओं को नजरअंदाज कर रहे हैं। बांग्लादेश सरकार को हर नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।"
-
9:06 AM (IST) Dec 23, 2025
बांग्लादेश में हिंसा के खिलाफ सड़क पर उतरे हिन्दू
इंकलाब मंच के नेता उस्मान हादी की मौत के बाद बांग्लादेश में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। देश में कट्टरपंथी हावी हो गए हैं। हिंदुओं को टारगेट किया जा रहा है। जमात-ए-इस्लामी के नेता खुलेआम हिंदुओं को मारने की धमकी दे रहे है। वहीं, बांग्लादेश के कई शहरों में हिंदुओं ने अपने ऊपर हो रहे ज़ुल्म के खिलाफ प्रोटेस्ट किया गया है। राजधानी ढाका में ह्यूमन चेन बनाकर हिंदू समुदाय ने प्रोटेस्ट किया। पोर्ट सिटी चटगांव, खुलना और मैमनसिंह जिलों में हिंदुओं के संगठनों ने प्रोटेस्ट मार्च निकाला।
-
7:50 AM (IST) Dec 23, 2025
'मीडिया अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है'
बांग्लादेश के प्रमुख समाचार पत्रों के संपादकों ने कहा है कि देश में मीडिया अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है और अभिव्यक्ति की आजादी के बजाय अब मुख्य मुद्दा जीवित रहने का अधिकार है। ये टिप्पणियां बृहस्पतिवार रात ढाका में ‘प्रोथोम आलो’ और ‘द डेली स्टार’ अखबारों के कार्यालयों में भीड़ द्वारा तोड़फोड़ और आगजनी की घटना के बाद आई हैं।
-
7:22 AM (IST) Dec 23, 2025
बांग्लादेश के हालात पर रूस की नजर
बांग्लादेश में रूसी राजदूत अलेक्जेंडर ग्रिगोरिविच खोजिन ने कहा है कि ढाका नई दिल्ली के साथ तनाव कम करे। उन्होंने कहा कि हम स्थिति पर पैनी नजर रख रहे हैं। यह दोनों देशों और पूरे क्षेत्र, यहां तक कि दक्षिण एशिया के लिए भी महत्वपूर्ण है।
-
7:18 AM (IST) Dec 23, 2025
पत्रकारों को बनाया जा रहा निशाना
बांग्लादेश में हिंसा के बीच पत्रकारों को भी निशाना बनाया जा रहा है। पत्रकार सुशांत दास गुप्ता ने आरोप लगाया है कि बांग्लादेश स्थित उनके पुश्तैनी घर पर कट्टरपंथियों की भीड़ ने हमला किया है। सुशांत दास गुप्ता फिलहाल यूनाइटेड किंगडम (UK) में हैं और पिछले 3 वर्षों से बांग्लादेश से बाहर रहकर पत्रकारिता कर रहे हैं।
-
7:12 AM (IST) Dec 23, 2025
इंकलाब मंच ने दी चेतावनी
शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद बांग्लादेश में भड़की हिंसा के बीच इंकलाब मंच ने चेतावनी दी है कि अगर हादी की हत्या में न्याय नहीं मिला तो मौजूदा अंतरिम सरकार को हटाने के लिए बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। संगठन का कहना है कि 24 घंटे का अल्टीमेटम खत्म होने के बाद भी जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
-
7:09 AM (IST) Dec 23, 2025
तय समय पर होंगे चुनाव
बांग्लादेश में मचे बवाल के बीच अंतरिम सरकार मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने आम चुनावों को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि आम चुनाव तय समय पर ही कराए जाएंगे। यूनुस ने कहा कि चुनाव से पहले हमारे पास लगभग 50 दिन हैं। हम एक स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराना चाहते हैं। हम इसे यादगार बनाना चाहते हैं।