1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. बिलावल भुट्टो ने नवाज शरीफ पर साधा निशाना, अगले पीएम को लेकर कह डाली बड़ी बात

बिलावल भुट्टो ने नवाज शरीफ पर साधा निशाना, अगले पीएम को लेकर कह डाली बड़ी बात

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Nov 07, 2023 02:14 pm IST,  Updated : Nov 07, 2023 02:14 pm IST

पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने नवाज शरीफ पर बड़ा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अगला प्रधानमंत्री लाहौर से नहीं होगा। जानिए उन्होंने और क्या कहा? पाकिस्तान में अगले साल फरवरी में आम चुनाव होना है।

बिलावल भुट्टो- India TV Hindi
बिलावल भुट्टो Image Source : AP

Pakistan News: पाकिस्तान में राजनीतिक उथल पुथल लगातार जारी है। इसी बीच पाकिस्तान में नवाज शरीफ के छोटे भाई शहबाज शरीफ की सरकार में विदेश मंत्री रहे बिलावल भुट्टो ने नवाज शरीफ पर निशाना साधा है। उन्होंने अगले पीएम को लेकर नवाज शरीफ के दावों के बीच बड़ा बयान दे डाला है। इस बयान को नवाज शरीफ और उनकी पार्टी पर सीधे तौर पर निशाना माना जा रहा है।

जानाकरी के अनुसार पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के सुप्रीमो नवाज शरीफ पर स्पष्ट रूप से निशाना साधते हुए कहा कि देश का अगला प्रधानमंत्री लाहौर से नहीं होगा। उन्होंने संकेत दिया कि उनकी पार्टी अगले साल आठ फरवरी को होने वाला आम चुनाव ‘अपने दम पर’ लड़ेगी। ‘जियो न्यूज’ के अनुसार, पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री भुट्टो जरदारी (35) ने यह भी स्पष्ट किया कि पीपीपी को आगामी चुनाव में जीत हासिल करने के लिए किसी और की मदद लेने की आवश्यकता नहीं है। 

इस बार पीएम लाहौर से नहीं होगा: बिलावल 

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘जब चुनाव की बात आती है, तो हम (पीपीपी) केवल पाकिस्तान के लोगों से मदद मांगते हैं। हम किसी और से कोई उम्मीद नहीं करते। प्रधानमंत्री केवल वही व्यक्ति बनेगा, जिसे पाकिस्तान के लोग चुनेंगे और मेरा मानना है कि इस बार देश का प्रधानमंत्री लाहौर से नहीं होगा।’ बिलावल भुट्टो जरदारी ने यह टिप्पणी ऐसे समय में की है, जब पीपीपी ने रविवार को सिंध के 14 जिलों में हुए उपचुनावों में बड़ी जीत हासिल की। 

चार साल के निर्वासन के बाद मुल्क लौटे हैं नवाज शरीफ

उनके पिता एवं देश के पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और नवाज शरीफ के बीच इससे कुछ सप्ताह पहले टेलीफोन पर बातचीत हुई थी। शरीफ चार साल के स्व-निर्वासन के बाद देश लौटे हैं। इस बातचीत ने दोनों दलों के बीच चुनाव पूर्व गठबंधन की अटकलों को हवा दे दी थी। भुट्टो जरदारी ने रविवार को स्थानीय सरकार के उपचुनाव में पीपीपी की जीत को केवल एक शुरुआत बताया और कहा, ‘लोगों ने (मतदान के जरिए) यह साबित कर दिया कि वे पीपीपी के साथ हैं।’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश