1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. यूनान के पास डूबी नौका, 5 पाकिस्तानियों की मौत और 35 अन्य लोगों के मरने की आशंका

यूनान के पास डूबी नौका, 5 पाकिस्तानियों की मौत और 35 अन्य लोगों के मरने की आशंका

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Dec 19, 2024 04:26 pm IST,  Updated : Dec 19, 2024 04:26 pm IST

यूनान के पास 200 से अधिक यात्रियों को ले जा रही एक नौका डूब जाने से 5 पाकिस्तानियों की मौत हो गई है। वहीं इस हादसे में 35अन्य लोगों के मरने की आशंका है। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : AP

इस्लामाबाद: यूनान के गावदोस द्वीप के पास सप्ताहांत में प्रवासियों को ले जा रही एक नाव के डूब जाने से पांच पाकिस्तानी नागरिकों की मौत हो गई और 35 अन्य के मरने की आशंका है। मौके पर राहत और बचाव दल पीड़ितों की मदद में जुटे हैं। यह जानकारी बृहस्पतिवार को मीडिया की एक खबर से मिली। ‘डॉन’ समाचारपत्र की खबर के अनुसार, 200 से अधिक प्रवासियों को ले जा रहे इस नाव में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और 150 से अधिक लोगों को बचा लिया गया, जबकि बड़ी संख्या में लोग लापता हैं।

इसके अनुसार, यूनान के अधिकारियों ने बुधवार को लापता लोगों को खोजने के लिए बचाव अभियान बंद कर दिया। इन लापता लोगों में 35 पाकिस्तानी शामिल हैं। खबर में कहा गया है कि पाकिस्तानी अधिकारियों ने मंगलवार को पंजाब प्रांत के पांच लोगों की मौत की पुष्टि की। इसमें कहा गया है कि बुधवार को लापता हुए 35 अन्य नागरिकों के मृत होने की आशंका है। इस बीच, संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) ने पंजाब के लोगों को लीबिया ले जाने में कथित रूप से शामिल संदिग्धों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं, जहां से उन्हें नावों पर यूनान भेजा गया था। खबर में कहा गया है कि नाव दुर्घटना के सिलसिले में अब तक चार लोगों को हिरासत में लिया गया है।

मानव तस्करी की आशंका

इस हादसे की पृष्ठभूमि में, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बुधवार को मानव तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया और पिछले साल पाकिस्तानी नागरिकों से जुड़ी ऐसी घटनाओं पर रिपोर्ट मांगी। शरीफ ने पाकिस्तानी नागरिकों की मौत पर चर्चा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए उल्लेख किया कि पिछले साल इसी क्षेत्र में इसी तरह की घटना में 262 पाकिस्तानी नागरिकों की जान चली गई थी और इस त्रासदी के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई न करने पर नाराजगी जतायी। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की निगरानी के लिए एकीकृत सीमा प्रबंधन प्रणाली (आईबीएमएस) को तत्काल लागू करने का निर्देश भी दिया। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश