1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. Typhoon Bebinca: चीन में 75 साल बाद आई सबसे बड़ी आफत, शंघाई शहर पड़ गया ठप

Typhoon Bebinca: चीन में 75 साल बाद आई सबसे बड़ी आफत, शंघाई शहर पड़ गया ठप

 Published : Sep 16, 2024 01:43 pm IST,  Updated : Sep 16, 2024 01:43 pm IST

चीन के शंघाई शहर में शक्तिशाली तूफान बेबिन्का की वजह से जनजीवन पूरी तरह से ठप हो गया है। लोगों से घरों में रहने की अपील की गई है। बेबिन्का शंघाई में 75 वर्षों में आया सबसे शक्तिशाली तूफान है।

Typhoon In China- India TV Hindi
Typhoon In China Image Source : FILE AP

बीजिंग: चीन के शंघाई शहर में सोमवार को ‘बेबिन्का’ तूफान ने दस्तक दी जो पिछले 75 साल में शहर में आया सबसे शक्तिशाली तूफान है। इस तूफान के कारण जनजीवन ठप हो गया है। शंघाई की केंद्रीय मौसम विज्ञान वेधशाला ने बताया कि तूफान 42 मीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से चली हवाओं के साथ शंघाई की ‘पुडोंग डिस्ट्रिक्ट’ के लिंगांग इलाके में पहुंचा। शहर प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले ही हजारों राहत एवं बचाव कर्मियों को तैनात किया है। बेबिन्का शंघाई में 75 वर्षों में आया सबसे शक्तिशाली तूफान माना जा रहा है। यह इस साल चीन में आया 13वां तूफान है।

कैसे हैं हालात

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ ने बताया कि राज्य बाढ़ नियंत्रण एवं सूखा राहत मुख्यालय ने रविवार को चीन के पूर्वी अन्हुई प्रांत तथा शंघाई और झेजियांग के लिए राहत उपाय बढ़ाए हैं। बेबिन्का के कारण शंघाई में विमान सेवाएं रद्द कर दी गई हैं। शंघाई रेलवे स्टेशन ने रविवार से सोमवार तक शहर से गुजरने वाले कई मार्गों पर यात्री ट्रेन निलंबित करने की घोषणा की है। हांगकांग स्थित ‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ ने बताया कि रविवार तक 2.5 करोड़ की आबादी वाले इस विशाल शहर से 4,14,000 से अधिक लोगों को अन्य स्थानों पर ले जाया गया और शहर में सभी राजमार्गों को बंद कर दिया गया है। 

China Typhoon Bebinca
Image Source : FILE APChina Typhoon Bebinca

चीन की सरकार ने उठाए कदम

चीन की सरकार ने भी तूफान से निपटने के लिए तैयारी की हुई है। शंघाई में हजारों की संख्या में राहत और बचाव कर्मियों की तैनाती की है और साथ ही कई जगहों पर राहत कैंप लगाए गए हैं, जहां आपात स्थिति में लोग शरण ले सकते हैं। चीन में इन दिनों त्योहारों की छुट्टियां चल रही हैं। ऐसे में सरकार ने लोगों से घरों के भीतर रहने की सलाह दी है। तूफान के चलते शंघाई के कई रिजॉर्ट, एम्यूजमेंट पार्क और पर्यटक स्थलों को बंद कर दिया गया है। एयरपोर्ट्स पर बड़ी संख्या में फ्लाइट्स रद्द होने की वजह से यात्रियों के ठहरने का इंतजाम किया गया है। (भाषा)

यह भी पढ़ें:

करोड़ों साल पहले पृथ्वी के पास भी रहा होगा शनि ग्रह की तरह छल्ला, अब सुलझ सकती हैं कई पहेलियां

अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में गांजा बना मुद्दा, आखिर क्यों इसे लीगल करना चाहते हैं ट्रंप और कमला?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश