1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. चीन ने अमेरिकी टैरिफ अपील पर दी प्रतिक्रिया, चेतावनी देते हुए कहा- 'धौंस जमाने...'

चीन ने अमेरिकी टैरिफ अपील पर दी प्रतिक्रिया, चेतावनी देते हुए कहा- 'धौंस जमाने...'

 Published : Sep 15, 2025 05:00 pm IST,  Updated : Sep 15, 2025 05:00 pm IST

अमेरिका के टैरिफ वॉर पर चीन की ओर से तीखी प्रतिक्रिया दी गई है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने है कि दबाव और धौंस से समस्याओं का हल नहीं निकला जा सकता है।

चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान- India TV Hindi
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान Image Source : AP

बीजिंग: चीन ने अमेरिका द्वारा G7 और नाटो देशों से अपने ऊपर और रूस से तेल खरीद रहे अन्य देशों पर शुल्क लगाने की अपील को एक पक्षीय तरीके से 'धौंस जमाने' और 'आर्थिक दवाब' बनाने का कृत्य करार दिया। चीन ने चेतावनी भी दी है कि यदि अमेरिका की इस अपील पर अमल किया गया तो वह जवाबी कदम उठाएगा। चीन की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है जब सोमवार को स्पेन में आर्थिक और व्यापारिक मुद्दों पर अमेरिका और चीन के प्रतिनिधिमंडल दूसरी बार बैठक कर रहे हैं। 

क्या बोले चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता?

एक नियमित प्रेस वार्ता में चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने कहा, ‘‘रूस समेत दुनिया भर के देशों के साथ चीन का सामान्य आर्थिक और ऊर्जा सहयोग पूरी तरह वैध, कानून के अनुरूप है और इसमें कुछ गलत नहीं है।” प्रवक्ता से इन खबरों के बारे में पूछा गया था कि अमेरिका ने G7 और नाटो देशों से चीन पर अतिरिक्त शुल्क लगाने की अपील की है क्योंकि वह रूस से तेल खरीद रहा है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए लिन जियान ने कहा, ‘‘यह अमेरिका का आर्थिक दबाव बनाने और एकपक्षीय तरीके से धौंस दिखाने वाला कदम है, जो अंतरराष्ट्रीय व्यापार नियमों को कमजोर करता है और वैश्विक उद्योग व आपूर्ति शृंखलाओं की सुरक्षा और स्थिरता को खतरे में डालता है।” 

'दबाव और धौंस से हल नहीं होती हैं समस्याएं'

लिन जियान ने कहा, ‘‘दबाव और धौंस से समस्याओं का हल नहीं निकलता। यूक्रेन संकट को लेकर चीन का रुख स्पष्ट और स्थिर है, समाधान सिर्फ संवाद और समझौते से ही संभव है।’’ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा था कि यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए नाटो देशों को चीन पर 50 से 100 प्रतिशत तक का टैक्स लगाना चाहिए और रूस से तेल खरीदना बंद कर देना चाहिए। 

G7 और नाटो के बारे में जानें

G7 विश्व की सात प्रमुख विकसित और औद्योगिक शक्तियों का एक समूह है जिसमें अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली और जापान शामिल हैं। उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) एक सैन्य गठबंधन है, जिसमें प्रमुख पश्चिमी देशों ने मिलकर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समझौता किया है और इसमें अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली समेत 30 सदस्य देश हैं। (भाषा)

यह भी पढ़ें:

India और US के बीच टैरिफ पर होगी बात, भारत आ रहे हैं अमेरिकी वार्ताकार

भारत के साथ रिश्तों पर रूस ने दिया बड़ा बयान, कहा- 'संबंधों को नुकसान पहुंचाने की हर कोशिश होगी नाकाम'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश