1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. कोरोना वायरस: चीन में डेल्टा का नया AY.4 वेरिएंट मिला, 100 से ज्यादा लोग संक्रमित

कोरोना वायरस: चीन में डेल्टा का नया AY.4 वेरिएंट मिला, 100 से ज्यादा लोग संक्रमित

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 13, 2021 06:03 pm IST,  Updated : Dec 13, 2021 06:03 pm IST

सरकारी ‘सीजीटीएन-टीवी’ की खबर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के आंकड़ों के हवाले से कहा गया कि चीन में रविवार को कोविड-19 के 101 मामले सामने आए। नए 101 मामलों में से 17 लोगों को ही संक्रमण के लक्षण थे। 

कोरोना वायरस: चीन में डेल्टा का नया AY.4 वेरिएंट मिला, 100 से ज्यादा लोग संक्रमित- India TV Hindi
कोरोना वायरस: चीन में डेल्टा का नया AY.4 वेरिएंट मिला, 100 से ज्यादा लोग संक्रमित Image Source : AP

Highlights

  • चीन में कोरोना के डेल्टा वेरिएंट के उप वंश AY.4 से संक्रमित लोग मिले
  • झेजियांग प्रांत में 138 लोगों में हुई डेल्टा AY.4 की पुष्टि
  • पूर्वी प्रांत के लाखों लोगों के बाहर यात्रा करने पर लगी रोक

बीजिंग: चीन के झेजियांग प्रांत में हाल ही में कोविड-19 के 138 मामले सामने आए हैं। ये सभी लोग कोरोना वायरस के डेल्टा वेरिएंट के उप वंश एवाई.4 से संक्रमित हैं। इसके मद्देनजर अधिकारियों ने पूर्वी प्रांत के लाखों लोगों के बाहर यात्रा करने पर रोक लगा दी है। सरकारी ‘सीजीटीएन-टीवी’ की खबर के अनुसार, चीन में पहली बार ‘डेल्टा’ स्वरूप के नए उप वंश के मामले सामने आए हैं। सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ ने रविवार को अपनी एक खबर में बताया कि झेजियांग प्रांत में पांच से 12 दिसंबर के बीच कोविड-19 के 138 मामले सामने आए। 

प्रांतीय मुख्यालय हांगझोऊ से रविवार को आई एक खबर में बताया गया कि झेजियांग में सामने आए 138 मामलों में से निंग्बो में 11, शाओक्सिंग में 77 और प्रांतीय राजधानी हांगझोऊ में 17 मामले सामने आए। खबर में, रोग नियंत्रण एवं रोकथाम के झेजियांग प्रांतीय केन्द्र के एक अधिकारी के हवाले से कहा गया कि पूर्ण जीनोम अनुक्रमण और विश्लेषण के बाद पता चला है, ये सभी कोरोना वायरस के ‘डेल्टा’ स्वरूप के उप वंश एवाई.4 से संक्रमित हैं। इसे अधिक संक्रामक और मूल कोरोना वायरस से अधिक ‘वायरल लोड’ वाला बताया गया है। 

स्थानीय अधिकारियों ने एहतियाती कदम उठाते हुए जनसभाओं और यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिए हैं। प्रांत की आबादी करीब 6.46 करोड़ है। सरकारी ‘सीजीटीएन-टीवी’ की खबर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के आंकड़ों के हवाले से कहा गया कि चीन में रविवार को कोविड-19 के 101 मामले सामने आए। नए 101 मामलों में से 17 लोगों को ही संक्रमण के लक्षण थे।

आयोग ने बताया कि सोमवार को सामने आए 80 मामलों में से 74 झेजियांग, पांच इनर मंगोलिया और एक शानक्सी प्रांत में सामने आए। आयोग के अनुसार, देश में अभी तक कोविड-19 के 99,780 मामले सामने आ चुके हैं और संक्रमण से 4,636 लोगों की मौत हुई है। देश में अभी 1,381 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जिनमें से 27 लोगों की हालत गंभीर है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश