दुनियाभर के विभिन्न देशों में आज के समय भूकंप की घटनाएं आम होती जा रही हैं। लगातार आते इन भूकंप के झटकों ने लोगों के मन में खौफ को भर दिया है। भारत और इसके आस-पास भी कई देशों लगातार भूकंप की घटनाएं सामने आ रही हैं। हाल ही म्यांमार में आए भूकंप को कौन ही भूल सकता है जिसमें हजारों लोगों की जान चली गई थी। इसी क्रम में भूकंप का ताजा मामला भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान से सामने आया है। यहां कराची शहर में लगातार तीन बार लोगों को भूकंप के झटके महसूस हुए हैं।
कितनी रही सभी भूकंप की तीव्रता?
पाकिस्तान के मौसम विज्ञान विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, रविवार को भूकंप का पहला झटका कराची के गदप शहर के पास देर रात 1 बजकर 5 मिनट पर लगा जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.2 मापी गई। वहीं, भूकंप का दूसरा झटका भी इसी क्षेत्र में देर रात में आया। इस भूकंप की तीव्रता तीव्रता 3.6 मापी गई। इसके बाद भूकंप का तीसरा झटका कराची के घनी आबादी वाले कायदाबाद में आया। इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.2 मापी गई।
कराची में भूकंप आना क्यों है संकट की बात?
कराची पाकिस्तान के सिंध प्रांत का बड़ा शहर है। ये पाकिस्तान के कुछ गिने-चुने बड़े शहरों में आता है और यहां बड़ी आबदी भी रहती है। इस कारण कराची में रविवार को देर रात भूकंप के तीन झटके महसूस होना बड़ी बात मानी जा रही है। हालांकि, इन भूकंप की तीव्रता हल्की देखने को मिली है। अधिकारियों ने बताया है कि इस भूकंप के कारण अब तक किसी तरह के बड़े नुकसान या जान-माल की हानि की सूचना सामने नहीं आई है।
क्या है भूकंप आने का कारण?
वैज्ञानिकों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, टेक्टॉनिक प्लेटों के टकराने के कारण ऐसी कम तीव्रता वाले भूकंप की घटनाएं सामने आई हैं। आपको बता दें कि पृथ्वी के अंदर कुल 7 टेक्टोनिक प्लेट्स मौजूद रहती हैं। ये सभी 7 टेक्टोनिक प्लेटें अपनी जगह पर लगातार घूमती रहती हैं। लेकिन, कई बार घूमने के दौरान ये टेक्टोनिक प्लेटें फॉल्ट लाइन पर टकरा जाती हैं। इनके टकराने से जो घर्षण पैदा होता उससे ऊर्जा उत्पन्न होती है जो कि बाहर निकलने का रास्ता खोजती हैं। यही कारण है कि धरती पर भूकंप के झटके महसूस होते रहते हैं। (इनपुट: भाषा)
ये भी पढे़ं- क्वेटा में पाकिस्तानी सेना के एजेंट बाबुल मोहम्मद हसनी को मार गिराने का दावा, BLA के लड़ाकों ने किया ढेर