1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इंडोनेशिया के पश्चिमी इलाके में भूकंप के तेज झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 6.2 मापी गई

इंडोनेशिया के पश्चिमी इलाके में भूकंप के तेज झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 6.2 मापी गई

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 25, 2022 12:28 pm IST,  Updated : Feb 25, 2022 01:07 pm IST

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण विभाग के मुताबिक रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.2 मापी गई।

Earthquake- India TV Hindi
Earthquake Image Source : PTI/FILE

Highlights

  • भूकंप से लोग घबराकर घरों से बाहर निकले
  • कई लोगों के घायल होने की खबर

जकार्ता: इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप के तटीय इलाकों में शुक्रवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप के यह झटके मलेशिया और सिंगापुर में भी महसूस किए गए। भूकंप के कारण इमारतों को नुकसान पहुंचा है और कई लोगों के घायल होने की सूचना है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण विभाग के मुताबिक, रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.2 मापी गई। भूकंप का केंद्र पश्चिम सुमात्रा प्रांत के पहाड़ी शहर बुकिटिंग्गी के उत्तर-उत्तर पश्चिम में 66 किलोमीटर दूर 12 किलोमीटर की गहराई पर था। 

इंडोनेशिया की मौसम एवं जलवायु विज्ञान और भूभौतिकीय एजेंसी की प्रमुख द्विकोरिता कर्णावती ने कहा कि भूकंप के कारण सुनामी का कोई खतरा नहीं है, लेकिन उन्होंने भूकंप के बाद और झटकों की चेतावनी दी है। टेलीविज़न की खबरों में पश्चिमी सुमात्रा प्रांत की राजधानी पडांग में सड़कों पर घबरा कर भागते हुए लोगों को दिखाया गया। पश्चिम पासामन जिले के एक अस्पताल से मरीजों को बाहर निकालते हुए भी दिखाया गया। पड़ोसी देश मलेशिया और सिंगापुर में भी लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए। 

सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में दिखाया गया है कि कुआलालम्पुर में गगनचुंबी इमारतों के कुछ सेकंड तक हिलने के बाद निवासी सड़कों पर इकट्ठा हो गए। चश्मदीदों ने अपने दरवाजे और कुर्सियों को हिलते हुए और दीवारों पर लगी तस्वीरों और पेंटिंग्स को भी हिलते हुए देखा। 

पश्चिमी पासामन के जिला प्रमुख हमसुआर्डी ने कहा कि शुक्रवार को आए भूकंप से दर्जनों मकानों और इमारतों को क्षति पहुंची और कई लोग घायल हो गए, लेकिन किसी के मारे जाने की खबर नहीं है। गौरतलब है कि जनवरी 2021 में इंडोनेशिया के पश्चिम सुलावेसी प्रांत में आए 6.2 तीव्रता के भूकंप के कारण कम से कम 105 लोगों की मौत हो गयी थी जबकि करीब 6500 लोग घायल हो गए थे। 

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश