पाकिस्तान ने सुरक्षा का हवाला देते हुए मई महीने के दौरान कराची और लाहौर के कुछ हिस्सों के हवाई क्षेत्र को हर दिन सीमित समय के लिए बंद करने की घोषणा की है। यह निर्णय पाकिस्तान और इस्लामाबाद के बीच बढ़ते तनाव के बीच लिया गया है।
विमानन अधिकारियों की ओर से ये घोषणा पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद पाकिस्तान और इस्लामाबाद के बीच बढ़े तनाव एवं नई दिल्ली द्वारा जवाबी कार्रवाई की आशंका के बीच की गई है।
कब से कब तक रहेगा बंद?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (CAA) ने एक आधिकारिक नोटिस जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि मई 1 से लेकर मई 31 तक कराची और लाहौर के फ्लाइट इंफॉर्मेशन रीजन के कुछ हिस्से स्थानीय समय के अनुसार, सुबह 4:00 बजे से 8:00 बजे तक बंद रहेंगे।
नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (CAA) ने कहा कि बंद होने से वाणिज्यिक उड़ानों के संचालन में कोई खास बाधा नहीं आएगी, क्योंकि प्रतिबंधित घंटों के दौरान विमानों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
अटारी-वाघा बॉर्डर पूरी तरह बंद
वहीं, केंद्र सरकार द्वारा शॉर्ट टर्म वीजा वाले सभी पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने का आदेश दिए जाने के बाद दोनों देशों के बीच अटारी-वाघा सीमा पारगमन स्थल को गुरुवार को पूरी तरह से बंद कर दिया गया। इसे सीमा पार करने के लिए एक सप्ताह तक चली लोगों की भारी आवाजाही के बाद बंद किया गया है।
बुधवार को अटारी-वाघा सीमा के जरिए कुल 125 पाकिस्तानी नागरिक भारत से वापस पाकिस्तान चले गए, जिससे पिछले सात दिनों में देश छोड़ने वाले पाकिस्तानियों की कुल संख्या 911 है। बुधवार को पाकिस्तानी वीजा वाले 15 भारतीय नागरिक भी पाकिस्तान चले गए, जिससे ऐसे लोगों की कुल संख्या 23 हो गई।
इसी प्रकार, दीर्घकालिक भारतीय वीजा वाले 152 भारतीय नागरिक और 73 पाकिस्तानी नागरिक पंजाब के अमृतसर जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करके भारत में प्रवेश कर चुके हैं, जिससे ऐसे लोगों की कुल संख्या क्रमशः 1,617 और 224 हो गई है। केंद्र ने 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में पाकिस्तानी आतंकवादियों द्वारा 26 लोगों (जिनमें अधिकतर पर्यटक थे) की हत्या के बाद पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने का आदेश दिया था। (इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें-
'हर आतंकी को चुन-चुनकर मारेंगे, किसी को बख्शा नहीं जाएगा', अमित शाह ने पाकिस्तान को दी चेतावनी