Thailand Hungry Elephant Video: थाईलैंड से एक हैरान कर देने वाला वाकया सामने आया है। यहां एक भूखे जंगली हाथी ने उत्पात मचाया और अचानक एक ग्रॉसरी स्टोर (किराना दुकान) में घुस आया। यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है।
खाने की तलाश में था हाथी
घटना थाईलैंड के एक ग्रामीण इलाके की बताई जा रही है, जहां पास ही जंगल है और अक्सर जंगली जानवर दिखाई देते हैं। बताया जा रहा है कि यह हाथी भोजन की तलाश में भटकता हुआ गांव तक आ गया और फिर एक खुले ग्रॉसरी स्टोर में घुस गया। हाथी ने स्टोर में रखे कई सामान बिखेर दिए और खासकर खाने-पीने की चीजों को चट कर गया।
देखें हाथी का VIDEO
हाथी ने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया
हाथी जिस समय ग्रॉसरी स्टोर में घुसा तो दुकानदार और ग्राहक डर की वजह से दुकान से बाहर भाग गए। हालांकि, हाथी ने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया। लोगों ने स्थानीय वन विभाग की टीम को सूचना दी जिसके बाद दल मौके पर पहुंचा और फिर सावधानी से हाथी को जंगल की ओर वापस ले जाया गया।
वन विभाग ने क्या कहा?
वन विभाग का कहना है कि गर्मियों के समय पर जंगलों में पानी और खाने की कमी के कारण जानवर अक्सर आबादी वाले इलाकों में आ जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसे समय में जानवरों को परेशान ना करें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। वैसे देखा जाए तो थाईलैंड में हुई यह घटना इस ओर इशारा करती है कि वनों की कटाई और प्राकृतिक संसाधनों की कमी के नतीजे कैसे हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें:
न्यूजीलैंड की महिला सांसद ने पार्लियामेंट में दिखा दी अपनी ही AI जनरेटेड न्यूड फोटो, इसके पीछे का कारण जान लीजिए