1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इमरान खान ने फिर दिखाये तेवर, पाकिस्तान सरकार के साथ बातचीत की संभावना को कर दिया खारिज

इमरान खान ने फिर दिखाये तेवर, पाकिस्तान सरकार के साथ बातचीत की संभावना को कर दिया खारिज

 Published : Feb 09, 2025 07:43 pm IST,  Updated : Feb 09, 2025 07:43 pm IST

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने सरकार के साथ बातचीत करने से इनकार कर दिया है। इससे सरकार और इमरान के बीच छिड़ी जंग के थमने की उम्मीदें भी खत्म हो गई हैं।

इमरान खान, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री। - India TV Hindi
इमरान खान, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री। Image Source : AP

इस्लामाबाद: जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने शहबाज शरीफ की सरकार से बातचीत करने से इनकार कर दिया है। इससे सरकार और इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के के बीच सुलह की गुंजाइशें खत्म हो गई हैं। पीटीआई के नेता उमर अयूब खान ने पार्टी और सरकार के बीच बातचीत फिर से शुरू होने की संभावना से इनकार किया है। रविवार को मीडिया की एक रिपोर्ट से यह जानकारी मिली।

नेशनल असेंबली में पीटीआई के नेता अयूब ने शनिवार को एक चैनल से कहा, ‘‘वार्ता का अध्याय अब बंद हो चुका है।’’ अयूब ने कहा कि राजनीतिक वार्ता केवल इच्छाओं पर आधारित नहीं है बल्कि इसके लिए दृढ़ प्रतिबद्धता की आवश्यकता होती है और सरकार ऐसा प्रदर्शित करने में विफल रही। गठबंधन सरकार के वार्ता के दृष्टिकोण की निंदा करते हुए वरिष्ठ पीटीआई नेता ने कहा कि उनकी पार्टी की समिति ने सद्भावना के साथ चर्चा शुरू की थी। उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, दूसरे पक्ष ने न तो सद्भावना दिखाई और न ही इच्छाशक्ति, जिससे गतिरोध पैदा हुआ।

नौ मई के दंगों पर न्यायिक आयोग बनाने की मांग

’’ अयूब की टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब पीटीआई और सरकार के बीच वार्ता ठप पड़ गई है, जो महीनों के बढ़े हुए राजनीतिक तनाव के बाद दिसंबर के अंत में शुरू हुई थी। पीटीआई ने नौ मई के दंगों और नवंबर 2024 के विरोध प्रदर्शनों की जांच के लिए न्यायिक आयोग बनाने में सरकार की विफलता का हवाला देते हुए चौथे दौर की वार्ता में भाग लेने से इनकार कर दिया है। (भाषा) 

यह भी पढ़ें

"ऑपरेशन डेविल हंट" में बांग्लादेश में गिरफ्तार हुए 40 लोग, जानें पूरा मामला


गाजा से अचानक लौटने लगी इजरायल की सेना, जानें क्या है वजह

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश