1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ईरान ने मार गिराया अमेरिकी फाइटर जेट, एक क्रू मेंबर बचाया गया; दूसरा अब भी लापता

ईरान ने मार गिराया अमेरिकी फाइटर जेट, एक क्रू मेंबर बचाया गया; दूसरा अब भी लापता

 Published : Apr 03, 2026 10:46 pm IST,  Updated : Apr 03, 2026 11:28 pm IST

ईरान ने जंग के बीच अमेरिकी फाइटर जेट मार गिराने का दावा किया है। हालांकि अभी तक यह कंफर्म नहीं है कि गिराया गया विमान F-15E Strike Eagle है या F-35 Lightning II है। बताया जा रहा है कि विमान के एक पायलट को रेस्क्यू कर लिया गया है जबकू दूसरा लापता है।

Iran shoots US fighter jet, F-15E Strike Eagle crash, F-35 Lightning II Iran claim- India TV Hindi
ईरान में अमेरिकी लड़ाकू विमान के मार गिराए जाने की खबरें सामने आई हैं। Image Source : PUBLIC DOMAIN

तेहरान/वॉशिंगटन: ईरान में जारी संघर्ष के बीच एक अमेरिकी लड़ाकू विमान को मार गिराए जाने की खबरें सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पश्चिमी ईरान में गिराए गए इस फाइटर जेट से एक क्रू मेंबर को बचा लिया गया है, जबकि दूसरा अब भी लापता बताया जा रहा है। यह विमान F-15E स्ट्राइक इगल बताया जा रहा है, जिसमें दो लोग सवार होते हैं। हालांकि, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स का दावा है कि गिराया गया विमान पांचवीं पीढ़ी का F-35 लाइटनिंग II था। इस घटना की पुष्टि को लेकर अब भी अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं।

रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो सामने आया

विमान को मार गिराए जाने की खबर सबसे पहले ईरान की तस्नीम न्यूज एजेंसी ने दी थी, जिसके बाद अमेरिकी और इजरायली मीडिया ने भी अधिकारियों के हवाले से इसकी पुष्टि की। अमेरिकी मीडिया के मुताबिक, यह 28 फरवरी से शुरू हुए युद्ध के बाद पहली बार है जब ईरान ने किसी अमेरिकी फाइटर जेट को मार गिराया है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में खुजेस्तान प्रांत के ऊपर एक रिफ्यूलिंग विमान और दो हेलीकॉप्टर नीचे उड़ते दिखे। बताया जा रहा है कि यह वीडियो अमेरिकी सेना द्वारा लापता क्रू मेंबर की तलाश का था। बता दें कि ईरान ने कई अमेरिकी विमानों को मार गिराने का दावा किया है।

पायलट पर 10 लाख तोमान का ईनाम घोषित

ईरान के कोहगिलुयेह और बोयर-अहमद प्रांत के गवर्नर ने कहा है कि उनकी प्राथमिकता जिंदा बचे अमेरिकी क्रू को पकड़ना है। वहीं, ईरानी मीडिया के मुताबिक 'घुसपैठिए' को ढूंढने के लिए 10 अरब तोमान (करीब 60 लाख रुपये) का इनाम भी घोषित किया गया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड सेंटकॉम जल्द ही इस मामले पर आधिकारिक बयान जारी कर सकता है। फिलहाल व्हाइट हाउस ने सिर्फ इतना कहा है कि राष्ट्रपति को इस घटना की जानकारी दे दी गई है।

ईरान ने अमेरिका का हेलीकॉप्टर भी गिराया

ईरान की मीडिया में अमेरिका के एक ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर को मार गिराए जाने की खबर भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि दूसरे F-15E क्रू सदस्य का पता लगाने के लिए बचाव अभियान चलाते समय ईरान के में एक अमेरिकी ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर को भी शायद निशाना बनाया गया हो। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आज जब यह ब्लैक हॉक ईरान से दक्षिणी इराक में दाखिल हुआ, तो उससे धुआं निकलता हुआ देखा गया। हालांकि अभी तक इस खबर के बारे में पुख्ता तौर पर कुछ भी सामने नहीं आया है।

पहले भी गिरे हैं अमेरिकी लड़ाकू विमान

बता दें कि इससे पहले भी इस जंग के दौरान लड़ाकू विमानों के गिरने की खबरें सामने आई हैं। मार्च में कुवैत की एयर डिफेंस द्वारा गलती से 3 अमेरिकी फाइटर जेट गिरा दिए गए थे, हालांकि सभी 6 क्रू मेंबर सुरक्षित बच गए थे। वहीं, पश्चिमी इराक में एक अमेरिकी रिफ्यूलिंग विमान क्रैश होने से 6 सैनिकों की मौत हो गई थी। मानवाधिकार संगठन ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, इस संघर्ष में अब तक ईरान में 1606 नागरिकों की मौत हो चुकी है, जिनमें 244 बच्चे भी शामिल हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश