1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. खामेनेई को अंतिम विदाई देने के लिए उमड़ी लाखों की भीड़, भारत समेत 100 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि हुए शामिल

खामेनेई को अंतिम विदाई देने के लिए उमड़ी लाखों की भीड़, भारत समेत 100 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि हुए शामिल

 Published : Jul 04, 2026 01:50 pm IST,  Updated : Jul 04, 2026 01:50 pm IST

ईरान की राजधानी तेहरान में देश के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में लाखों लोगों और 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की बात कही जा रही है। बता दें कि खामेनेई के साथ इजरायल के हमले में उनके परिवार के कुछ सदस्य भी मारे गए थे।

Iran Supreme Leader, Ayatollah Ali Khamenei Tehran Funeral- India TV Hindi
ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में लाखों लोगों की भीड़ उमड़ी। Image Source : AP

तेहरान: ईरान की राजधानी तेहरान में पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की शुरुआत शनिवार से हुई। समाचार एजेंसियों के अनुसार, अंतिम विदाई समारोह में एक करोड़ से ज्यादा लोगों के शामिल होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 100 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधियों भी समारोह में शामिल होने के लिए पहुंचे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध शुरू होने के दौरान हुए एक हवाई हमले में 86 वर्षीय अयातुल्ला अली खामेनेई और उनके परिवार के कुछ सदस्यों की मौत हो गई थी।

ग्रैंड मोसल्ला में खामेनेई के अंतिम दर्शन

ईरान की राजधानी तेहरान स्थित ग्रैंड मोसल्ला में खामेनेई के पार्थिव शरीर को कांच के ताबूत में रखा गया, जहां बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। कई लोग भावुक होकर रोते नजर आए, जबकि कुछ लोग 'हम सब एक हैं, बदला लेंगे' के नारे लगा रहे थे। कई शोकाकुल लोग बैनर और झंडे लेकर पहुंचे। पूरे तेहरान में खामेनेई की तस्वीर वाले बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए गए हैं। शिया परंपरा के अनुसार कई लोगों ने शोक प्रकट करते हुए अपनी छाती पीटी। 27 साल की हनानेह मौसवी, जो अपनी मां के साथ अंतिम संस्कार में शामिल हुईं, ने कहा,

'मैं अपने प्रिय नेता अली खामेनेई को अंतिम विदाई देने आई हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा दिन देखना पड़ेगा। काश, इस त्रासदी से पहले मेरी ही मौत हो जाती।'

Iran Supreme Leader, Ayatollah Ali Khamenei Tehran Funeral
Image Source : APकई शोकाकुल लोगों समारोह में को रोते हुए भी देखा गया।

परिवार के सदस्यों के ताबूत भी रखे गए

ग्रैंड मोसल्ला में बनाए गए मंच को उसी शैली में तैयार किया गया, जहां खामेनेई पहले अपने भाषण दिया करते थे। यह स्थान कथित तौर पर उस इजरायली हवाई हमले में नष्ट हो गया था, जिसमें उनकी और उनके परिवार के कुछ सदस्यों की मौत हुई थी। खामेनेई के ताबूत के ऊपर उनकी काली पगड़ी रखी गई थी, जिसे पैगंबर मोहम्मद का वंशज होने का प्रतीक माना जाता है। उनके परिवार के अन्य सदस्यों के ताबूत भी वहीं रखे गए।

Iran Supreme Leader, Ayatollah Ali Khamenei Tehran Funeral
Image Source : APखामेनेई के ताबूत के पास ही परिवार के अन्य सदस्यों के ताबूत भी रखे गए थे।

1989 के बाद सबसे बड़ी भीड़ की उम्मीद

ईरानी सरकार को उम्मीद है कि अंतिम संस्कार में लाखों लोग शामिल होंगे। इसे 1989 में अयातुल्ला रुहोल्लाह खोमैनी के अंतिम संस्कार के बाद सबसे बड़ी भीड़ माना जा रहा है। उस समय भी लगभग एक करोड़ लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए थे, हालांकि भगदड़ में कई लोगों की मौत भी हुई थी। भीषण गर्मी को देखते हुए आयोजकों ने लोगों पर पानी का छिड़काव किया और कोल्ड ड्रिंक की व्यवस्था की। तबरिज से लगभग 530 किलोमीटर की यात्रा कर पहुंचे अली काजेमी ने कहा,

'हम अंतिम संस्कार में इसलिए आए हैं ताकि यह दिखा सकें कि हम सभी अपने देश और अपने धर्म की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।'

भारत की ओर से भी गया प्रतिनिधिमंडल

खामेनेई के अंतिम संस्कार में भारत की ओर से बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा शामिल हुए। सैयद अता हसनैन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'आज तेहरान में महामहिम ग्रैंड अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा के साथ भारत का प्रतिनिधित्व किया। हालिया संघर्ष में जान गंवाने वाले सभी लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की।'

अंतिम संस्कार के दौरान हमला नहीं करेगा अमेरिका

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दक्षिण डकोटा के माउंट रशमोर में संबोधन के दौरान कहा, 'हमने ईरान को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया। वे समझौता करना चाहते हैं। हमने अंतिम संस्कार के लिए उन्हें एक सप्ताह का समय दिया, क्योंकि हम अच्छे लोग हैं।' दूसरी ओर, तेहरान में अंतिम संस्कार के दौरान कुछ लोगों के हाथों में "#KillTrump" लिखा हुआ बड़ा बैनर भी देखा गया। वहीं समारोह में 'अमेरिका मुर्दाबाद' के नारे भी लगाए गए, जो 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद से ईरान में अक्सर सुनाई देते रहे हैं।

ran Supreme Leader Funeral, Ayatollah Ali Khamenei Tehran Funeral
Image Source : APतेहरान स्थित ग्रैंड मोसल्ला में खामेनेई के पार्थिव शरीर को कांच के ताबूत में रखा गयाI

आगे का कार्यक्रम और सुरक्षा व्यवस्था

ईरानी अधिकारियों के अनुसार, अंतिम संस्कार कई दिनों तक चलेगा। इसके बाद खामेनेई के पार्थिव शरीर को ईरान के विभिन्न शहरों और पड़ोसी देश इराक भी ले जाया जाएगा। शोक कार्यक्रम के चलते तेहरान की कई सड़कों को बंद कर दिया गया है। हवाई क्षेत्र पर भी पाबंदियां लगाई गई हैं और शहर में सामान्य गतिविधियां प्रभावित हुई हैं।

नए सर्वोच्च नेता को लेकर लगी अटकलें

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह अभी साफ नहीं है कि ईरान के नए सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई अपने पिता के अंतिम संस्कार में सार्वजनिक रूप से शामिल होंगे या नहीं। उनकी दिवंगत पत्नी का ताबूत भी ग्रैंड मोसल्ला में रखा गया है। इस बीच, इजरायल की ओर से मोजतबा खामेनेई को लेकर दी गई कथित धमकियों के बाद ईरान के संयुक्त सैन्य कमान ने इजरायल और अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा है कि आने वाले दिनों में 'किसी भी तरह के गलत कैलकुलेशन से बचें।'

ये भी पढ़ें: कई महीनों से छिपा था ईरान का ताकतवर जनरल, खामेनेई के अंतिम संस्कार के लिए सामने आया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश