America-Iran Tensions: ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बना हुआ है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ईरान को लगातार धमकी दी जा रही हैं। फिलहाल, अमेरिका और ईरान के बीच जिनेवा में दूसरे दौर की वार्ता हुई है। वार्ता के इस दौर में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई ने अमेरिका और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को धो डाला है। खामेनेई ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक के बाद एक कई पोस्ट किए हैं।
एक पोस्ट में खामेनेई ने कहा, ''अमेरिका के प्रेसिडेंट कहते रहते हैं कि उनके पास दुनिया की सबसे मजबूत मिलिट्री फोर्स है। दुनिया की सबसे मजबूत मिलिट्री फोर्स पर कभी-कभी इतना जोरदार हमला हो सकता है कि वह फिर उठ ना सके।''
एक अन्य पोस्ट में ईरान के सुप्रीम लीडर ने कहा, ''अमेरिकी लगातार कहते हैं कि उन्होंने ईरान की तरफ एक वॉरशिप भेजा है। बेशक, वॉरशिप मिलिट्री हार्डवेयर का एक खतरनाक हिस्सा है। लेकिन, उस वॉरशिप से भी अधिक खतरनाक वह हथियार है जो उस वॉरशिप को समुद्र की गहराई में भेज सकता है।''
खामेनेई इतने पर ही नहीं रुके, एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति कहते हैं कि 47 सालों से, यूनाइटेड स्टेट्स इस्लामिक रिपब्लिक को खत्म नहीं कर पाया है। यह एक अच्छा कन्फेशन है। मैं कहता हूं, "आप भी ऐसा नहीं कर पाएंगे।"
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर अंकुश लगाने के लिए बार-बार सैन्य कार्रवाई की धमकी दी है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि ईरान समझौते पर सहमत नहीं होता, तो गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। ईरान ने स्पष्ट किया है कि किसी भी हमले का वह कड़ा जवाब देगा। ट्रंप ने हाल ही में ईरान में हुए देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों पर खामेनेई सरकार की हिंसक कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। इससे पहले सोमवार को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा था कि अमेरिका को उम्मीद है कि चुनौतियों के बावजूद ईरान के साथ एक समझौता हो सकेगा, हालांकि उन्होंने इसे आसान नहीं बताया।
यह भी पढ़ें:
क्या शुरू होगी जंग? ईरान ने होर्मुज के क्षेत्र में दागी मिसाइलें, अमेरिका ने भेज दी है बड़ी सेना
'एपस्टीन ने मेरे खिलाफ काम किया, नहीं चाहता था कि मैं राष्ट्रपति बनूं', डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा
संपादक की पसंद