1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई का बड़ा बयान, कहा-'अमेरिका नहीं है भरोसेमंद; अब वक्त है कि मुस्लिम देश साथ खड़े हों'

ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई का बड़ा बयान, कहा-'अमेरिका नहीं है भरोसेमंद; अब वक्त है कि मुस्लिम देश साथ खड़े हों'

 Published : Sep 11, 2025 09:01 am IST,  Updated : Sep 11, 2025 10:49 am IST

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई ने अमेरिका और इजरायल को लेकर सनसनीखेज बयान जारी किया है। उन्होंने दुनिया के सभी मुस्लिम राष्ट्रों से अब एकुजट होने की अपील की है।

अयातुल्ला अली खामेनेई, ईरान के सुप्रीम लीडर- India TV Hindi
अयातुल्ला अली खामेनेई, ईरान के सुप्रीम लीडर Image Source : AP

तेहरानः ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामनेई का बड़ा बयान सामने आया है। यह बयान उन्होंने तब दिया है, जब इजरायल ने 2 दिन पहले कतर की राजधानी दोहा और उसके बाद यमन की राजधानी सना पर बड़ा हमला किया है। खामेनेई ने अमेरिका और इजरायल के खिलाफ दुनिया भर के मुस्लिम देशों को आगाह करते हुए अब एकजुट होकर साथ खड़े होने की सलाह दी है।

 

खामेनेई ने लिखी ये पोस्ट

 

खामेनेई ने एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखा, "क्षेत्रीय सरकारों को यह समझ लेना चाहिए कि अमेरिका भरोसेमंद नहीं है और वह केवल उन्हें (मुस्लिम राष्ट्रों को) ज़ायोनिस्ट शासन को बनाए रखने और क्षेत्र में अपने साम्राज्यवादी हितों को सुरक्षित रखने के उपकरण के रूप में देखता है। अमेरिका उनके धन और सैनिक बल का उपयोग अपने स्वार्थों के लिए करता है। क्षेत्र की समस्याओं का समाधान राष्ट्रों की एकता, मुस्लिम सरकारों के सहयोग और साम्राज्यवादी उद्देश्यों के खिलाफ दृढ़ता से खड़े होने में है।"

 

खामेनेई ने मुस्लिम राष्ट्रों को एकजुट होने की अपील की

 

ईरान के सुप्रीम लीडर ने ऐसे में अब सभी मुस्लिम राष्ट्रों को अमेरिका की चाल समझकर एकसाथ खड़े होने की अपील की है। ताकि अमेरिका की चाल और इजरायल के हमले से निपटा जा सके। इससे पहले अमेरिका और इजरायल ने मिलकर तेहरान के 3 परमाणु ठिकानों को बमबारी से उड़ा दिया था। अमेरिका ने ईरान के भूमिगत परमाणु ठिकानों पर हमले के लिए बी-2 स्टील्थ बाम्बरों का इस्तेमाल किया था, जिनकी क्षमता करीब 200 फीट गहराई में जाकर ढांचों को तहस-नहस करने की है।

 

इजरायल ने 2 दिन पहले कतर पर किया था बड़ा हमला

 

खामेनेई का यह बयान तब आया है, जब अभी 2 दिन पहले ही इजरायल ने कतर की राजधानी दोहा में बड़ा हवाई हमला कर दिया था। इजरायल का कहना था कि उसने हमास नेताओं को निशाना बनाकर यह हमला किया था। हमास के कुछ टॉप लीडर दोहा में इजरायल के खिलाफ रणनीति बनाने को लेकर बैठक कर रहे थे। इसी दौरान इजरायली सेना ने खुफिया जानकारी के आधार पर दोहा के इस बैठक स्थल पर हमला कर दिया। हमास ने बाद में बताया कि इसमें उसके 5 सदस्य मारे गए, लेकिन मुख्य लीडर के सुरक्षित होने का दावा किया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश