1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ईरान ने होर्मुज में दो टैंकरों पर किया मिसाइल से हमला, 1 भारतीय की मौत, 9 अन्य घायल

ईरान ने होर्मुज में दो टैंकरों पर किया मिसाइल से हमला, 1 भारतीय की मौत, 9 अन्य घायल

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jul 14, 2026 06:12 am IST,  Updated : Jul 15, 2026 03:03 pm IST

यूएई के रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी है कि ईरान द्वारा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में उसके दो तेल टैंकरों पर हमला किया गया है जिसमें एक भारतीय क्रू की मौत हो गई है। इसके अलावा इस हमले में 9 भारतीय घायल भी हो गए हैं।

iran attack hormuz indian died- India TV Hindi
सांकेतिक फोटो। Image Source : AP

मिडिल ईस्ट एक बार फिर से जंग की आग में जल रहा है। अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर खत्म हो गया है और दोनों देशों ने एक दूसरे के ठिकानों पर दोबारा से हमले शुरू कर दिए हैं। जंग का असर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर फिर से पड़ने लगा है। इस बीच ईरान ने होर्मुज में तेल टैंकरों पर हमला किया है। जानकारी के मुताबिक, ईरान के मिसाइल के हमले में एक भारतीय नागरिक की भी मौत हो गई है। यूएई के रक्षा मंत्रालय ने इस बारे में जानकारी दी है।

कैसे हुई भारतीय नागरिक की मौत

यूएई के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि ईरानी क्रूज मिसाइलों ने उनके जहाजों को निशाना बनाया है। यूएई के मुताबिक ईरान की मिसाइलों ने साउथ चैनल में UAE के दो टैंकरों पर हमला किया जिसमें एक नाविक की मौत हो गई। UAE रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ईरानी क्रूज मिसाइलों ने ओमान के समुद्री इलाके में दक्षिणी लेन से गुजर रहे 'मोम्बासा' और 'बाहिया' नाम के टैंकरों को निशाना बनाया। इस हमले में एमटी अल बहियाह पर मौजूद क्रू के एक भारतीय सदस्य की मौत हो गई। वहीं, एमटी मोम्बासा पर 9 भारतीय नाविक घायल हुए, जिनमें 2 की हालत गंभीर बताई गई है। दोनों जहाजों के कुल 46 लोगों के दल में 30 भारतीय नाविक शामिल थे।

 

हमारे पास जवाब देने का अधिकार- UAE

जानकारी के मुताबिक, ईरान के हमले में दोनों टैंकरों में आग लग गई जिससे उन्हें नुकसान पहुंचा, हालांकि बाद में आग पर काबू पा लिया गया। यूएई के रक्षा मंत्रालय ने इस हमले की निंदा की है और इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताया है, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता को खतरा है। आपको बता दें कि इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया था कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का गार्जियन अब अमेरिका है। उन्होंने ये भी कहा है जहाजों की सुरक्षा के एवज में अमेरिका 20 फीसदी का 'सुरक्षा शुल्क' भी वसूलेगा।

यूएई ने कहा है कि उसके पास इस तनावपूर्ण स्थिति का जवाब देने और अपने इलाके, नागरिकों और निवासियों की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाने का पूरा अधिकार है। ऐसा करते समय वह अपनी संप्रभुता, सुरक्षा और स्थिरता को बनाए रखेगा और अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करेगा। रक्षा मंत्रालय ने यह भी कहा कि वह किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और देश की सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करने की किसी भी कोशिश का कड़ा जवाब देने के लिए सभी जरूरी कदम उठा रहा है।

ये भी पढ़ें- ईरान पर अमेरिकी हमले दूसरे दिन भी जारी; बमबारी में 2 लोगों की मौत, कई इलाकों में मची तबाही

अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट से ईरानी नियंत्रण खत्म करने का किया दावा, जॉर्डन ने मार गिराई ईरान की चार मिसाइलें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश