1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ईरान में मारा गया इजराइल का सबसे बड़ा दुश्मन इस्माइल हानिया, जानिए हमास ने क्या कहा?

ईरान में मारा गया इजराइल का सबसे बड़ा दुश्मन इस्माइल हानिया, जानिए हमास ने क्या कहा?

 Published : Jul 31, 2024 12:48 pm IST,  Updated : Jul 31, 2024 12:48 pm IST

हमास चीफ इस्माइल हानिया की ईरान में हत्या कर दी गई है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने इस बात की पुष्टि की है। इस बीच हमास की तरफ से इस्माइल हानिया को शहीद घोषित किया गया है।

Hamas- India TV Hindi
Hamas Image Source : FILE REUTERS

बेरूत: ईरान के नए राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के बाद हमास नेता इस्माइल हानिया की हत्या कर दी गई। ईरान और आतंकी संगठन हमास ने बुधवार तड़के यह जानकारी दी। हमास ने अपने राजनीतिक ब्यूरो के प्रमुख की मौत के लिए इजराइल के हवाई हमले को जिम्मेदार ठहराया। वहीं, ईरान के अर्धसैनिक बल ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ ने कहा कि वह हानिया की हत्या की जांच कर रहा है। उसने यह नहीं बताया कि हत्या कैसे हुई और हानिया को किसने मारा। फिलहाल, किसी ने भी हत्या की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन इसका शक इजराइल पर है। इजराइल ने अभी इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

'घोषित किया गया शहीद'

हमास ने बताया कि हानिया संगठन के अन्य अधिकारियों, हिजबुल्ला तथा सहयोगी समूहों के अन्य अधिकारियों के साथ ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने के लिए तेहरान में था। उसने बताया कि हानिया तेहरान में अपने आवास पर यहूदी हवाई हमले में मारा गया। हमास ने एक बयान में कहा, ‘‘हमास फलस्तीन के महान लोगों और अरब तथा इस्लामिक देशों के लोगों तथा दुनियाभर के सभी आजाद लोगों के लिए भाई इस्माइल हानिया को शहीद घोषित करता है।’’ वेस्ट बैंक में फलस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने हानिया की हत्या को निंदनीय बताते हुए इसे ‘‘कायरतापूर्ण कृत्य और खतरनाक घटनाक्रम’’ बताया। हानिया ने 2019 में गाजा पट्टी छोड़ दी थी और कतर में निर्वासन में रह रहा था। 

 इस्माइल हानिया
Image Source : FILE इस्माइल हानिया

इजराइल में हुआ था आतंकी हमला

गाजा में हमास का शीर्ष नेता येह्या सिनवार है, जिसने सात अक्टूबर को इजराइल पर हमले की साजिश रची थी। इस हमले में 1,200 लोग मारे गए थे और करीब 250 लोगों को बंधक बना लिया गया था। अप्रैल में गाजा में इजराइल के हवाई हमले में हानिया के तीन बेटे और चार पोते-पोती मारे गए थे। हानिया की हत्या ऐसे वक्त में हुई है, जब अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन का प्रशासन हमास और इजराइल को एक अस्थायी संघर्ष विराम और बंधकों की रिहाई संबंधी समझौते पर राजी करने का प्रयास कर रहा है। (एपी) 

यह भी पढ़ें:

कौन था इस्माइल हानिया, जिसे अमेरिका ने घोषित किया था आतंकवादी? PM रहा शख्स कैसे बना मोस्ट वांटेड

इजराइल ने लिया बदला, मारा गया हमास चीफ इस्माइल हानिया; ईरान में हुई हत्या

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश