Israel Iran US War Live Update: ईरान-अमेरिका में दूसरे दौर की वार्ता को लेकर अब भी संशय बरकरार है। ईरान में मस्लहत-ए-निजाम परिषद के चेयरमैन आयतुल्लाह सादिक लारिजानी ने कहा है कि मूर्ख अमेरिकी राष्ट्रपति बार-बार की अपनी असफलताओं, बढ़ते अंतरविरोधों और अपने सैन्य कमांडरों के बीच हो रहे अजीब घमासान को छिपाने की कोशिश में अब ईरानी अधिकारियों के बीच फूट डालने का सहारा ले रहा है।
ईरान की सेना आईआरजीसी के खुफिया संगठन ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ईरान में विभाजन की बात करते हैं, लेकिन 50 दिनों के युद्ध के दौरान उनकी लोकप्रियता घटकर 35% रह गई है। उनके छह राजनीतिक और सुरक्षा अधिकारियों के साथ-साथ 20 सैन्य जनरलों ने इस्तीफा दे दिया है।
ईरान और अमेरिका के बीच दूसरे दौर की शांति वार्ता फंसी हुई है। लिहाजा सीजफायर टूटने का खतरा बढ़ गया है। अमेरिका का प्लान है कि अगर सीजफायर फेल हुआ तो वह होर्मुज में ईरान के सैन्य ठिकानों पर हमले करने की तैयारी कर रहा है। सीएनएन के हवाले यह रिपोर्ट दी गई है।
इधर इजरायली सेना ने गाजा पर हमला कर दिया है। इसमें कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई है।
इस बीच भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों को ईरान की यात्रा नहीं करने की एडवाइजरी दी है।
इधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मैं वार्ता को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं करूंगा। ट्रंप ने कहा, "मैं खुद को जल्दबाजी में नहीं डालना चाहता।" उन्होंने यह भी कहा कि ईरान की नेतृत्व व्यवस्था "अंदरूनी उथल-पुथल" में फंसी हुई है। ट्रंप ने ओवल ऑफिस में रिपोर्टरों से बातचीत करते हुए उन सवालों को खारिज किया कि संघर्ष उनके और उनके सहयोगियों द्वारा पहले तय किए गए चार से छह हफ्ते के समयसीमा से आगे बढ़ रहा है।
ट्रंप ने कहा, "मैंने पहले चार हफ्तों में ही ईरान को सैन्य रूप से पूरी तरह हरा दिया था। मैंने उसे सैन्य रूप से बाहर कर दिया। अब हम बस पीछे बैठकर देख रहे हैं कि क्या डील होती है। अगर वे डील नहीं करना चाहते, तो मैं इसे सैन्य रूप से खत्म कर दूंगा।