1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. Israel US Iran War Updates LIVE: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से फिर 2 भारतीय LPG टैंकर निकलने के करीब

Israel US Iran War Updates LIVE: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से फिर 2 भारतीय LPG टैंकर निकलने के करीब

 Updated : Mar 21, 2026 10:46 am IST

Israel US Iran War Updates: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध के 21 दिन हो गए हैं। अमेरिका मध्य पूर्व में 3 अतिरिक्त युद्धपोत और लगभग 2,500 मरीन तैनात कर रहा है। इस बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से 2 भारतीय एलपीजी टैंकर वहां से निकलने के करीब हैं।

येरूशलम के पवित्र धर्म स्थल के पास गिरी ईरानी मिसाइल।- India TV Hindi
येरूशलम के पवित्र धर्म स्थल के पास गिरी ईरानी मिसाइल। Image Source : X@IDF

Israel US Iran War Update LIVE: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जंग 21 दिनों से जारी है। जंग में दोनों ओर से ताबड़तोड़ हमले किए जा रहे हैं। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले तेल टैंकरों और जहाजों को ईरान लगातार निशाना बना रहा है। इसके चलते अब अमेरिका मध्य-पूर्व में 3 अतिरिक्त युद्धपोत और 2500 मरीनों को तैनाती के लिए रवाना कर दिया है। इस बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से 2 भारतीय एलपीजी टैंकर वहां से निकलने के करीब हैं। 

आईडीएफ ने एक्स पर लिखा, " जो आप देख रहे हैं, वह ईरानी मिसाइल हमले का परिणाम है। येरूशलम का पुराना शहर, टेम्पल माउंट के ठीक पास, ईरानी मिसाइल के टुकड़ों से प्रभावित हुआ है। ईरानी शासन एक बार फिर साबित कर रहा है कि वे अंधाधुंध फायरिंग करते हैं, चाहे नागरिक क्षेत्र हों या पवित्र स्थल। उनका का इरादा इज़रायल राज्य को नष्ट करना है।

इस बीच PM मोदी ने बहरीन के किंग हमद बिन ईसा अल खलीफा से फोन पर वार्ता की और बहरीनवासियों को ईद की बधाई दी। पीएम मोदी ने इस दौरान पश्चिम एशिया क्षेत्र की वर्तमान स्थिति पर भी चर्चा की। क्षेत्र में ऊर्जा और नागरिक अवसंरचना पर हमलों की कड़ी निंदा की तथा उनके वैश्विक खाद्य, ईंधन और उर्वरक सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव को रेखांकित किया। नेविगेशन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने और शिपिंग लाइनों को खुला तथा सुरक्षित रखने के महत्व को दोहराया। मोदी ने इस वार्ता के अंशों को एक्स पर शेयर किया है। 

वहीं अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने इस बीच नाटों देशों को कायर की संज्ञा दी है। ट्रंप ने होर्मुज में सेना नहीं भेजने के चलते नाटो देशों पर निशाना साधा है। ट्रंप ने कहा कि इन कायरों को याद रखा जाएगा। ट्रंप ने ईरान को न्यूक्लियर पावर बताया। 

ईरान के सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई ने आईडीएफ के हमले में ढेर हुए अपने देश के खुफिया मंत्री इस्माइल खातिब को श्रद्धांजलि दी है। 

इस बीच इजरायल ने ईरान के बसिज फोर्स के इंटेलिजेंस डिवीजन के प्रमुख इस्माइल अहमदी को मार गिराया है। आईडीएफ ने कहा- अहमदी ने बसिज फोर्स द्वारा किए गए आतंकी हमलों को आगे बढ़ाने और निष्पादित करने में केंद्रीय भूमिका निभाई थी। वे आईआरजीसी की ओर से सार्वजनिक व्यवस्था लागू करने और शासन के मूल्यों को थोपने के लिए भी जिम्मेदार थे, तथा हाल ही में ईरान में हुए आंतरिक विरोध प्रदर्शनों के दौरान प्रमुख दमन अभियानों का नेतृत्व किया था

इस बीच तुर्की के राष्ट्रपित रेसेप तैय्येप एर्दोगन ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर वैश्विक शांति और क्षेत्रीय स्थिरता को आतंक के माध्यम से धमकाने का आरोप लगाया है। 

इस दौरान सऊदी अरब के रियाद में एक भारतीय युवक की मौत हो गई है। भारतीय दूतावास ने इस पर गहरा दुख जाहिर किया है। 

जंग के बीच अमेरिका सेना लगातार होर्मुज को खोलने की कोशिशों में लगी हुई है। अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट में हमला किया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने एक ऐसे ही हमले का वीडियो जारी किया है जिसमें ईरान के एक शिप को निशाना बनाया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनालेड ट्रंप पहले ही कह चुके हैं कि वो होर्मुज स्ट्रेट को खोलने के लिए पूरी ताकत से ईरान पर हमला करेंगे। इस बीच ईरान की ओर से यरुशलम पर मिसाइलों से हमला किया गया है। 

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बड़ा बयान दिया है। पीएम नेतन्याहू ने कहा है कि ईरान के पास अब यूरेनियम संवर्धन करने या बैलिस्टिक मिसाइल बनाने की क्षमता नहीं है। नेतन्याहू ने कहा कि ईरान अहम अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग होर्मुज स्ट्रेट को बंद करके दुनिया को ब्लैकमेल करने की कोशिश कर रहा है। यह कामयाब नहीं होगा। इजरायल अपने तरीके से और खुफिया जानकारी जैसे अन्य माध्यमों से, होर्मुज को खोलने के अमेरिकी प्रयासों में मदद कर रहा है। 

इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच जंग के चलते ऊर्जा के क्षेत्र में व्यापक असर देखने को मिल रहा है। बुधवार को साउथ पार्स गैस फील्ड पर हुए हमले के बाद ईरान ने मिडिल ईस्ट के देशों के तेल और गैस फील्ड पर हमले किए हैं। ईरान ने इस दौरान कतर के रास लाफान गैस फील्ड पर हमला किया था। ईरान के इस हमले से कतर को भारी नुकसान हुआ है। कतर सरकार ने कहा है कि इस हमले से कंपनी की करीब 17 फीलदी LNG उत्पादन क्षमता खत्म हो गई है। ये नुकसान इतना बड़ा है कि इसे ठीक करने में 5 साल तक का वक्त लग सकता है। 

कतर ने बताया है कि ईरान के हमले में हुए नुकसान के कारण वार्षिक राजस्व में 20 बिलियन डॉलर का अनुमानित नुकसान हुआ। कतर ने कहा है कि यूरोप और एशिया के बाजारों में आपूर्ति प्रभावित होगी।

जंग 28 फरवरी 2026 को शुरू हुई थी। अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त रूप से ईरान पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए थे। इन हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई सहित कई वरिष्ठ सैन्य और सुरक्षा अधिकारी मारे गए थे। अमेरिका और इजरायल का मुख्य उद्देश्य ईरान के परमाणु कार्यक्रम को पूरी तरह नष्ट करना, उसकी बैलिस्टिक मिसाइल क्षमता को खत्म करना और शासन को कमजोर या उखाड़ फेंकना है। ताजा घटनाओं और अपडेट्स के लिए इंडिया टीवी की डिजिटल टीम से जुड़े रहें।

 

LIVE: अमेरिका सेना ने होर्मुज स्ट्रेट पर किया हमला

Auto Refresh
Refresh
  • 11:35 PM (IST)
    Posted by Dharmendra Mishra

    ईरान के सेंट्रल स्क्वायर में इफ्तार मनाने के लिए जुटे ईरानी लोग

    तेहरान के सेंट्रल स्क्वायर में ईरानी लोग शुक्रवार को इफ्तार मनाने के लिए इकट्ठा हुए। 

  • 11:19 PM (IST)
    Posted by Dharmendra Mishra

    मुझे उम्मीद है कि यह वर्ष ईरानी राष्ट्र, हमारे पड़ोसियों, मुस्लिम राष्ट्रों के लिए अच्छा साबित होगाः मुज्तबा

    ईरान के नये सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई ने कहा- मुझे उम्मीद है कि यह वर्ष ईरानी राष्ट्र, हमारे पड़ोसियों, मुस्लिम राष्ट्रों और प्रतिरोध मोर्चे के तत्वों के लिए विजय से भरा एक अच्छा वर्ष होगा; और इस्लाम और मानवता के दुश्मनों के लिए ऐसा वर्ष नहीं होगा।

  • 11:12 PM (IST)
    Posted by Dharmendra Mishra

    UAE और खाड़ी देशों का नाम लिए बिना पेजेश्कियन ने किया हमला, कहा-साम्राज्यवादियों ने उन्हें बेहोश कर दिया है

    ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने यूएई समेत खाड़ी देशों का नाम लिए बिना उन पर तगड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कुछ इस्लामी देश, जिन्हें साम्राज्यवादियों ने बेहोश (एनेस्थेटाइज्ड) कर दिया है और सर्जन की चाकू के नीचे लिटाकर उनकी ज़मीनों को साम्राज्यवादी सैन्य शिविरों में बदल दिया है, एनेस्थीसिया के प्रभाव के कारण अनजान हैं कि उन्होंने कौन-सी मूल्यवान चीज़ें खो दी हैं! 


    यह संदेश अमेरिका-इज़रायल युद्ध के बीच उन खाड़ी/इस्लामी देशों (जैसे सऊदी अरब, UAE, बहरीन आदि) पर तीखा हमला माना जा रहा है, जिन्होंने अमेरिकी सैन्य अड्डे, हथियार सौदे और सहयोग बढ़ाया है। ईरान का दावा है कि ये देश "साम्राज्यवादी" प्रभाव में हैं, अपनी संप्रभुता, इस्लामी मूल्यों और स्वतंत्रता खो चुके हैं, जबकि अमेरिका कोई वास्तविक समाधान नहीं दे सकता,बल्कि समस्या का कारण है। 

  • 11:06 PM (IST)
    Posted by Dharmendra Mishra

    मुज्तबा खामेनेई ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान को बेहतर संबंध रखने की अपील की

    ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने कहा, "मैं अपने दो मित्र देशों, अफगानिस्तान और पाकिस्तान से ईश्वर के नाम पर और मुसलमानों के बीच विभाजन को रोकने के लिए आपस में बेहतर संबंध स्थापित करने का अनुरोध करता हूं। मैं अपनी ओर से आवश्यक कदम उठाने के लिए तैयार हूं।" इस दौरान उन्होंने कहा कि तुर्की और ओमान के साथ हमारे अच्छे संबंध हैं। वहां हुए हमले इस्लामी गणराज्य की सशस्त्र सेनाओं या प्रतिरोध मोर्चे की अन्य सेनाओं द्वारा नहीं किए गए थे।

  • 11:03 PM (IST)
    Posted by Dharmendra Mishra

    कुवैत सिटी में ईरान ने फिर दागी मिसाइल, बजे हवाई हमले के सायरन

    ईरान ने कुवैत सिटी में शुक्रवार को फिर मिसाइलों और ड्रोनों से अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया। फुटेज में दिखाया गया है कि मस्जिद में ईद अल-फितर की नमाज के दौरान भी अलर्ट सायरन बज रहे थे।

  • 10:46 PM (IST)
    Posted by Dharmendra Mishra

    ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल ने येरूशलम में मचाया तांडव

    ईरान की बैलिस्टिक मिसाइल ने येरूशलम में बड़ा हमला किया है। हमले के बाद तेज धमाका देखा गया। 

  • 9:25 PM (IST)
    Posted by Dharmendra Mishra

    इजरायली हमले में मारे गए ईरान के सिक्योरिटी हेड अली लारीजानी के एक्स पर आई पोस्ट, "जीत आने वाली है"

    इजरायली हमले में मारे गए ईरान के सिक्योरिटी हेड अली लारीजानी के एक्स हैंडलर पर एक पोस्ट शेयर की गई है, जिसमें लिखा है ...प्रिय ईरानी नागरिकों और विश्व के स्वतंत्र नागरिकों,
    ईश्वर की कृपा से, विजय अवश्य आने वाली है।"

  • 8:31 PM (IST)
    Posted by Dharmendra Mishra

    इजरायल और अमेरिका के खिलाफ ईरान ने हमलों की 68वीं लहर शुरू की

    इजरायल और अमेरिका से जंग लड़ते 21 दिन का समय हो गया है। ईरान लगातार दोनों दुश्मनों के सैन्य और ऊर्जा ठिकानों पर बड़े हमले कर रहा है। ईरान ने अब इजरायल और अमेरिका के खिलाफ बैलिस्टिक मिसाइल हमलों की नई श्रृंखला शुरू कर दी है। 

  • 7:44 PM (IST)
    Posted by Dharmendra Mishra

    IDF ने मार गिराया ईरानी खुफिया मंत्रालय का एक प्रमुख कमांडर

    इजरायल ने ईरानी खुफिया मंत्रालय के प्रमुख कमांडर मेहदी रस्तामी श्मस्तान को मार गिराया है। आईडीएफ के अनुसार श्मस्तान दुनिया भर में इजरायली और यहूदी नागरिकों के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियों और हमलों को बढ़ावा देने में एक प्रमुख व्यक्ति था। खुफिया मंत्रालय ईरानी आतंकी शासन का प्राथमिक खुफिया संगठन है और दमन और आतंक के शासन के केंद्रीय तंत्रों में से एक के रूप में कार्य करता है।

  • 7:01 PM (IST)
    Posted by Dharmendra Mishra

    ईरान ने कहा-अब दुश्मन कहीं भी सुरक्षित नहीं रहेंगे

    अपने कई वरिष्ठ लीडरों के मारे जाने के बाद ईरान ने बड़ा बयान दिया है। ईरान का कहना है कि अब उसके दुश्मन कहीं भी हों, उनको ढूंढ़कर मारा जाएगा। अब वह किसी भी जगह सुरक्षित नहीं बचने पाएंगे। 

  • 6:55 PM (IST)
    Posted by Dharmendra Mishra

    मुज्तबा खामेनेई का बड़ा बयान, इस्माइल खातिब की जगह होगी दूसरे अधिकारी की नियुक्ति

    ईरान के सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि कोई संदेह नहीं है कि शहीद खुफिया मंत्री इस्माइल खातिब के बाद खाली जगह को उस संवेदनशील मंत्रालय के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के दोगुने प्रयासों से भरना होगा, ताकि घरेलू और विदेशी दोनों दुश्मनों से सुरक्षा छीन ली जाए और हमारे सभी ईरानी हमवतनों को सुरक्षा प्रदान की जाए। 

     

  • 6:00 PM (IST)
    Posted by Dharmendra Mishra

    ईरान के बंदर अब्बास नेवल बेस पर इजरायल का बड़ा हमला

    इजरायल ने ईरान के नेवल बेस बंदर अब्बास पर बड़ा हमला किया है। यह नेवल बेस स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास पड़ता है। 

  • 5:46 PM (IST)
    Posted by Dharmendra Mishra

    तेल-अवीव में ईरानी मिसाइल गिरने के बाद कितनी मची तबाही, देखें VIDEO

    इजरायल की राजधानी तेल-अवीव में कई जगहों पर ईरान की मिसाइलों ने कहर ढाया है। मिसाइल हमले के बाद कई वाहन और बिल्डिंगें क्षतिग्रस्त हो गए। 

  • 4:24 PM (IST)
    Posted by Dharmendra Mishra

    अमेरिका ने ईरान के सैन्य अड्डे को बनाया निशान, सेंटकॉम ने जारी किया VIDEO

    अमेरिकी सेना ने ईरान के भीतर स्थित सैन्य ठिकानों पर फिर हमला किया है। अमेरिका का मकसद ऐसे हमले करके ईरानी युद्ध क्षमताओं को लगातार कमजोर करना है। सेंटकॉम ने इसका एक वीडियो जारी किया है। 

  • 4:21 PM (IST)
    Posted by Dharmendra Mishra

    ईरान ने फिर दागी दुश्मन पर मिसाइल, सामने आया वीडियो

    ईरान ने अपने दुश्मनों पर मिसाइल हमले जारी रखा है। इसका एक वीडियो सामने आया है। 

  • 4:10 PM (IST)
    Posted by Dharmendra Mishra

    ईरान ने ब्रिटेन को दी चेतावनी, अमेरिका को एयरबेस देना सीधे युद्ध में शामिल होने जैसा

    ईरान ने ब्रिटेन को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर आपने अमेरिका को अपना एयरबेस दिया तो यह सीधे युद्ध में शामिल होने जैसा होगा। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने यूके को यह चेतावनी दी है। 

  • 4:03 PM (IST)
    Posted by Dharmendra Mishra

    ईरानी मिसाइल ने तेल-अवीव में किया हमला

    इजरायल की राजधानी तेल-अवीव में एक ईरानी मिसाइल ने हमला कर दिया। इसके बाद बिल्डिंग को नुकसान पहुंचा और उसमें से धुआं उठता दिखाई दे रहा है. 

  • 3:41 PM (IST)
    Posted by Dharmendra Mishra

    रियाद में भारतीय की मौत पर भारती दूतावास ने जाहिर किया दुख

    ईरान के हमले में रियाद में हालिया घटनाओं के कारण एक भारतीय नागरिक की दुखद मौत हो गई थी। रियाद में भारत के दूतावास ने इस पर अपनी गहन संवेदनाएं व्यक्त की हैं। दूतावास परिवार और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। हम इस मामले में सभी संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

  • 3:37 PM (IST)
    Posted by Dharmendra Mishra

    इजरायल-ईरान युद्ध के चलते भार में बढ़े प्रीमियम पेट्रोल के दाम

     इजरायल-ईरान युद्ध के चलते पेट्रोल और डीजल की कीमत नियंत्रणमुक्त हो गई है। हालांकि अभी भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमत नहीं बढ़ी हैं। केवल प्रीमियम पेट्रोल की कीमत में दो रुपये की बढ़ोतरी हुई है।

  • 3:29 PM (IST)
    Posted by Dharmendra Mishra

    इजरायल से जंग में मारा गया ईरानी सेना का प्रवक्ता अली मोहम्मद

    इजरायल ने ईरानी सेना के प्रवक्ता अली मोहम्मद को जंग में ढेर कर दिया है। इजरायल के साथ जंग में ईरानी सेना आईआरजीसी (IRGC) के प्रवक्ता और जनसंपर्क विभाग के प्रमुख अली मोहम्मद नाइनी मारे गए हैं। नाइनी ने कई प्रचार और जनसंपर्क भूमिकाओं में सेवा की। पिछले 2 वर्षों में आईआरजीसी के मुख्य प्रचारक के रूप में उन्होंने मध्य पूर्व में शासन के प्रॉक्सी समूहों तक आतंकवादी प्रचार फैलाया। ताकि इज़रायल के खिलाफ आतंकी हमलों को प्रभावित और बढ़ावा दिया जा सके।

  • 2:17 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    हम निष्पक्ष हैं: श्रीलंका

    श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने कहा है कि ईरान पर इजरायल-अमेरिका युद्ध में देश तटस्थ बना हुआ है। उन्होंने पक्षपात के दावों को खारिज कर दिया है। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर से मुलाकात के बाद संसद में बोलते हुए, दिसानायके ने हाल के फैसलों को लेकर हो रही आलोचनाओं का जवाब दिया। उन्होंने कहा, “कुछ दल कह रहे हैं कि हमने अमेरिका के साथ रक्षा समझौते किए हैं, और इसीलिए हमने ईरानी जहाज को आने देने में देरी की।” उन्होंने कहा, “हम निष्पक्ष हैं।”

  • 2:14 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    तेहरान अभी भी मिसाइलें बना रहा है: IRGC

    ईरान के पैरामिलिट्री रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) के प्रवक्ता ने कहा है कि तेहरान अभी भी मिसाइलें बना रहा है। उन्होंने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के उस दावे का खंडन किया है जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान अब मिसाइलें नहीं बना सकता। इजरायल में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम नेतन्याहू ने कहा था कि ईरान के पास अब बैलिस्टिक मिसाइलें बनाने की क्षमता नहीं बची है।

  • 1:14 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    न्यूजीलैंड ने मध्य पूर्व के लिए जारी की यात्रा चेतावनी

    न्यूजीलैंड के विदेश मंत्रालय ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि जो लोग मध्य पूर्व की यात्रा करना चाहते हैं तो सतर्क रहें। मंत्रालय ने कहा कि वह "अभी भी उस क्षेत्र में मौजूद न्यूजीलैंड के नागरिकों को सलाह दे रहा है कि वो अभी ही किसी कमर्शियल फ्लाइट से वहां से निकल जाएं, अगर वो ऐसा सुरक्षित रूप से कर सकते हैं।"

  • 11:58 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    कुवैत ने अल अहमदी रिफाइनरी के कुछ हिस्से किए बंद

    कुवैत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन ने बताया है कि शुक्रवार को ड्रोन हमले की चपेट में आने के बाद वह मीना अल अहमदी रिफाइनरी की एक यूनिट में लगी आग से जूझ रहा है। कंपनी ने आगे कहा कि एहतियात के तौर पर रिफाइनरी के कुछ हिस्सों को बंद कर दिया गया है। किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है, और आपातकालीन टीमें तय सुरक्षा मानकों के अनुसार स्थिति को काबू में करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही हैं।

  • 10:52 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    कुवैत की मीना अल-अहमदी रिफाइनरी पर हुआ हमला

    कुवैत की सरकारी मीडिया के अनुसार, कुवैत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन की मीना अल-अहमदी रिफाइनरी पर सुबह-सुबह कई ड्रोन हमले हुए हैं। कुवैत न्यूज एजेंसी ने शुक्रवार को बताया कि कुछ यूनिट्स में आग लग गई और कई यूनिट्स को बंद करना पड़ा है। किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। आग बुझाने और आपातकालीन सेवाओं को तुरंत घटनास्थल पर तैनात कर दिया गया है।

  • 10:30 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    IRIB ने जारी किया मुज्तबा खामेनेई का वीडियो

    ईरान की सरकारी मीडिया, इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (IRIB) ने नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई का वीडियो जारी किया है। इस वीडियो की तारीख पता नहीं है। वीडियो में, सुप्रीम लीडर को कुछ लोगों को धार्मिक शिक्षा देते हुए देखा जा सकता है।

  • 9:10 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    कुवैत की सेना कर रही मिसाइल और ड्रोन हमलों का मुकाबला

    कुवैत की सेना ने कहा कि वो दुश्मन की मिसाइल और ड्रोन हमलों का सामना कर रही है। सेना ने आम लोगों से आधिकारिक सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा है। सेना ने बताया कि धमाकों की जो आवाजें सुनाई दे रही हैं वो कुवैत के एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा दुश्मन के हमले को रोकने का नतीजा हैं।

  • 8:27 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    इजरायल ने किया तेहरान पर हमला

    इजरायल की सेना ने कहा है कि उसने ईरान की राजधानी पर हमलों की एक बड़ी लहर शुरू की है। अपने फारसी भाषा के सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट में, इजरायल की सेना ने कहा कि ये हमले तेहरान में "आतंकवादी बुनियादी ढांचे" को निशाना बना रहे हैं। इजरायल की वायुसेना ने कुछ घंटे पहले कहा था कि उसके विमानों ने पिछले एक दिन में ईरान पर दर्जनों हमले किए हैं, जिसमें पश्चिमी और मध्य ईरान में 130 से अधिक "बुनियादी ढांचे" के ठिकानों को निशाना बनाया गया। उसने कहा, "वायु सेना लगातार हमले जारी रखे हुए है।"

  • 8:25 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    तेहरान में हुए जोरदार धमाके

    अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जंग में तेहरान में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं। यहां हवाई सुरक्षा प्रणालियों ने अमेरिका और इजरायल से आ रहे ड्रोन को निशाना बनाया है।

  • 8:23 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा- 'मैं जिंदा हूं'

    ईरान के साथ जंग में अपनी मौत की अफवाहों के बीच प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा, "मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि मैं जिंदा हूं और आप सब इसके गवाह हैं।'ऑपरेशन राइजिंग लायन' को अयातुल्ला शासन द्वारा पैदा किए गए अस्तित्व के खतरों को दूर करने के लिए तैयार किया गया है; यह वही शासन है जिसने 47 सालों से अमेरिका, इजरायल और ईरान की जनता के खिलाफ युद्ध छेड़ रखा है।"

  • 8:19 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    कतर को हुआ भारी नुकसान

    QatarEnergy ने ट्वीट कर कहा, "रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी पर हुए मिसाइल हमलों से हुए नुकसान के बारे में अपडेट देते हुए मंत्री साद शेरिदा अल-काबी ने कहा कि मिसाइल हमलों के कारण कतर की LNG एक्सपोर्ट क्षमता में 17% की कमी आई है और सालाना रेवेन्यू में लगभग $20 बिलियन का अनुमानित नुकसान हुआ है। हमारी प्रोडक्शन सुविधाओं को हुए भारी नुकसान की मरम्मत में 5 साल तक का समय लगेगा और इसके चलते हमें लंबे समय के लिए 'फोर्स मेज्योर' घोषित करना पड़ेगा। यूरोप और एशिया के बाजारों में सप्लाई प्रभावित होगी।"

  • 8:15 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    उत्तरी इजरायल में बजे चेतावनी के सायरन

    स्थानीय इजरायली ब्रॉडकास्टर चैनल 12 का कहना है कि इजरायल पर ईरान के मिसाइल हमलों के कारण देश के उत्तरी हिस्से में हवाई हमले की चेतावनी वाले सायरन बजे हैं। यह घटना ऐसे समय हुई है जब इजरायली सेना ने एक बार फिर ईरान की ओर से मिसाइल हमले की सूचना दी है।

  • 8:13 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    अमेरिका सेना ने होर्मुज स्ट्रेट पर किया हमला

    अमेरिका सेना लगातार होर्मुज स्ट्रेट को खोलने के प्रयासों में जुटी है। अमेरिका सेना ने होर्मुज स्ट्रेट में ईरान नेवी के ठिकानों पर हमला किया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने एक ऐसे ही हमले का वीडियो जारी किया है इसमें ईरान की नेवी के एक शिप को निशाना बनाया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले ही कह चुके हैं कि वो होर्मुज स्ट्रेट को खोलने के लिए पूरी ताकत से ईरान पर हमला करेंगे।

  • 8:11 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    हिजबुल्लाह ने लेबनान में इजरायली सैनिकों पर किया हमला

    हिजबुल्लाह ने अपने टेलीग्राम चैनल पर अलग-अलग बयानों में कहा कि उसने दक्षिणी लेबनान के अल-अदैसा में इजरायली सैनिकों और वाहनों के एक समूह पर मिसाइलें दागी हैं। इसमें कहा गया है कि सीमावर्ती शहर मेस अल-जबल में सैनिकों पर एक मिसाइल हमला भी किया गया है। इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान में अपने जमीनी सैनिकों की मौजूदगी बढ़ा दी है।

  • 8:08 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    होर्मुज की नाकेबंदी हटाने में मदद करने पर विचार कर रहे हैं 6 देश

    यूनाइटेड किंगडम, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड और जापान ने कहा है कि वे होर्मुज स्ट्रेट में ईरान की नाकेबंदी हटाने में मदद के लिए एक मिशन तैयार करने पर विचार करेंगे। इसके लिए कोई समय-सीमा तय नहीं की गई है। जर्मनी और नीदरलैंड का कहना है कि उनकी भागीदारी के लिए युद्ध-विराम, या कम से कम शत्रुता का अंत, एक पूर्व-शर्त है।

     

  • 8:06 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    सऊदी अरब ने रोका ड्रोन अटैक

    सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि पिछले देश के पूर्वी हिस्से में 3 ड्रोन्स को नष्ट कर दिया गया है। मंत्रालय के प्रवक्ता ने इससे पहले कहा था कि पिछले कई घंटों के दौरान अलग-अलग मौकों पर 10 ड्रोन्स नष्ट किए गए हैं। इन सभी को देश के पूर्वी क्षेत्र में रोका गया था।

  • 8:04 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    ईरानी हमले के बाद बहरीन के गोदाम में लगी आग

    बहरीन के गृह मंत्रालय ने बताया है कि एक कंपनी के गोदाम में आग ईरानी हमले के कारण आग लग गई है। मंत्रालय ने कहा कि सिविल डिफेंस कर्मियों ने बिना किसी के घायल हुए आग पर काबू पा लिया है। गृह मंत्रालय ने यह नहीं बताया कि इस हमले में ईरानी ड्रोन या मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया था या नहीं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश