Madagascar Gen-Z Protest: मेडागास्कर में हुए Gen-Z प्रदर्शन के बाद हालात लगातार तेजी बदलते हुए नजर आ रहे हैं। सैन्य शासन ने तख्तापलट करने के एक सप्ताह बाद अपदस्थ राष्ट्रपति एंड्री राजोइलिना की नागरिकता छीन ली है। राजोइलिना इस्तीफे की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद देश छोड़कर अज्ञात स्थान पर चले गए हैं। उनके पास फ्रांसीसी नागरिकता भी है।
नए पीएम ने नए कानून पर किए हस्ताक्षर
देश के नवनियुक्त प्रधानमंत्री हेरिन्त्सलामा राजोनारिवेलो ने एक ऐसे कानून को लागू करने वाले आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसमें किसी अन्य देश की नागरिकता रखने वाले मेडागास्कर वासियों की नागरिकता वापस लेने का प्रावधान है। राजोइलिना के पास फ्रांसीसी नागरिकता होने के कारण पहले 2023 के चुनावों में राष्ट्रपति पद के लिए उनकी एलिजिबिलिटी को लेकर बहस छिड़ गई थी। हालांकि, वह चुनाव जीत गए थे।
युवाओं के नेतृत्व में हुए उग्र प्रदर्शन
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार रोजोइलिना युवाओं के नेतृत्व में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के उग्र होने के बाद देश छोड़कर चले गए थे। उनके विरोध में कई शहरों में हजारों लोग सड़कों पर उतर आए थे। इस दौरान सुरक्षा बलों की ओर से की गई कठोर कार्रवाई में 22 लोग मारे गए और 100 से अधिक घायल हुए हैं। प्रदर्शन के दौरान हालात उस वक्त और बदल गए थे जब सेना का एक दल भी इसमें शामिल हो गया था।

कब शुरू हुए थे प्रदर्शन?
बता दें कि, मेडागास्कर फ्रांस का उपनिवेश रहा है और राजोइलिना के पास कथित तौर पर फ्रांसीसी नागरिकता है, जिसे लेकर भी लोगों में नाराजगी देखने को मिली है। सरकार विरोधी प्रदर्शन 25 सितंबर को पानी और बिजली की लगातार कटौती के विरोध में शुरू हुए थे।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने की निंदा
मेडागास्कर में बने हालात को लेकर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा था, ‘‘संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने मेडागास्कर में सरकार के असंवैधानिक परिवर्तन की निंदा की है और संवैधानिक व्यवस्था एवं कानून के शासन की वापसी का आह्वान किया है।’’ (एपी)
यह भी पढ़ें:
पाकिस्तान के साथ मिलकर यूनुस ने की नापाक हरकत, PAK जनरल को सौंपे मैप में पूर्वोत्तर भारत को दिखाया बांग्लादेश का हिस्सा