1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान के पंजाब में बड़ा हादसा, बस पलटने से 11 लोगों की मौत, 30 से अधिक घायल

पाकिस्तान के पंजाब में बड़ा हादसा, बस पलटने से 11 लोगों की मौत, 30 से अधिक घायल

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Oct 21, 2026 06:02 pm IST,  Updated : Oct 21, 2026 06:02 pm IST

पाकिस्तान के पंजाब में बस पलटने से 11 लोगों की मौत हो गई है और 30 से अधिक घायल हो गए हैं। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की सीएम मरियम नवाज ने इस घटना पर दुख जताया है।

Pakistan- India TV Hindi
पाकिस्तान के पंजाब में बस पलटी Image Source : INDIA TV/REPRESENTATIVE PIC

पंजाब: पाकिस्तान के पंजाब से एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहां बुधवार को बस, डिवाइडर से टकराकर पलटने से 11 लोगों की मौत हो गई है। इस घटना में 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। बस कराची से पंजाब के डेरा गाजी खान जिले जा रही थी। हादसा लाहौर से करीब 500 किलोमीटर दूर राजनपुर में हुआ।

क्या है पूरा मामला?

इस मामले में पाकिस्तान की राष्ट्रीय आपातकालीन सेवा 'रेस्क्यू 1122' के एक प्रवक्ता का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, "दुर्घटना राजमार्ग के उस हिस्से पर हुई, जहां निर्माण कार्य चल रहा था।"

प्रवक्ता ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से कहा कि जिस वक्त हादसा हुआ, उस वक्त बस की स्पीड तेज हो सकती है हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रवक्ता के मुताबिक, बस तेज गति से गुजर रही थी, इसी दौरान वह डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वह पलट गई।

घटना के दौरान बस में तमाम यात्री मौजूद थे, जिसमें कई की मौत हुई और कई घायल हुए। घायलों का इलाज जारी है। जिन लोगों की जान गई, उसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

पंजाब की सीएम ने जताया दुख

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की सीएम मरियम नवाज ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों को यथासंभव मदद दी जाए। इसके अलावा उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए संवेदनाएं प्रकट की हैं। 

मरियम नवाज ने ये भी कहा है कि इस हादसे के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। 

एक हफ्ते पहले पेशावर में भी हुआ था बड़ा हादसा

पाकिस्तान के पेशावर में भी एक हफ्ते पहले ही बड़ा हादसा हुआ था। यहां एक प्राइवेट स्कूल की छत गिरने से 30 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी, जिसमें 29 बच्चे थे। अस्पताल ने बताया था कि बच्चों के अलावा जिस एक महिला की मौत हुई, वह टीचर थी। बच्चों की उम्र 7 से 13 साल के बीच बताई गई थी।

इस घटना पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने संवेदनाएं प्रकट की थीं और कहा था कि मृतकों के परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति और धैर्य मिले। इस घटना से पूरे पाकिस्तान में काफी हल्ला हुआ था। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

पाकिस्तान में हर 16 में से एक इंटरनेट इस्तेमाल करने वाला बच्चा यौन शोषण का शिकार, स्टडी में खुलासा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश।