अमेरिका-इजरायल और ईरान जंग के मैदान में बारूद से खेल रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने सोमवार को दावा किया कि उनकी ईरान के साथ बातचीत हुई है। अमेरिका अगले 5 दिन तक ईरान पर हमले नहीं करेगा। ट्रंप के इस बयान पर ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर गालिबफ ने अमेरिका के साथ संभावित बातचीत की खबरों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। उन्होंने साफ कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच कोई बातचीत नहीं हुई है। इस तरह की खबरें 'फेक न्यूज' हैं।
जब तक टारगेट हासिल नहीं हो जाता...
गालिबफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'ईरानी लोग हमलावरों (अमेरिका और इजरायल) के लिए पूर्ण और कठोर दंड की मांग करते हैं। जब तक यह टारगेट हासिल नहीं हो जाता, तब तक सभी ईरानी अधिकारी अपने सर्वोच्च नेता और जनता के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं।'
तेल बाजारों में हेरफेर करने के लिए ट्रंप की बयानबाजी
इसके साथ ही उन्होंने अपने दूसरी एक्स पोस्ट पर कहा, 'अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं हुई है। ट्रंप द्वारा फेक न्यूज का इस्तेमाल वित्तीय और तेल बाजारों में हेरफेर करने और उस दलदल से बाहर निकलने के लिए किया जा रहा है, जिसमें अमेरिका और इजरायल फंसे हुए हैं।'
अमेरिका से बात करने के लिए गालिबफ का आ रहा था नाम
बता दें कि पहले मोहम्मद बगेर गालिबफ का नाम आ रहा था कि ईरान की तरफ से अमेरिका से बातचीत कर रहे हैं। अब इन्होंने खुद साफ मना कर दिया है कि ट्रंप के साथ कोई बातचीत नहीं हुई है।
बताचीत के मूड में नहीं है ईरान
हाल ही में कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि ईरान की ओर से बातचीत के संकेत दिए जा रहे हैं, लेकिन अब इन बयानों के बाद स्थिति साफ हो गई है कि ईरान फिलहाल किसी भी तरह की बातचीत के मूड में नहीं है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस बयान के बाद मध्य पूर्व में तनाव और बढ़ सकता है।