1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. नेपाल में चुनावी रैली में बम फटने से बड़ा हादसा, पीड़ित खुद आया था लगाने तभी हो गया जोरदार धमाका

नेपाल में चुनावी रैली में बम फटने से बड़ा हादसा, पीड़ित खुद आया था लगाने तभी हो गया जोरदार धमाका

 Edited By: Shilpa @Shilpaa30thakur
 Published : Nov 16, 2022 11:15 pm IST,  Updated : Nov 16, 2022 11:23 pm IST

Nepal Bomb Blast: नेपाल में एक चुनावी रैली में बम फट गया है। जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। पीड़ित व्यक्ति पर आरोप है कि वह खुद बम लगाने आया था, तभी उसमें विस्फोट हो गया।

नेपाल में बम फटा- India TV Hindi
नेपाल में बम फटा Image Source : FILE PHOTO

नेपाल के भोजपुर जिले में एक चुनावी रैली में कम तीव्रता का विस्फोट होने से एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। 

आरोप है कि पीड़ित व्यक्ति बम को रैली में लगाने के लिए लाया था और उसमें दुर्घटनावश विस्फोट हो गया। इस रैली में सीपीएन-माओवादी के प्रमुख पुष्प कमल दहल प्रचंड को शामिल होना था। पुलिस ने बताया कि आरोपी सीपीएन-माओवादी विप्लव गुट का कार्यकर्ता है। घटना जिले के पौवाडुंग ग्रामीण नगर पालिका में हुई और यह जगह कार्यक्रम स्थल से करीब 40 मीटर दूर है।

उन्होंने बताया कि बम एक टिफिन बॉक्स में था और इसमें विस्फोट होने से व्यक्ति मामूली रूप से घातक हो गया। पुलिस के अनुसार, “भोजपुर जिले में एक चुनावी रैली में एक छोटा बम फटा है। जो व्यक्ति बम ला रहा था, वही उसके फटने से घायल हुआ है। ” उन्होंने कहा कि व्यक्ति इससे पहले बम लगा पाता, उसमें दुर्घटनावश विस्फोट हो गया। पुलिस ने कहा कि चुनावी रैली में प्रचंड समेत वरिष्ठ नेताओं के पहुंचने से पहले विस्फोट हुआ। पुलिस ने कहा कि घटना के बाद व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है।

फर्जी मतपत्र ले जाने के आरोप में एक शख्स गिरफ्तार

इससे पहले खबर आई थी कि नेपाल में 20 नवंबर को होने वाले चुनाव से चार दिन पहले एक भारतीय नागरिक को करीब 15,000 फर्जी मतपत्र ले जाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। नेपाल में संसद के साथ-साथ प्रांतीय विधानसभाओं के लिए 20 नवंबर को चुनाव होने हैं। नेपाल पुलिस ने दक्षिणी नेपाल के परसा जिले के जगन्नाथपुर ग्रामीण नगरपालिका से इजाजत अहमद (40) को गिरफ्तार किया। अहमद बिहार में पश्चिम चंपारण जिले का रहने वाला है। नेपाल पुलिस के एक बयान के अनुसार, अहमद से करीब 15,000 फर्जी मतपत्र बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार अहमद को जिस समय गिरफ्तार किया गया, वह एक मोटरसाइकिल से भारत से नेपाल आया था। उसकी मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर भारतीय है। पुलिस इस मामले में आगे जांच कर रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह किस राजनीतिक दल या व्यक्ति के लिए मतपत्र ले जा रहा था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश