1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. अमेरिका से अनबन के बीच नेतन्याहू ने भारत को बताया खास दोस्त, जेडी वेंस को दिया मुंहतोड़ जवाब

अमेरिका से अनबन के बीच नेतन्याहू ने भारत को बताया खास दोस्त, जेडी वेंस को दिया मुंहतोड़ जवाब

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jul 06, 2026 07:39 am IST,  Updated : Jul 06, 2026 07:39 am IST

जेडी वेंस के एक बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए नेतन्याहू ने भारत को दोस्त बताया है। हाल ही में जेडी वेंस ने कहा था कि अमेरिका, इजरायल का इकलौता शक्तिशाली सहयोगी है। इसपर नेतन्याहू ने कहा कि भारत जैसे कई देश उनके दोस्त हैं।

नेतन्याहू ने जेडी वेंस के बयान पर दी प्रतिक्रिया।- India TV Hindi
नेतन्याहू ने जेडी वेंस के बयान पर दी प्रतिक्रिया। Image Source : AP/FILE

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत को इजरायल के सबसे मजबूत समर्थकों में से एक बताया। उन्होंने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की उस टिप्पणी का विरोध किया जिसमें कहा गया था कि इजरायल को अपने "इकलौते शक्तिशाली सहयोगी" अमेरिका की आलोचना करने से बचना चाहिए। बता दें कि बीते दिनों नेतन्याहू ने अमेरिका को लेकर कई ऐसी टिप्पणियां की हैं, जिसके बाद अमेरिका इजरायल के बीच अनबन की बातें सामने आ रही हैं। ऐसे में जेडी वेंस ने अमेरिका को इजरायल का इकलौता शक्तिशाली सहयोगी देश बताया था। हालांकि नेतन्याहू ने भारत का नाम लेते हुए कहा कि हमारे और भी दोस्त हैं।

'भारत से जबरदस्त समर्थन: नेतन्याहू'

फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल को भारत से "जबरदस्त" समर्थन मिलता है। उन्होंने कहा, "मैं जेडी वेंस का सम्मान करता हूं और हमारे संबंध बहुत अच्छे हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि मैं उनकी हर बात से सहमत हूं। व्हाइट हाउस में डोनाल्ड ट्रंप हमारे सबसे अच्छे दोस्त रहे हैं और मैं अपनी इस बात पर पूरी तरह कायम हूं।" उन्होंने कहा, "हमारे कुछ और दोस्त भी हैं, जैसे भारत नाम का एक छोटा सा देश। आप जानते हैं कि वहां 1.4 अरब लोग रहते हैं, और सच कहूं तो हमें वहां से जबरदस्त समर्थन मिलता है। आप जानते हैं, मेरा एक फेसबुक पेज है और मुझे वहां से भारी समर्थन मिलता है।"

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि सोशल मीडिया और कुछ अंतरराष्ट्रीय मीडिया में आलोचना के बावजूद, इजरायल को कई दूसरे देशों का समर्थन हासिल है। नेतन्याहू ने कहा, "कई नेता मुझे फोन करके कहते हैं, 'देखिए, मुझे पब्लिक ओपिनियन (जनमत) को लेकर कुछ दिक्कतें हैं, लेकिन मैं चाहता हूं कि आप जानें कि हम आपका सम्मान करते हैं। क्या हम कुछ समझौते कर सकते हैं? क्या आप हमें अपनी सेना की कुछ तकनीकें सिखा सकते हैं? और क्या हमें आपकी AI और साइबर विशेषज्ञता मिल सकती है?'"

नेतन्याहू ने आगे कहा कि इजरायल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में दुनिया में अग्रणी बना हुआ है। उन्होंने कहा, "आप जानते हैं कि साइबर के मामले में इजरायल दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा देश है और हमारी टेक्नोलॉजी बहुत बेहतरीन है। इसलिए, रिश्ते वैसे नहीं हैं जैसे वे दिखते हैं, और हमारे बहुत सारे दोस्त हैं।"

जेडी वेंस ने क्या कहा?

नेतन्याहू की ये बातें जेडी वेंस के उस बयान के जवाब में आईं जो उन्होंने पिछले महीने व्हाइट हाउस की ब्रीफिंग और बाद में 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' को दिए इंटरव्यू में कही थीं। उस समय उन्होंने इजरायल से अमेरिका और ईरान के बीच चल रही शांति वार्ता का सम्मान करने को कहा था। वेंस ने कहा, "उनके लिए मेरा संदेश दो बातों पर आधारित होगा। पहली बात: डोनाल्ड जे. ट्रंप दुनिया के एकमात्र ऐसे राष्ट्राध्यक्ष हैं जो इस समय इजरायल के प्रति सहानुभूति रखते हैं।"

इजरायली नेताओं के अमेरिका-ईरान समझौते से नाखुश होने और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आलोचना करने की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए वेंस ने कहा था, "अगर मैं इजरायली सरकार की कैबिनेट में होता, तो मैं दुनिया में बचे अपने एकमात्र शक्तिशाली सहयोगी पर हमला नहीं करता।" वेंस ने इजरायल की दीर्घकालिक सुरक्षा रणनीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "आपका सटीक प्रस्ताव क्या है? आप 90 लाख लोगों का देश हैं। आप राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी हर समस्या का समाधान सिर्फ़ लोगों को मारकर नहीं निकाल सकते।"

यह भी पढ़ें-

जेलेंस्की और पुतिन ने ट्रंप से फोन पर की बात, अमेरिकी राष्ट्रपति ने युद्ध खत्म करने की दी पेशकश; जानें क्या बातचीत हुई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश