1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. बीते 48 घंटे ने साबित किया कि ईरान पूरी दुनिया को खतरे में डाल रहा...अब बाकी देशों को कदम बढ़ाने का समय: नेतन्याहू

बीते 48 घंटे ने साबित किया कि ईरान पूरी दुनिया को खतरे में डाल रहा...अब बाकी देशों को कदम बढ़ाने का समय: नेतन्याहू

 Published : Mar 22, 2026 06:06 pm IST,  Updated : Mar 22, 2026 06:55 pm IST

Israel Iran War: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान को पूरी दुनिया के लिए खतरा बताया है। उन्होंने कहा कि ईरान ने पिछले 48 घंटे में नागरिकों पर हमला करके यह साबित कर दिया है। इसलिए सबको कदम आगे बढ़ाने का समय आ गया है।

इजरायल के अराद अटैक साइट का निरीक्षण करने पहुंचे प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू। - India TV Hindi
इजरायल के अराद अटैक साइट का निरीक्षण करने पहुंचे प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू। Image Source : ISRAEL PMO

Israel US Iran War: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, “यदि आप प्रमाण चाहते हैं कि ईरान पूरी दुनिया को खतरे में डाल रहा है, तो पिछले 48 घंटों ने इसे साबित कर दिया है। पिछले 48 घंटों में ईरान ने नागरिक इलाकों को निशाना बनाया। वे ऐसा सामूहिक हत्या के हथियार की तरह कर रहे हैं। सौभाग्य से किसी की मौत नहीं हुई, लेकिन यह किस्मत की वजह से हुआ, न कि उनकी मंशा के कारण। उनकी मंशा नागरिकों की हत्या करने की थी। 

वह इजरायल के धार्मिक स्थलों को बनाना चाह रहे निशाना

नेतन्याहू ने कहा कि दूसरा, उन्होंने येरुशलम पर हमला किया, ठीक तीन एकेश्वरवादी धर्मों के पवित्र स्थलों के बगल में अटैक किया। इनमें पश्चिमी दीवार, चर्च ऑफ द होली सेपुलक्र और अल-अक्सा मस्जिद शामिल है। मगर चमत्कार की तरह फिर से किसी को चोट नहीं आई, लेकिन उनका निशाना तीन प्रमुख एकेश्वरवादी धर्मों के पवित्र स्थल थे। 

पूरी दुनियाको ब्लैकमेल कर रहा ईरान

नेतन्याहू ने आगे कहा कि तीसरा, उन्होंने डिएगो गार्सिया पर अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल दागी। यह 4,000 किलोमीटर दूर है। मैं लगातार चेतावनी देता रहा हूं। अब उनकी क्षमता यूरोप के गहरे इलाकों तक पहुंचने की हो गई है। उन्होंने पहले ही यूरोपीय देशों साइप्रस पर हमला किया है। वे सबको निशाने पर ले रहे हैं। और चौथा, वे समुद्री अंतरराष्ट्रीय मार्ग को रोक रहे हैं, ऊर्जा मार्ग को रोक रहे हैं और पूरी दुनिया को ब्लैकमेल करने की कोशिश कर रहे हैं। इससे ज्यादा प्रमाण आपको क्या चाहिए कि यह शासन, जो पूरी दुनिया को धमकी दे रहा है, उसे रोकना जरूरी है? 

अब बाकी देशों को इस दिशा में आगे कदम बढ़ाने का समय

नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल और संयुक्त राज्य अमेरिका पूरी दुनिया के लिए एक साथ काम कर रहे हैं। अब समय आ गया है कि बाकी देशों के नेता भी इस दिशा में कदम बढ़ाएं। मुझे खुशी है कि मैं देख रहा हूं कि कुछ नेता अब इस दिशा में बढ़ना शुरू कर रहे हैं, लेकिन और ज्यादा प्रयास की जरूरत है। राष्ट्रपति ट्रंप का अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस आतंकी, कट्टरपंथी, जुनूनी शासन का सामना करने का आह्वान केवल अमेरिका और इजरायल की सुरक्षा के लिए नहीं है, यह पूरी दुनिया की सुरक्षा के लिए है। अब समय आ गया है कि वे कार्रवाई करें।”

हम ईरान को कड़ी ताकत से दे रहे जवाब

प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा:“हम बड़ी ताकत से जवाब दे रहे हैं, लेकिन नागरिकों पर नहीं। हम शासन को निशाना बना रहे हैं। हम आईआरजीसी को निशाना बना रहे हैं...यह अपराधी गिरोह है और हम उनके नेताओं, उनकी संस्थाओं, उनकी आर्थिक संपत्तियों को व्यक्तिगत रूप से निशाना बना रहे हैं। हम उन पर बहुत मजबूती से हमला कर रहे हैं। हमने दो स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किए हैं। पहला है उनका परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह तोड़ना, उनका मिसाइल कार्यक्रम पूरी तरह तोड़ना, और इन दोनों कार्यक्रमों के लिए घटकों का उत्पादन करने की उनकी क्षमता को पूरी तरह खत्म करना। हम इसमें अच्छी प्रगति कर रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि हमने दूसरा लक्ष्य भी तय किया है कि ईरानी लोगों के लिए ऐसी स्थितियां बनाना कि वे इस तानाशाही को उखाड़ फेंक सकें, जिसने उन्हें प्रताड़ित किया है, उनकी जिंदगी दयनीय बना दी है और पूरी दुनिया की जिंदगी दयनीय बना दी है। मुझे उम्मीद है कि हम यह लक्ष्य भी हासिल कर लेंगे। मुझे लगता है कि राष्ट्रपति ट्रंप ठीक जानते हैं कि वे क्या कर रहे हैं। जो भी हम करते हैं, हम साथ मिलकर करते हैं और जितना संभव हो, गोपनीयता बनाए रखते हुए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश