1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान में 22 भारतीयों की सजा हुई पूरी, अब लौटेंगे भारत; जानें किस जुर्म में गए थे जेल

पाकिस्तान में 22 भारतीयों की सजा हुई पूरी, अब लौटेंगे भारत; जानें किस जुर्म में गए थे जेल

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Feb 22, 2025 04:54 pm IST,  Updated : Feb 22, 2025 04:55 pm IST

पाकिस्तान की जेल में बंद 22 भारतीय कैदियों की सजा पूरी हो गई है। अब उन सभी के भारत लौटने की तैयारी है। पाकिस्तान सरकार इसके लिए कागजी कार्रवाई पूरी कर रही है।

पाकिस्तान की जेल से रिहा होने वाले भारतीयों की प्रतीकात्मक फोटो। - India TV Hindi
पाकिस्तान की जेल से रिहा होने वाले भारतीयों की प्रतीकात्मक फोटो। Image Source : AP

इस्लामाबाद: पाकिस्तान में 22 भारतीयों की सजा पूरी हो गई है। अब इन सभी को भारत लौटाए जाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। पाकिस्तान के अधिकारियों ने बताया कि कराची की मलीर जेल में ये सभी भारतीय बंद थे। पेश से ये सभी मछुआरे हैं, जिनको रिहा कर दिया है और उन्हें शनिवार को भारत को सौंपे जाने की संभावना है। समाचारपत्र ‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ ने मलीर जेल के अधीक्षक अरशद शाह के हवाले से बताया कि मछुआरों को उनकी सजा पूरी होने के बाद शुक्रवार को जेल से रिहा कर दिया गया। ‘

ईदी फाउंडेशन’ के अध्यक्ष फैसल ईदी ने मछुआरों के लिए लाहौर तक परिवहन की व्यवस्था की, जहां से वे भारत वापसी की यात्रा जारी रखेंगे। उन्होंने लंबी अवधि तक जेल में रहने के दौरान मछुआरों के परिवारों की पीड़ा को उजागर किया तथा सजा पूरी होने के बाद उनकी तत्काल रिहाई तथा शीघ्र वापसी का आह्वान किया। पाकिस्तानी अधिकारी भारतीय मछुआरों को वाघा सीमा पर पहुंचाते हैं, जहां भारतीय अधिकारी आधिकारिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उनकी वापसी की व्यवस्था करते हैं।

पाकिस्तान में इतने कैदी हैं बंद

दरअसल, दोनों देशों के मछुआरे मछली पकड़ते हुए समुद्री सीमाओं को पार कर एक-दूसरे के जलक्षेत्र में घुस जाते हैं जहां उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाता है। दोनों देशों के बीच एक जनवरी को आदान-प्रदान की गई कैदियों की सूची के अनुसार, पाकिस्तान में 266 भारतीय कैदी हैं जिनमें 217 मछुआरे हैं। भारत द्वारा साझा की गई सूची के अनुसार, भारतीय जेलों में कुल 462 पाकिस्तानी कैदी हैं जिनमें 81 मछुआरे हैं। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश