1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पलटी बाढ़ पीड़ितों के बचाव कार्य में जुटी नौका, 5 लोगों की मौत

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पलटी बाढ़ पीड़ितों के बचाव कार्य में जुटी नौका, 5 लोगों की मौत

 Published : Sep 07, 2025 05:02 pm IST,  Updated : Sep 07, 2025 05:03 pm IST

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही नौका पलट जाने से 5 बाढ़ पीड़ितों की मौत हो गई। अन्य लोगों को बचा लिया गया।

पाकिस्तान के पंजाब में पलटी नौका (प्रतीकात्मक फोटो)- India TV Hindi
पाकिस्तान के पंजाब में पलटी नौका (प्रतीकात्मक फोटो) Image Source : AP

लाहौर: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बाढ़ पीड़ितों को ले जा रही एक नाव के पलटने से पांच लोगों की मौत हो गई है। यह घटना शनिवार शाम मुल्तान जिले के जलालपुर पीरवाला में लाहौर से लगभग 350 किलोमीटर दूर हुई, जहां तेज बहाव के कारण बचाव कार्यों में लगी नाव पलट गई।

30 लोगों को रेस्क्यू कर ले जा रही थी नाव

प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) के महानिदेशक इरफान अली काठिया ने बताया कि नाव में लगभग 30 बाढ़ पीड़ित सवार थे। इस हादसे में एक महिला और चार बच्चे डूब गए, जबकि बाकी लोगों को बचा लिया गया। अधिकारी ने यह भी बताया कि बाढ़ पीड़ितों ने जीवन रक्षक जैकेट नहीं पहनी थी।

घटना की जांच शुरू

काठिया ने कहा कि पंजाब में 23 अगस्त से शुरू हुई बाढ़ के बाद से अब तक 25,000 से अधिक सफल नाव बचाव अभियान चलाए गए हैं और यह पहली बार है जब नाव पलटी है। उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना की जांच शुरू कर दी गई है कि नाव पर सभी बाढ़ पीड़ितों के पास जीवन रक्षक जैकेट क्यों नहीं थीं।

900 से ज्यादा लोगों की हो चुकी मौत

उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी बचाव नौकाओं में किसी भी स्थिति में अधिक संख्या में लोगों को नहीं बैठाना चाहिए और सभी में आवश्यक जीवन रक्षक जैकेट उपलब्ध होनी चाहिए। पाकिस्तान में जून के अंत से जारी भारी बारिश और बाढ़ की वजह से देश भर में अब तक 900 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जिससे भारी तबाही हुई है।(भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश