1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान के क्वेटा में भीषण बम धमाके के बाद चली गोलियां, 10 की मौत; घायल हुए 30 लोग

पाकिस्तान के क्वेटा में भीषण बम धमाके के बाद चली गोलियां, 10 की मौत; घायल हुए 30 लोग

 Published : Sep 30, 2025 01:08 pm IST,  Updated : Sep 30, 2025 03:09 pm IST

पाकिस्तान के क्वेटा शहर में भीषण बम धमाका हुआ है। ब्लास्ट के बाद फायरिंग भी हुई है। इस दौरान 10 लोगों की मौत हो गई है और कम से कम 30 लोग घायल हुए हैं।

Pakistan Quetta Bomb Blast- India TV Hindi
Pakistan Quetta Bomb Blast Image Source : INDIA TV

Pakistan Bomb Blast: पाकिस्तान के क्वेटा शहर में भीषण बम धमाका हुआ है। धमाके में 10 लोगों की मौत हो गई है और कम से कम 30 लोग घायल हुए हैं। धमाका क्वेटा के जरघून रोड पर हुआ है। ब्लास्ट के बाद भीषण गोलीबारी भी हुई है। हालात को देखते हुए अधिकारियों ने शहर भर के अस्पतालों में आपातकाल की घोषणा कर दी है। विस्फोट में घायल हुए लोगों को सिविल अस्पताल के दुर्घटना एवं आपातकालीन विभाग और ट्रॉमा सेंटर लाया गया है।

सुरक्षा बलों ने की इलाके की घेराबंदी

पुलिस के अनुसार, जरघून रोड के पास हुआ विस्फोट इतना भीषण था कि आसपास की इमारतों की खिड़कियां और दरवाजे टूट गए। विस्फोट के तुरंत बाद पुलिस और बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है। फ्रंटियर कॉर्प्स के जवान भी घटनास्थल पर मौजूद हैं।

शुरू की गई जांच

हालात को देखते हुए बलूचिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री बख्त मुहम्मद काकर ने शहर भर के सभी अस्पतालों में आपातकाल की घोषणा कर दी है। सभी डॉक्टरों, फार्मासिस्टों, स्टाफ नर्सों और पैरामेडिकल कर्मचारियों को ड्यूटी पर आने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों ने विस्फोट की प्रकृति का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। 

क्वेटा में हुआ आत्मघाती हमला

फिलहाल, पाकिस्तानी मीडिया के हवाले से इस तरह की जानकारी भी सामने आ रही है कि यह एक आत्मघाती हमला था। घटनास्थल से जिस तरह की सूचना मिली है उसके मुताबिक विस्फोट के बाद काफी दूर से धुएं का बड़ा गुबार उठता हुआ दिखाई दिया।

क्वेटा में पहले भी हुआ था धमाका

गौरतलब है कि, इसी महीने 4 सितंबर को भी क्वेटा में एक राजनीतिक रैली के दौरान हुए बम धमाके में 15 लोगों की मौत हो गई थी और 30 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। बलूचिस्तान लगभग 2 दशकों से अशांति का सामना कर रहा है। स्थानीय जातीय बलूच समूहों और उनसे संबंधित अन्य पार्टियों का आरोप है कि पाकिस्तान सरकार प्रांत की खनिज संपदा का दोहन कर रही है। हाल ही में बलूच विद्रोहियों ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के निशाना बनाते हुए कई घातक हमले भी किए हैं।

यह भी पढ़ें:

विमान के 'लैंडिंग गियर' में छिपकर आए शख्स की मौत, प्लेन की जांच के दौरान मिला शव

इंडोनेशिया में ढह गई स्कूल की इमारत, एक छात्र की मौत; 65 मलबे में दबे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश