1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. Pakistan News: पाकिस्तान में रात 10 बजे के बाद नहीं होगी शादी, आज से ही फैसला लागू, जानें वजह

Pakistan News: पाकिस्तान में रात 10 बजे के बाद नहीं होगी शादी, आज से ही फैसला लागू, जानें वजह

 Written By: Khushbu Rawal @khushburawal2
 Published : Jun 08, 2022 11:21 pm IST,  Updated : Jun 08, 2022 11:21 pm IST

पाकिस्तान के बिजली मंत्री खुर्रम दस्तगीर ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि बाजारों को जल्दी बंद करने और घर से काम करने की व्यवस्था से बिजली की बचत हो सकती है। उन्होंने कहा कि देश में लगभग 4,000 मेगावाट ऊर्जा की कमी है।

Shahbaz Sharif  - India TV Hindi
Shahbaz Sharif  Image Source : PTI (FILE PHOTO)

Highlights

  • बिजली संकट का सामना कर रहा है पाकिस्तान
  • रात साढ़े 8 बजे बाजार बंद करने का फैसला
  • बिजली संकट को लेकर प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक

Pakistan News: पाकिस्तान सरकार ने बिजली बचाने के प्रयासों के तहत इस्लामाबाद शहर में रात 10 बजे के बाद विवाह कार्यक्रमों पर रोक लगाने और देशभर में रात साढ़े 8 बजे बाजार बंद करने का निर्णय लिया है। बुधवार को मीडिया में आईं खबरों में यह जानकारी दी गई। 'जियो न्यूज' की खबर के अनुसार भीषण बिजली संकट का सामना कर रहे पाकिस्तान ने बिजली की खपत को कम करने के लिए कई कदम उठाए हैं और अब इस्लामाबाद में रात 10 बजे के बाद विवाह समारोहों पर पाबंदी रहेगी जो आठ जून से प्रभावी होगी।

पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर पड़ा बिजली संकट का असर

मौजूदा बिजली संकट का असर पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ा है, जिसके चलते राष्ट्रीय आर्थिक परिषद (NEC) ने देशभर में (स्थानीय समयानुसार) रात साढ़े 8 बजे बाजार बंद करने का निर्देश दिया है। बिजली संकट को लेकर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया है। बैठक में खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री को छोड़कर सभी प्रांतों के मुख्यमंत्रियों ने भाग लिया। इस संबंध में जारी एक बयान में कहा गया है कि सिंध, पंजाब और बलूचिस्तान के मुख्यमंत्रियों ने व्यापारियों के संघ के साथ परामर्श करने के लिए दो दिन का समय मांगा है, लेकिन उन्होंने इस कदम पर सहमति जतायी है।

'देश में लगभग 4,000 मेगावाट ऊर्जा की कमी'
बिजली मंत्री खुर्रम दस्तगीर ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि बाजारों को जल्दी बंद करने और घर से काम करने की व्यवस्था से बिजली की बचत हो सकती है। मंत्री ने कहा, "देश में बिजली का उत्पादन 22,000 मेगावाट है और आवश्यकता 26,000 मेगावाट है।" उन्होंने कहा कि देश में लगभग 4,000 मेगावाट ऊर्जा की कमी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश