1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पंजाब की विधानसभा हो गई भंग, अब यह पाकिस्तानी नेता बनेगा कार्यवाहक मुख्यमंत्री

पंजाब की विधानसभा हो गई भंग, अब यह पाकिस्तानी नेता बनेगा कार्यवाहक मुख्यमंत्री

 Published : Jan 15, 2023 10:30 am IST,  Updated : Jan 15, 2023 10:30 am IST

सर्दी के मौसम में पाकिस्तान की सियासत एक बार फिर गर्म हो गई है। पाकिस्तान की पंजाब विधानसभा को भंग कर दिया गया है। इसके साथ ही पूर्व पीएम इमरान खान ने प्रधानमंत्री नवाज शरीफ पर देश में जल्द चुनाव का दबाव बनाना तेज कर दिया है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : PTI

Pakistan's Punjab Assembly Dissolved: सर्दी के मौसम में पाकिस्तान की सियासत एक बार फिर गर्म हो गई है। पाकिस्तान की पंजाब विधानसभा को भंग कर दिया गया है। इसके साथ ही पूर्व पीएम इमरान खान ने प्रधानमंत्री नवाज शरीफ पर देश में जल्द चुनाव का दबाव बनाना तेज कर दिया है। इमरान खान ने पाकिस्तान में चुनाव करने की मांग दोबारा ऐसे वक्त में तेज किया है, जब वहां भुखमरी फैली हुई है और आर्थिक हालत खस्ता होने से हाहाकार मचा है। महंगाई चरम पर होने से पाकिस्तानी जनता सड़क पर है और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है।

पाकिस्तान में पंजाब के राज्यपाल बालीगुर रहमान द्वारा मुख्यमंत्री चौधरी परवेज इलाही की सलाह पर हस्ताक्षर करने से इनकार किए जाने के 48 घंटे बाद पंजाब विधानसभा संविधान के अनुसार शनिवार शाम भंग हो गई। इलाही ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के अध्यक्ष इमरान खान की ‘‘इच्छा’’ के अनुसार विधानसभा भंग करने की सलाह बृहस्पतिवार को भेजी थी। राज्यपाल ने इस सलाह पर हस्ताक्षर नहीं किए। इसके बाद संविधान के अनुसार राज्यपाल को सलाह भेजे जाने के 48 घंटे बाद विधानसभा भंग हो गई। राज्यपाल ने ट्वीट किया, ‘‘मैंने पंजाब विधानसभा को भंग करने की प्रक्रिया का हिस्सा नहीं बनने का फैसला किया है। इसके बजाय मैं संविधान और कानून को अपना काम करने दूंगा। ऐसा करने से कोई कानूनी प्रक्रिया बाधित नहीं होगी क्योंकि संविधान स्पष्ट रूप से इस संबंध में आगे की प्रक्रिया के बारे में बताता है।

कार्यवाहक मुख्यमंत्री के लिए राज्यपाल ने भेजा पीएम शहबाज के बेटे को आमंत्रण

पंजाब प्रांत के राज्यपाल रहमान ने कार्यवाहक मुख्यमंत्री की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री इलाही और पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता हमजा शहबाज (प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के बेटे) को आमंत्रित किया है। उन्होंने उनसे 17 जनवरी तक नामांकन दाखिल करने को कहा है। अपदस्थ प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) और पाकिस्तान मुस्लिम लीग-कायदे आजम (पीएमएल-क्यू) के संयुक्त उम्मीदवार इलाही ने विश्वास मत हासिल करने के कुछ घंटे बाद पंजाब विधानसभा भंग करने के प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए। इमरान खान ने कहा कि खैबर पख्तूनख्वा विधानसभा भी कुछ दिनों में भंग कर दी जाएगी। इस कदम का उद्देश्य पाकिस्तान मुस्लिम लीग- एन (पीएमएलएन) की अगुवाई वाली संघीय सरकार को मध्यावधि चुनाव कराने के लिए मजबूर करना है।

खान ने कहा कि चुनाव ही देश को आर्थिक संकट से बाहर निकाल सकते हैं। संघीय सरकार का कहना है कि आम चुनाव अगस्त में सरकार का कार्यकाल पूरा होने पर ही कराया जाएगा। इस बीच, लंदन स्थित पीएमएलएन के सर्वोच्च नेता नवाज शरीफ ने शनिवार शाम डिजिटल माध्यम से लाहौर में पार्टी की एक बैठक की अध्यक्षता की। शरीफ नवंबर 2019 से लंदन में हैं। पीएमएलएन के प्रवक्ता एवं संघीय सूचना मंत्री मरियम औरंगजेब ने कहा, ‘‘नवाज शरीफ ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को पंजाब में चुनाव की तैयारी शुरू करने का निर्देश दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से टिकट देने के लिए संसदीय बोर्ड गठित करने को भी कहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश