1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान में ट्रक पलटने से एक ही परिवार के 15 लोगों की मौत, मचा कोहराम

पाकिस्तान में ट्रक पलटने से एक ही परिवार के 15 लोगों की मौत, मचा कोहराम

 Published : Oct 16, 2025 01:38 pm IST,  Updated : Oct 16, 2025 01:54 pm IST

पाकिस्तान में हुए सड़क हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई है। हादसे में मरने वाले सभी लोग एक ही परिवार के थे। सड़क हादसा खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में उस वक्त हुआ जब एक ट्रक पलट गया।

Pakistan Road Accident- India TV Hindi
Pakistan Road Accident Image Source : AP

Pakistan Road Accident: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक सुरंग के पास बृहस्पतिवार को एक ट्रक के पलट जाने से एक ही परिवार के कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में 8 अन्य लोग घायल  भी हुए हैं। बचाव अधिकारियों ने इस हादसे के बारे में जानकारी दी है।

मलाकंद जिले में हुआ हादसा

रेस्क्यू 1122 आपातकालीन सेवाओं के प्रवक्ता ने बताया कि यह दुर्घटना मलाकंद जिले के स्वात मोटरवे पर हुई। सभी पीड़ित स्वात के बहरीन तहसील के जिब्राल क्षेत्र के एक खानाबदोश परिवार से थे, जो अक्सर मौसमी तौर पर विभिन्न क्षेत्रों में प्रवास करते थे। हादसे की सूचना मिलने पर बचाव सेवाएं और पुलिस दुर्घटना स्थल पर पहुंची और सभी को जिला मुख्यालय अस्पताल बटखेला पहुंचाया गया। 

मृतकों में महिलाएं और बच्चे शामिल

अस्पताल में चिकित्सकों ने 15 लोगों को मृत घोषित कर दिया जबकि 8 घायलों को आपातकालीन चिकित्सा प्रदान की गई। गंभीर रूप से घायल 4 लोगों को बाद में विशेष देखभाल के लिए स्वात ले जाया गया। बचाव सूत्रों के अनुसार, मृतकों और घायलों में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। 

पहले भी हुए हैं हादसे

पाकिस्तान में इसी साल जुलाई के महीने में भी दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था। इस दौरान हुए बस हादसें में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई थी और 30 से अधिक लोग घायल हुए थे। हादसा उस वक्त हुआ था जब बस इस्लामाबाद से लाहौर जा रही थी। बस पंजाब प्रांत के चकवाल जिले में बलकसार के पास खाई में गिर गई थी। वाहन में 40 से अधिक यात्री सवार थे। बस का एक टायर फट जाने के कारण हादसा हुआ था।

पाकिस्तान में क्यों होते हैं हादसे

जुलाई से पहले इसी साल अप्रैल के महीने में भी पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में दर्दनाक हादसा हुआ था। इस हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई थी। खराब सड़कें, सुरक्षा जागरूकता की कमी और यातायात नियमों की अनदेखी अक्सर पाकिस्तान में घातक दुर्घटनाओं का कारण बनती है। (भाषा)

यह भी पढ़ें:

अफगानिस्तान के साथ जंग में उतर गई पाकिस्तानी फौजियों की पतलून, तालिबान ने दिखाया VIDEO

'पाकिस्तान से मिले थोड़े पैसों के लालच में ट्रंप ने भारत से बिगाड़े रिश्ते', जानें किसने दिया इतना बड़ा बयान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश