1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान में आतंकियों के खिलाफ एक्शन, खैबर पख्तूनख्वा में मारे गए 6 आतंकी; पंजाब से 12 गिरफ्तार

पाकिस्तान में आतंकियों के खिलाफ एक्शन, खैबर पख्तूनख्वा में मारे गए 6 आतंकी; पंजाब से 12 गिरफ्तार

 Edited By: Amit Mishra
 Published : Dec 08, 2025 05:29 pm IST,  Updated : Dec 08, 2025 05:29 pm IST

पाकिस्तान में आतंकियों के खिलाफ हुए एक्शन में 6 आतंकी मारे गए हैं। यह कार्रवाई खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में अफगानिस्तान सीमा के पास की गई है। इसके अलावा पंजाब से भी 12 आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है।

Pakistan Security Force- India TV Hindi
Pakistan Security Force Image Source : AP

पेशावर: पाकिस्तान में बढ़ती आतंकी घटनाओं को देखते हुए शरीफ सरकार ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंक के खिलाफ अभियान शुरू किया है। पाकिस्तानी सेना और सुरक्षा बलों ने सोमवार को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाया है। इस ऑपरेशन में कम से कम 6 आतंकी मारे गए हैं जबकि एक सुरक्षा कर्मी की भी मौत हुई है। ऑपरेशन के दौरान कई अन्य आतंकियों के घायल होने की भी खबर है।

आतंकियों को हुआ भारी नुकसान

अधिकारियों ने बताया कि खैबर पख्तूनख्वा में आतंकियों के खिलाफ अभियान अफगानिस्तान बॉर्डर से लगे कबायली जिले के सोरान दर्रा क्षेत्र में शुरू किया गया है। कहा जा रहा है कि इस अभियान में आतंकियों को भारी नुकसान हुआ है। अधिकारियों ने अभियान के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इसमें 3 सुरक्षा कर्मी घायल भी हुए हैं।

पंजाब में धरे गए 12 आतंकी

खैबर पख्तूनख्वा के अलावा आतंकियों के खिलाफ पंजाब प्रांत में बड़ी कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के दौरान 12 आतंकियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि पंजाब में आतंकियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान भी शुरू किया गया है। पंजाब आतंकवाद निरोधक विभाग (CTD) ने एक बयान में कहा कि लाहौर, फैसलाबाद और बहावलपुर में खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए अभियानों के दौरान आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है। बयान के अनुसार आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए हैं। 

क्या था आतंकियों का प्लान?

पंजाब आतंकवाद निरोधक विभाग ने यह दावा भी किया कि आतंकी बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में थे। बयान में कहा गया कि आतंकी धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की फिराक में थे जिससे लोगों के बीच विद्वेष फैलाया जा सके। बयान में यह भी कहा गया कि आतंकियों ने धार्मिक स्थलों की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की थी। पकड़े गए आतंकियों के पास से 7 IED बम, 2 डेटोनेटर, विस्फोटक सामग्री, हथियार, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है। 

ये है पाकिस्तान का हाल

बता दें कि, पिछले हफ्ते इस्लामाबाद स्थित सेंटर फॉर रिसर्च एंड सिक्योरिटी स्टडीज (CRSS) की एक रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान आतंकवाद से जूझ रहा है। 2025 में पिछले साल की तुलना में आतंकवादी घटनाओं में 25 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जिसमें खैबर पख्तूनख्वा सबसे अधिक प्रभावित प्रांत है। सरकार का कहना है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान नवंबर 2022 में संघर्ष विराम समझौता खत्म होने के बाद से लगातार आतंकी हमलों को अंजाम दे रहा है। (इनपुट एजेंसी) 

यह भी पढ़ें:

रूस-यूक्रेन जंग होगी खत्म, राष्ट्रपति पुतिन के बाद अब भारत आएंगे जेलेंस्की?

सऊदी सरकार का डिजिटल कदम, जानें क्या है Nusuk Card जिसके बिना नहीं होगी हज यात्रा; पढ़ें पूरी जानकारी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश