1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. सिंगापुर को भी पीएम मोदी ने बना दिया भारत का रणनीतिक साझेदार, अब चौतरफा दुश्मनों की होगी घेराबंदी

सिंगापुर को भी पीएम मोदी ने बना दिया भारत का रणनीतिक साझेदार, अब चौतरफा दुश्मनों की होगी घेराबंदी

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Sep 05, 2024 08:37 am IST,  Updated : Sep 05, 2024 10:00 am IST

सिंगापुर यात्रा के दूसरे दिन और प्रधानमंत्री मोदी ने अपने समकक्ष लॉरेंस वोंग से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भारत-सिंगापुर के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की। इस मुलाकात के बाद अब सिंगापुर भी भारत का रणनीतिक साझेदार बन गया है।

सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग के साथ द्विपक्षीय वार्ता करते पीएम मोदी। - India TV Hindi
सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग के साथ द्विपक्षीय वार्ता करते पीएम मोदी। Image Source : PTI

सिंगापुरः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिंगापुर दौरे के दूसरे दिन आज अपने समकक्ष लॉरेंस वोंग से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भारत और सिंगापुर के द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा की। बता दें कि पीएम मोदी वोंग के निमंत्रण पर दो दिवसीय यात्रा पर यहां आए हैं। वोंग के साथ वार्ता से पहले मोदी का सिंगापुर संसद भवन में औपचारिक स्वागत किया गया। उन्होंने वहां आगंतुक पुस्तिका पर हस्ताक्षर भी किए। दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात वोंग के सिंगापुर का प्रधानमंत्री बनने और मोदी के प्रधानमंत्री के रूप में अपना तीसरा कार्यकाल शुरू करने के कुछ दिनों बाद हुई है। दोनों नेताओं में मुलाकात के बाद अब सिंगापुर और भारत रणनीतिक साझेदार बन गए हैं। रणनीतिक रूप से यह भारत के लिए बड़ी उपलब्धि है। 

लॉरेंस वोंग के साथ मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने एक्स पर तस्वीरें शेयर करते लिखा- "मेरे मित्र, प्रधान मंत्री लॉरेंस वोंग के साथ चर्चा आज भी जारी रही। हमारी बातचीत कौशल, प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य देखभाल, एआई और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर केंद्रित थी। हम दोनों व्यापार संबंधों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर सहमत हुए।"

सिंगापुर भारत की दोस्ती रणनीतिक साझेदारी में बदली

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिंगापुर के अपने समकक्ष लॉरेंस वोंग के साथ आज सार्थक बैठक की। इस दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचा दिया। पीएम मोदी के गत 10 वर्षों के कार्यकाल में भारत ने एशिया से यूरोप तक कई नए रणनीतिक साझेदार बनाए हैं। यह चीन और पाकिस्तान जैसे दुश्मनों के लिए बड़ा झटका है। अब सिंगापुर भी भारत का रणनीतिक साझेदार बन गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘संबंधों में एक नया अध्याय व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने आज सिंगापुर में एक सार्थक बैठक की।’’ उन्होंने कहा, ‘‘नेताओं ने संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।

इन क्षेत्रों में भी हुए द्विपक्षीय समझौते

रणनीतिक साझेदारी के अलावा भारत और सिंगापुर के बीच उन्नत विनिर्माण, संपर्क सुविधा, डिजिटलीकरण, स्वास्थ्य सेवा और चिकित्सा, कौशल विकास और स्थिरता जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं की व्यापक समीक्षा की।’’ वार्ता के बाद चार समझौता ज्ञापनों पर भी हस्ताक्षर किए गए। प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति थर्मन षणमुगरत्नम से भी बाद में मुलाकात करेंगे।

मोदी का सिंगापुर के वरिष्ठ मंत्री ली सीन लूंग और ‘एमेरिटस’ वरिष्ठ मंत्री गोह चोक टोंग से भी मुलाकात का कार्यक्रम है। ली मोदी के स्वागत में दोपहर का भोज आयोजित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री सिंगापुर के उद्योगपतियों से भी मुलाकात करेंगे और देश के सेमीकंडक्टर क्षेत्र से जुड़े लोगों से बातचीत करेंगे। मोदी और वोंग सेमीकंडक्टर विनिर्माण केंद्र का दौरा भी करेंगे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश