Israel US Iran War: ईरान से जंग के बीच पहली बार अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मंगलवार को फोन पर वार्ता की है। उन्होंने पीएम मोदी से मिडिल-ईस्ट के हालात और होर्मुज को खोलने के विकल्पों पर अहम बातचीत की है। इससे पहले पीएम मोदी खुद भी ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से भी बात कर चुके हैं। इसके अलावा वह सऊदी अरब से लेकर संयुक्त अरब अमीरात, ओमान, बहरीन समेत मिडिल-ईस्ट के अन्य सभी नेताओं से बारी-बारी से बातचीत कर चुके हैं। उन्होंने सभी नेताओं से मिडिल-ईस्ट में शांति स्थापित करने के लिए सहयोग की अपील की है।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का बंद होना दुनिया के लिए चिंता
इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच जंग 25वें दिन में पहुंच गई है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जहाजों का रास्ता बाधित होना पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय बन चुका है। पीएम मोदी चाहते हैं कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को संवाद के जरिये मानवता के लिए खोला जाना चाहिए। पीएम मोदी संवाद से शांति की अपील भी कर चुके हैं। ईरान के साथ इजरायल और अमेरिका की जंग छिड़ने के बाद ट्रंप ने मंगलवार को पहली बार पीएम मोदी से बातचीत की है। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच हुई बातचीत की पुष्टि की है।
दुनिया भर में तेल-गैस की कीमतें छू रहीं आसमान
ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पूरी तरह बंद कर रखा है। अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप की बड़ी धमकियों का भी ईरान पर कोई असर नहीं पड़ा है। ईरान साफ कर चुका है कि इजरायल और अमेरिका के सहयोगी देशों के जहाजों को होर्मुज से एक बूंद तेल भी नहीं ले जाने दिया जाएगा। इससे एशिया से लेकर यूरोप तक तेल और गैस के दामों में आग लग गई है। कई देशों में तेल और गैस की किल्लत का असर आम जन-जीवन पर भी तेजी से पड़ा है।
पीएम मोदी ने एक्स पर बताया-ट्रंप से हुई क्या बात?
PM मोदी ने एक्स पर पोस्ट के जरिये ट्रंप से बातचीत का ब्यौरा साझा किया है। उन्होंने लिखा, "राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मुझे कॉल किया। पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर उनसे उपयोगी चर्चा हुई। भारत यथाशीघ्र तनाव में कमी और शांति की बहाली का समर्थन करता है। हॉर्मुज जलडमरूमध्य को खुला, सुरक्षित और सभी के लिए सुलभ बनाए रखना पूरे विश्व के हित में अत्यंत आवश्यक है। हमने शांति और स्थिरता की दिशा में चल रहे प्रयासों पर संपर्क में बने रहने पर सहमति व्यक्त की।"