Wednesday, February 25, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पीएम मोदी इजरायल के लिए रवाना, नेतन्याहू ने भारत के साथ बना दिया "हेक्सागॉन" एलायंस, पाक-तुर्की को बड़ा झटका

पीएम मोदी इजरायल के लिए रवाना, नेतन्याहू ने भारत के साथ बना दिया "हेक्सागॉन" एलायंस, पाक-तुर्की को बड़ा झटका

Edited By: Dharmendra Kumar Mishra @dharmendramedia Published : Feb 25, 2026 07:02 am IST, Updated : Feb 25, 2026 09:28 am IST

पीएम मोदी आज इजरायल की 2 दिवसीय यात्रा पर रवाना हो गए हैं। पालम एयरफोर्स स्टेशन से उनके विमान ने अभी थोड़ी देर पहले उड़ान भरी। प्रधानमंत्री मोदी के इजरायल पहुंचने से पहले पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत को हेक्सागॉन एलायंस में शामिल कर पाक-तुर्की जैसे देशों को बड़ा झटका दिया है।

इजरायल के लिए उड़ान भरने से पहले पीएम मोदी।- India TV Hindi
Image Source : X@NARENDRAMODI इजरायल के लिए उड़ान भरने से पहले पीएम मोदी।

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली के पालम एयरफोर्स स्टेशन से इजरायल के लिए 2 दिवसीय यात्रा पर रवाना हो गए। थोड़ी देर पहले उनके विमान ने उड़ान भरी। पीएम मोदी के इजरायल पहुंचने से पहले इजरायल की संसद नेसेट तिरंगे की रोशनी से नहा उठी है। नेसेट के स्पीकर ने पीएम मोदी के सम्मान में इस तस्वीर को एक्स पर शेयर किया है। प्रधानमंत्री के इस दौरे के दौरान भारत और इजरायल में कई बड़े समझौते होने हैं। इसमें डिफेंस डील प्रमुख है। वहीं पीएम मोदी के तेल-अवीव पहुंचने से पहले इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत को हेक्सागॉन एलायंस में शामिल कर तुर्की और पाकिस्तान जैसे देशों को बड़ा झटका दिया है। 

इजरायल भारत का मजबूत साझेदार-पीएम मोदी

इजरायल रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, " आज और कल के लिए मैं इज़रायल की राजकीय यात्रा पर जा रहा हूं। हमारे दोनों राष्ट्रों के बीच मजबूत और बहुआयामी रणनीतिक साझेदारी है। पिछले कुछ वर्षों में संबंध काफी मजबूत हुए हैं। मैं प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ व्यापक बातचीत करूंगा, जिसमें रक्षा, प्रौद्योगिकी, नवाचार, व्यापार, कृषि, जल प्रबंधन और लोगों के बीच संबंधों सहित विविध क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा होगी। मैं इज़रायल के राष्ट्रपति इसाक हरोग से भी मुलाकात करूंगा। आज शाम मैं इज़रायली संसद नेसेट को संबोधित करूंगा। यह हमारे मजबूत संसदीय और लोकतांत्रिक संबंधों को सम्मान देने वाला एक महत्वपूर्ण क्षण है। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री द्वारा Knesset को दिया जाने वाला पहला संबोधन होगा, जो दोनों देशों के बीच गहरी दोस्ती और साझा मूल्यों को रेखांकित करता है।

इसके अलावा, मैं इज़रायल में बसे भारतीय प्रवासी समुदाय से मिलूंगा, जिन्होंने भारत-इज़रायल मित्रता को मजबूत करने में बड़ा योगदान दिया है। वे दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और आर्थिक पुल का काम करते हैं। यह यात्रा 25-26 फरवरी 2026 को हो रही है। यह मेरी इज़रायल की दूसरी यात्रा है। पहली 2017 में की थी। इस दौरान हम रक्षा सहयोग, AI, साइबर सुरक्षा, IMEC प्रोजेक्ट और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे मुद्दों पर नए समझौतों और साझेदारी को आगे बढ़ाने पर फोकस करेंगे। भारत और इज़रायल मिलकर वैश्विक चुनौतियों का सामना करने और प्रगति के नए रास्ते बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। जय हिंद!"

क्या है पीएम मोदी का कार्यक्रम

पीएम मोदी आज बुधवार को 2 दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर जा रहे हैं। यह उनकी इजरायल की दूसरी यात्रा होगी। इससे पहले उन्होंने 2017 में पहली यात्रा की थी। भारतीय समयानुसार पीएम मोदी दिल्ली के एयर फोर्स स्टेशन पालम से सुबह 9 बजे रवाना होंगे। इजरायल के स्थानीय समयानुसार दोपहर 12:45 बजे वह तेल अवीव के  बेन गुरिऑन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू उन्हें खुद रिसीव करेंगे। पीएम मोदी की यह यात्रा मुख्य रूप से रक्षा, सुरक्षा, हाई-टेक, AI, क्वांटम और व्यापार सहयोग पर केंद्रित है।

इजरायल की संसद में स्वागत समारोह और भाषण

एयरपोर्ट से पीएम मोदी स्थानीय समयानुसार शाम 4:30 बजे येरुशलम पहुंचेंगे, जहां इजरायली संसद नेसेट में उनका आधिकारिक स्वागत किया जाएगा। इसके बाद पीएम मोदी इजरायली संसद को संबोधित करेंगे। यह भारत के किसी प्रधानमंत्री द्वारा नेसेट में दिया जाने वाला पहला संबोधन होगा। इसके बाद शाम 6 बजे वह तकनीकि और एआई पर फोकस इनोवेशन इवेंट में शामिल होंगे। फिर शाम 7:30 बजे किंग डेविड होटल में नेतन्याहू और उनकी पत्नी के साथ आधिकारिक डिनर में शामिल होंगे। अपने दौरे के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 8:45 से 9:30 बजे  ताक वह याद वशेम (Yad Vashem) होलोकॉस्ट मेमोरियल का दौरा करेंगे। फिर सुबह 11:00 बजे विस्तृत बैठक होगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर के बाद मीडिया को संयुक्त बयान जारी होंगे। इजरायल के स्थानीय समयानुसार दोपहर 2:00 बजे पीएम मोदी नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। 

नेतन्याहू ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इज़रायल यात्रा शुरू होने से पहले इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने एक बड़ी घोषणा करके पाकिस्तान और तुर्की जैसे देशों को गहरी चिंता में डाल दिया है। नेतन्याहू ने भारत को हेक्सागॉन एलायंस में शामिल करने का ऐलान किया है। उन्होंने यह संगठन "उग्रवादियों और आतंकियों के खिलाफ बनाया है। नेतन्याहू ने कहा, "मेरे सामने जो दृष्टि है, उसमें हम मध्य पूर्व के आसपास या उसके भीतर एक पूरी प्रणाली बनाएंगे, मूल रूप से गठबंधनों का एक 'हेक्सागन' (षट्भुज) होगा। नेतन्याहू ने भारत को "वैश्विक शक्ति" और पीएम मोदी को "व्यक्तिगत मित्र" बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच संबंध "और मजबूत हो गए हैं"।

'हेक्सागन' क्या है...जिसमें शामिल हुआ भारत?

नेतन्याहू ने भारत को "हेक्सागॉन" गठबंधन में शामिल करके खुशी जाहिर की है। इसमें भारत-इजरायल के अलावा, अरब राष्ट्र, अफ्रीकी राष्ट्र, भूमध्यसागरीय राष्ट्र (ग्रीस और साइप्रस)व एशिया के अन्य अज्ञात राष्ट्र शामिल हैं।  यह विवरण व्यापक रूप से IMEC (इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर) की दृष्टि से मेल खाता है, जो कनेक्टिविटी को बढ़ावा देकर आर्थिक विकास को मजबूत करने का लक्ष्य रखता है। यह गठबंधन उन राष्ट्रों का एक अक्ष बनाने का उद्देश्य रखता है जो वास्तविकता, चुनौतियों और लक्ष्यों पर सहमत हों। यह संगठन विशेष रूप से उग्रवादी शिया और सुन्नी मुसलमानों के खिलाफ है। इज़रायली नेता ने कहा कि इन राष्ट्रों की धारणाएं अलग-अलग हैं, लेकिन उनके बीच सहयोग से "महान परिणाम" मिल सकते हैं और उनकी "सहनशीलता और भविष्य" सुनिश्चित हो सकता है।

Latest World News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश

Advertisement
Advertisement
Advertisement