1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इजरायल के हनुक्का और पुरिम का क्या है दिवाली और होली से कनेक्शन? PM मोदी ने इजरायली संसद में बताया

इजरायल के हनुक्का और पुरिम का क्या है दिवाली और होली से कनेक्शन? PM मोदी ने इजरायली संसद में बताया

 Published : Feb 25, 2026 10:41 pm IST,  Updated : Feb 25, 2026 10:58 pm IST

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को इजरायल की संसद नेसेट को संबोधित किया है। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में इजरायल और भारत के बीच ऐतिहासिक रिश्तों का जिक्र किया है। यहां उन्होंने भारत और इजरायल के त्योहारों के बीच के कनेक्शन पर भी बात की।

pm modi israel parliament- India TV Hindi
इजरायली संसद को संबोधित करते हुए पीएम मोदी। Image Source : AP

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार से इजरायल के दौरे पर हैं। पीएम मोदी का इजरायल में भव्य स्वागत हुआ और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अपनी पत्नी के साथ पीएम मोदी को रिसीव करने एयरपोर्ट पर पहुंचे। यहां पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया गया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद पीएम मोदी नेतन्याहू के साथ इजरायल के संसद नेसेट में पहुंचे जहां पर सदन मोदी-मोदी के नारों से गूंज उठा। यहां बेंजामिन नेतन्याहू ने पीएम मोदी के लिए भाषण दिया और उन्हे अपना बेहतरीन दोस्त बताया। इसके बाद पीएम मोदी ने इजरायली को संसद को संबोधित किया और भारत व इजरायल के संबंध, दोनों देशों के ऐतिहासिक रिश्तों पर बात की। अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने इजरायल के त्योहार हनुक्का और पुरीम का भारत के दीवाली और होली से खास कनेक्शन बताया है।

PM मोदी ने बताया त्योहारों का संबंध

इजरायली संसद को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने बताया- "इजरायल में, टिक्कुन ओलम का सिद्धांत दुनिया को सही करने की बात करता है। तो वहीं, भारत में वसुधैव कुटुंबकम इस बात को साबित करता है कि पूरी दुनिया एक परिवार है। ये दोनों विचार सीमाओं से परे जिम्मेदारी का विस्तार करते हैं। ये विचार समाज को करुणा और नैतिक साहस के साथ काम करने का संदेश देते हैं। आप मोमबत्तियों की चमक के साथ हनुक्का मनाते हैं। करीब-करीब उसी वक्त, हम भारत में दीयों की कोमल चमक के साथ रोशनी का त्योहार दिवाली मनाते हैं। जल्द ही भारत होली का जश्न मनाएगा। ये त्योहार, खुशियों और रंगों से भरा हुआ है और लगभग उसी समय, इजरायल भी उत्साह और खुशी के साथ पुरीम मनाएगा।"

पीएम मोदी ने की आतंकवाद की निंदा

पीएम मोदी ने इजरायल की संसद नेसेट को संबोधित करते हुए 7 अक्टूबर 2023 को हमास द्वारा इजरायल पर किए गए हमले की भी निंदा की है। पीएम मोदी ने कहा- "कोई भी वजह आम लोगों की हत्या को सही नहीं ठहरा सकती। कोई भी चीज आतंकवाद को सही नहीं ठहरा सकती। भारत ने भी लंबे समय तक आतंकवाद का दर्द सहा है। हमें 26/11 के मुंबई हमले में इजरायली नागरिकों समेत बेगुनाहों की जान जाने की याद है। आपकी तरह, हमारी भी आतंकवाद के लिए ज़ीरो टॉलरेंस की नीति है, जिसमें कोई डबल स्टैंडर्ड नहीं है।" पीएम मोदी ने UN सिक्योरिटी काउंसिल द्वारा मंजूर किए गए गाजा पीस इनिशिएटिव का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि ये इस क्षेत्र के सभी लोगों के लिए सही और टिकाऊ शांति का वादा है, जिसमें फिलिस्तीन मुद्दे को सुलझाना भी शामिल है। 

PM मोदी को स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल का सम्मान

इजरायल में पीएम मोदी को बड़ा सम्मान दिया गया है। इजरायल की संसद की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल' से सम्मानित किया गया है। बता दें कि यह नेसेट का सबसे बड़ा सम्मान है। यह मेडल भारत और इजरायल के बीच सामरिक रिश्तों को मजबूत करने के लिए PM नरेंद्र मोदी के असाधारण योगदान के सम्मान में दिया गया है।

ये भी पढ़ें- इजरायल की संसद ने PM मोदी को जो सर्वोच्च सम्मान दिया, उसका क्या नाम है?

PM मोदी के बर्थडे और इजरायल में है खास नाता, प्रधानमंत्री ने इजरायली संसद में खुद बताया कनेक्शन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश