1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान के करीबी बने पीओके के ‘प्रधानमंत्री‘

पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान के करीबी बने पीओके के ‘प्रधानमंत्री‘

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Apr 20, 2023 02:15 pm IST,  Updated : Apr 20, 2023 02:15 pm IST

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर यानी पीओके का 'प्रधानमंत्री' इमरान खान की पार्टी के सांसद चौधरी अनवारुल हक को चुना गया है।

पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान के करीबी बने पीओके के ‘प्रधानमंत्री‘- India TV Hindi
पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान के करीबी बने पीओके के ‘प्रधानमंत्री‘ Image Source : FILE

इस्लामाबादः कंगाल पाकिस्तान में महंगाई चरम पर है। इस महंगाई और कर्ज की जद्दोजहद ने पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार को परेशान कर रखा है। तहरीक ऐ इंसाफ पार्टी के मुखिया और पूर्व पाक पीएम इमरान खान लगातार शहबाज सरकार पर हमले बोल रहे हैं। वे शहबाज सरकार पर पंजाब प्रांत और देश में चुनाव न करवाने को लेकर आरोप मढ़ रहे हैं। इसी बीच पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर यानी पीओके का प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी के सांसद चौधरी अनवारुल हक को चुना गया है। 

पूर्व ‘प्रधानमंत्री‘ सरदार तनवीर इलियास खान को क्षेत्र के उच्च न्यायालय द्वारा शीर्ष न्यायपालिका को बदनाम करने के कारण अयोग्य ठहराए जाने के बाद पिछले सप्ताह शीर्ष पद खाली हो गया था। प्रांतीय विधायिका के अध्यक्ष रहे हक को पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी और पाकिस्तान मुस्लिम लीग नवाज सहित सभी प्रमुख दलों समेत सदन में उपस्थित सभी 48 सदस्यों का समर्थन मिला।

सरदार तनवीर को 11 अप्रैल को एक सार्वजनिक भाषण के दौरान शीर्ष न्यायपालिका की आलोचना करके अदालत की अवमानना करने के लिए न्यायालय द्वारा पद से अयोग्य घोषित कर दिया गया था। इससे पहले सोमवार को नया ‘प्रधानमंत्री‘ चुनने के लिए आयोजित एक विधायी सत्र को बिना किसी मतदान के स्थगित कर दिया गया था। 

सरदार तनवीर ने इस्लामाबाद में एक समारोह में अप्रत्यक्ष रूप से न्यायपालिका पर उनकी सरकार के कामकाज को प्रभावित करने और स्थगन आदेशों के माध्यम से कार्यपालिका के क्षेत्र में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया था। 

हालांकि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में जरूर नए ‘प्रधानमंत्री‘ की नियुक्ति की गई है। लेकनि पीओके के लोग लंबे समय से बदहाल पाकिस्तान से अपना पिंड छुड़ाना चाहते हैं। वहां कई बार प्रदर्शन हुए हैं और इन प्रदर्शनों में उन्होंने भारत के समर्थन में अपनी राय रखी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश