1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इंसान या स्पाइडरमैन! बिना रस्सी के 101 मंजिला इमारत पर चढ़ा शख्स; देखें वीडियो

इंसान या स्पाइडरमैन! बिना रस्सी के 101 मंजिला इमारत पर चढ़ा शख्स; देखें वीडियो

 Published : Jan 26, 2026 07:29 am IST,  Updated : Jan 26, 2026 07:40 am IST

अमेरिकी रॉक क्लाइंबर ने हैरतअंगेज कारनामा किया है। एलेक्स होनोल्ड ने बिना किसी रस्सी या सुरक्षा उपकरण के 101 मंजिला गगनचुंबी इमारत पर चढ़ाई पूरी की है। क्लाइंबिंग करते हुए एलेक्स का वीडियो भी सामने आया है।

अमेरिकन रॉक क्लाइंबर एलेक्स होनोल्ड- India TV Hindi
अमेरिकन रॉक क्लाइंबर एलेक्स होनोल्ड Image Source : AP

American rock climber Alex Honnold: फेमस अमेरिकन रॉक क्लाइंबर एलेक्स होनोल्ड ने शानदार उपलब्धि हासिल की है। एलेक्स ने ताइवान की राजधानी ताइपे में स्थित गगनचुंबी इमारत ताइपे 101 पर बिना किसी रस्सी, हार्नेस या सुरक्षा उपकरण के फ्री-सोलो चढ़ाई पूरी की है। यह चढ़ाई ना केवल उनकी असाधारण क्षमता का प्रमाण थी, बल्कि शहरी वातावरण में अब तक की सबसे ऊंची और जोखिम भरी फ्री-सोलो चढ़ाई के रूप में दर्ज हो गई है।

देखें वीडियो

इमारत के बारे में जानें

ताइपे 101 दुनिया की सबसे ऊंची इमारतों में से एक है, जिसकी कुल ऊंचाई 508 मीटर (लगभग 1,667 फीट) है। इसमें 101 मंजिलें हैं और यह अपनी अनोखी संरचना के लिए जानी जाती है। इमारत 8 अलग-अलग ब्लॉक में विभाजित है, हर ब्लॉक में 8 मंजिलें हैं, जो इसे एक विशिष्ट और चुनौतीपूर्ण रूप देते हैं। चढ़ाई का सबसे कठिन हिस्सा मध्य भाग की 64 मंजिलों वाला क्षेत्र माना जाता है, जहां इमारत की डिजाइन सबसे जटिल होती है।

क्या बोले एलेक्स होनोल्ड?

एलेक्स होनोल्ड ने रविवार सुबह चढ़ाई शुरू की थी। लाल रंग की आधी बाजू वाली टी-शर्ट पहने हुए वो धीरे-धीरे लेकिन आत्मविश्वास से इमारत की दीवारों पर चढ़ते गए। नीचे खड़ी भीड़ ने तालियों और नारों से उनका मनोबल बढ़ाया। करीब 90 मिनट की मेहनत के बाद वो इमारत के शीर्ष पर पहुंचे। शिखर पर पहुंचते ही उन्होंने अपने हाथों को ऊपर उठाकर विजय का संकेत दिया और खुशी जाहिर की। शीर्ष पर पहुंचने के बाद एलेक्स ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा, ‘‘नजारा कितना शानदार था! अविश्वसनीय, कितना खूबसूरत दिन है। हवा बहुत तेज चल रही थी, इसलिए मैं सोच रहा था कि कहीं इमारत से गिर ना जाऊं। मैं संतुलन बनाए रखने की पूरी कोशिश कर रहा था। लेकिन वाकई, यह एक अद्भुत नजारा था। ताइपे को देखने का कितना खूबसूरत तरीका था।’’

अमेरिकन रॉक क्लाइंबर एलेक्स होनोल्ड
Image Source : APअमेरिकन रॉक क्लाइंबर एलेक्स होनोल्ड

कैंसिल हुआ था प्लान 

एलेक्स होनोल्ड की यह चढ़ाई शनिवार को निर्धारित थी, लेकिन खराब मौसम और बारिश के कारण इसे 24 घंटे के लिए स्थगित कर दिया गया था। रविवार को मौसम साफ होने पर एलेक्स ने सफलतापूर्वक अपनी योजना पूरी की। चढ़ाई के दौरान एलेक्स ने इमारत के हर प्रमुख खंड में थोड़ा-थोड़ा आराम किया, जिससे उन्हें संतुलन और शक्ति बनाए रखने में मदद मिली। होनोल्ड इससे पहले भी कई चुनौतीपूर्ण फ्री-सोलो चढ़ाइयां कर चुके हैं (जैसे एल कैपिटन की प्रसिद्ध चढ़ाई), लेकिन ताइपे 101 जैसी ऊंची शहरी इमारत पर बिना रस्सी के चढ़ना उनके करियर की एक नई मिसाल है। 

ताइपे 101 पर पहले भी हुई है चढ़ाई

यह पहली बार नहीं था जब किसी ने ताइपे 101 पर चढ़ाई की। फ्रांसीसी क्लाइंबर एलेन रॉबर्ट ने 2004 में क्रिसमस के दिन इस इमारत पर चढ़ाई की थी, ठीक उसी दिन जब इमारत का उद्घाटन हुआ था। लेकिन, एलेन ने सुरक्षा रस्सियों का इस्तेमाल किया था। एलेक्स होनोल्ड पहले व्यक्ति हैं जिन्होंने इसे पूरी तरह बिना किसी सुरक्षा के अंजाम दिया। यह उपलब्धि ना केवल रॉक क्लाइंबिंग की दुनिया में बल्कि साहस और मानवीय क्षमता के क्षेत्र में भी एक मिसाल बन गई है।

यह भी पढ़ें:

फिलीपींस में हुआ दर्दनाक हादसा, समुद्र में डूबी 350 से अधिक लोगों को ले जा रही Ferry; 7 शव बरामद

Operation Sindoor में भारतीय वायुसेना ने मचा दी थी तबाही...जिससे पाकिस्तान सीजफायर को हुआ मजबूर: स्विस रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश