1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान के इस अखबार पर बुरी तरह भड़का रूस, लगा दिया बड़ा आरोप

पाकिस्तान के इस अखबार पर बुरी तरह भड़का रूस, लगा दिया बड़ा आरोप

 Published : Nov 07, 2025 07:46 am IST,  Updated : Nov 07, 2025 07:49 am IST

रूस ने पाकिस्तान के अखबार द फ्रंटियर पोस्ट पर रूस-विरोधी प्रचार फैलाने और पश्चिमी देशों के प्रोपेगैंडा को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। रूसी दूतावास ने कहा कि अखबार लगातार रूस की छवि खराब कर रहा है।

Russia Pakistan news, Russian Embassy Islamabad, The Frontier Post controversy- India TV Hindi
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन। Image Source : AP

इस्लामाबाद: पाकिस्तान में रूसी दूतावास ने पेशावर के अंग्रेजी अखबार ‘द फ्रंटियर पोस्ट’ पर तीखा हमला बोला है। दूतावास का आरोप है कि यह अखबार लगातार रूस-विरोधी लेख छाप रहा है और पश्चिमी देशों के प्रोपेगैंडा को बढ़ावा दे रहा है। दूतावास ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि अखबार का ग्लोबल न्यूज सर्विस हेडक्वार्टर वॉशिंगटन में है। वहां की अमेरिकी स्टाइल वाली एडिटोरियल टीम रूस के कट्टर आलोचकों और रूसी विदेश नीति के विरोधियों को तरजीह देती है।

'यह अभिव्यक्ति की आजादी नहीं, बल्कि...'

रूसी दूतावास के बयान में कहा गया, 'अखबार में रूस या उसके नेतृत्व के बारे में एक भी तटस्थ या सकारात्मक लेख ढूंढना मुश्किल है। हाल ही में अंतरराष्ट्रीय सेक्शन में रूस या उसके नेतृत्व को सकारात्मक या तटस्थ नजरिए से पेश करने वाला एक भी लेख नहीं मिला।' दूतावास ने इसे ‘राजनीतिक पक्षपात’ बताया और कहा कि यह अभिव्यक्ति की आजादी नहीं, बल्कि रूस-विरोधी (Russophobic) रवैयाा है। बयान में आगे कहा गया, 'रूस-विरोधी लेखों की यह बौछार, जिसमें पश्चिमी प्रोपेगैंडा के मानक तर्क हैं और कोई वैकल्पिक नजरिया नहीं, यह सवाल उठाती है कि क्या एडिटोरियल बोर्ड की नीति राजनीतिक पक्षपात पर आधारित है या अभिव्यक्ति की आजादी पर।'

रूस ने अखबार के दावों को गलत ठहराया

अखबार में अफगानिस्तान का पूरा सेक्शन होने के बावजूद 7 अक्टूबर को हुए ‘मॉस्को फॉर्मेट ऑफ कंसल्टेशन ऑन अफगानिस्तान’ को पूरी तरह नजरअंदाज करने पर भी दूतावास ने ऐतराज जताया। इस मीटिंग को क्षेत्र के दूसरे मीडिया ने खूब कवर किया था। दूतावास ने इसे ‘पश्चिमीकरण’ वाली एडिटोरियल टीम का रूस-विरोधी चरित्र बताया। रूस ने अखबार के उन दावों को भी गलत ठहराया जिनमें रूस की अर्थव्यवस्था को कमजोर और प्रतिबंधों से कमजोर बताया गया। दूतावास ने आधिकारिक आंकड़े पेश करते हुए कहा कि 2024 में रूस का जीडीपी 4.1 फीसदी बढ़ा, मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में 8.5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और बेरोजगारी दर सिर्फ 2.5 फीसदी है।

पाकिस्तानी आवाम से दूतावास ने की अपील

दूतावास के बयान में कहा गया, 'ये आंकड़े किसी ‘पतन की कगार’ पर खड़ी अर्थव्यवस्था के नहीं हैं।' सैन्य ताकत के सबूत देते हुए रूस ने अपनी ‘ब्यूरेवेस्टनिक’ क्रूज मिसाइल और ‘पोसाइडन’ अंडरवॉटर व्हीकल के हालिया टेस्ट का जिक्र किया। अंत में दूतावास ने पाकिस्तानी अवाम से अपील की कि वे विभिन्न स्रोतों से खबरें लें और उन प्रकाशनों पर भरोसा न करें जो विदेशी स्पॉन्सर्स के शक भरे हित साधते हैं। (ANI)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश