1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. फिलीपींस में भीषण बाढ़ और भूस्खलन ने मचाई भयानक तबाही, कम से कम 126 लोगों की मौत

फिलीपींस में भीषण बाढ़ और भूस्खलन ने मचाई भयानक तबाही, कम से कम 126 लोगों की मौत

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Oct 27, 2024 10:45 am IST,  Updated : Oct 27, 2024 10:45 am IST

फिलीपींस में भीषण बाढ़ और भूस्खलन के चलते कम से कम 126 लोगों की मौत हो गई है। जबकि काफी संख्या में लोग लापता बताए जा रहे हैं। इस कारण अब तक 50 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।

फिलीपींस में आई भीषण बाढ़ का दृश्य। - India TV Hindi
फिलीपींस में आई भीषण बाढ़ का दृश्य। Image Source : AP

तालिसे (फिलीपीन): फिलीपींस में भीषण बाढ़ और भयानक भूस्खलन ने बड़ी तबाही मचा दी है। जानकारी के अनुसार फिलिस्तीन में उष्णकटिबंधीय तूफान ‘ट्रामी’ के कारण लोगों को भीषण बाढ़ और भूस्खलन का सामना करना पड़ा है। इस कारण कम से कम 126 लोगों की मौत हो गई है। जबकि कई लोग लापता हो गए हैं। फिलीपींस के राष्ट्रपति ने शनिवार को बताया कि प्राकृतिक आपदा के कारण कई क्षेत्रों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है, जिसके कारण लोग वहां फंस गए हैं। राहत और बचाव एजेंसियां उन तक पहुंचने का पूरा प्रयास कर रही हैं।

सरकार की आपदा-प्रतिक्रिया एजेंसी ने पहले बताया था कि शुक्रवार को फिलीपीन के उत्तर-पश्चिमी दिशा की ओर से आए ‘ट्रामी’ तूफान के कारण कम से कम 85 लोगों की मौत हो गई जबकि 41 अन्य लोग लापता हुए हैं। यह दक्षिण-पूर्व एशियाई द्वीपसमूह में इस साल का अब तक का सबसे घातक और विनाशकारी तूफान है। अधिकारियों ने बताया कि तूफान के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर कम से कम 126 हो गई है और कई अन्य लोग लापता हैं। एजेंसी ने बताया कि तूफान के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण मृतक संख्या और बढ़ने की आशंका है।

50 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित

फिलीपींस के प्रभावित इलाकों में पुलिस, अग्निशमन और अन्य आपातकालीन कर्मी राहत एवं बचाव कार्यों में लगे हुए हैं। राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस ने तूफान ‘ट्रामी’ के कारण मनीला के दक्षिण-पूर्व में बुरी तरह प्रभावित हुए क्षेत्र का शनिवार को निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान कहा कि तूफान के कारण असामान्य रूप से भारी बारिश हुई और कुछ क्षेत्र ऐसे भी हैं, जहां मात्र 24 घंटों में इतनी बारिश हो गई जो एक से दो महीने में होती है। सरकारी एजेंसी ने बताया कि उष्णकटिबंधीय तूफान ‘ट्रामी’ से जुड़ी घटनाओं में 50 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। (एपी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश