सिंगापुर: कई बार पुण्य और नेक काम करना भी कानून के चक्कर में भारी पड़ जाता है। इसका ताजा मामला सिंगापुर में सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग महिला को कबूतरों को दाना डालने के जुर्म में सजा सुनाई गई है। आप सुनकर चौंक रहे होंगे, मगर यह सच है। पक्षियों और पशुओं को दाना-पानी देना भारतीयों के संस्कार में है। लिहाजा भारतीय मूल की यह बुजुर्ग महिला भी सिंगापुर में अपने अपार्टमेंट के निकट कबूतरों को दाना डालती थी।
आपको जानकर हैरानी होगी कि कबूतरों को दाना डालने वाली महिला को अवैध कृत्य का दोषी ठहरा दिया गया है। कबूतरों को दाना देकर महिला पुण्य कमाना चाहती थी, मगर उसे पाप का भागीदार ठहरा दिया गया। दाना डालने के आरोप में बुधवार को भारतीय मूल की इस बुजुर्ग पर 1,200 सिंगापुरी डॉलर (930 अमेरिकी डॉलर) का जुर्माना लगाया गया। ‘चैनल न्यूज एशिया’ की खबर के अनुसार सनमुगमनाथन शामला (70) ने वन्यजीव अधिनियम के तहत जंगली पक्षियों को भोजन खिलाने के दो मामलों में दोष स्वीकार किया।
महिला को माना गया इस जुर्म का दोषी
सिंगापुर की अदालत में बुजुर्ग पर राष्ट्रीय उद्यान बोर्ड (एनपार्क) के कबूतर पकड़ने की कवायद में बाधा डालने समेत 11 आरोपों पर मुकदमा चलाया गया। इसके बाद उसे कई मामलों में दोषी ठहरा दिया गया। बता दें कि शामला को उस समय गिरफ्तार किया गया जब एनपार्क्स के प्रवर्तन अधिकारियों की ओर से लोरोंग (लेन) 4 तोआ पायोह स्थित उनके घर के पास जांच की गई। ग्यारह अप्रैल, 2023 को लगभग चार बजे अधिकारियों ने महिला को पक्षियों को दाना खिलाते हुए देखा और उन्हें ऐसा करने से मना किया, क्योंकि यह एक अपराध था।
सिंगापुर में कबूतर को दाना डालना है अपराध
सिंगापुर के वन्यजीव अधिनियम के तहत, एनपार्क के वन्यजीव प्रबंधन महानिदेशक की लिखित अनुमति के बिना वन्यजीवों को खाद्य पदार्थ खिलाना अवैध कृत्य है। चेतावनी के बाद भी, शामला ने नवंबर 2024 तक कई बार जंगली पक्षियों को खाना खिलाना जारी रखा। एनपार्क्स के अभियोजक लिम चोंग हुई ने बताया कि 19 फरवरी को शामला ने एनपार्क्स अधिकारियों को उनके घर के पास कबूतर पकड़ने के काम में बाधा पहुंचाई। जब न्यायाधीश ने महिला से कहा कि यदि उन्होंने जुर्माना नहीं भरा तो उन्हें दो दिन जेल में रहना पड़ेगा, तो शामला ने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि स्वास्थ्य के मद्देनजर मैं जेल में रहने के लिए उपयुक्त हूं।’’ खबर के अनुसार, महिला ने बुधवार को पूरा जुर्माना अदा कर दिया। (भाषा)