1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. दशहरे पर श्रीलंका ने दिया तोहफा, वहां जाने के लिए अब नहीं देना होगा वीजा शुल्क

दशहरे पर श्रीलंका ने दिया तोहफा, वहां जाने के लिए अब नहीं देना होगा वीजा शुल्क

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Oct 24, 2023 03:36 pm IST,  Updated : Oct 24, 2023 03:36 pm IST

श्रीलंका की कैबिनेट ने बड़ा फैसला किया है। इसके तहत अब भारत सहित 6 देशों के लोगों को वीजा के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। श्रीलंका सरकार ने वीजा फ्री स्कीम का ऐलान किया है।

श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे- India TV Hindi
श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे Image Source : FILE

Sri Lanka: श्रीलंका जाने के लिए अब आपको कोई वीजा शुल्क नहीं देना होगा। दशहरे पर श्रीलंका सरकार की ओर से फ्री वीजा स्कीम का ऐलान किया गया। भारत सहित 6 देशों के लिए श्रीलंका ने यह सुविधा प्रदान की है।श्रीलंकाई कैबिनेट ने भारत और 6 अन्य देशों के आगंतुकों के लिए मुफ्त पर्यटक वीजा को मंजूरी दी है। 

2024 तक मिलेगी वीजा फ्री स्कीम की सुविधा

जानकारी के अनुसार श्रीलंकाई कैबिनेट ने कर्ज में फंसे द्वीप राष्ट्र में पर्यटन क्षेत्र के पुनर्निर्माण के प्रयासों के बीच भारत और 6 अन्य देशों के यात्रियों को मुफ्त पर्यटक वीजा जारी करने की नीति को मंजूरी दे दी है। विदेश मंत्री अली साबरी ने मंगलवार को यह बात कही। विदेश मंत्री साबरी ने एक बयान में कहा कि इसे 31 मार्च, 2024 तक प्रायोगिक परियोजना के रूप में लागू किया जाएगा। 

इन देशों के यात्रियों को मिलेगी सुविधा

कैबिनेट ने भारत, चीन, रूस, मलेशिया, जापान, इंडोनेशिया और थाईलैंड के यात्रियों के लिए तत्काल प्रभाव से मुफ्त प्रवेश को मंजूरी दे दी। इन देशों के पर्यटक श्रीलंका दौरे पर बिना किसी शुल्क के वीजा प्राप्त कर सकेंगे। साल 2019 में ईस्टर के दिन हुए बम विस्फोटों के बाद श्रीलंका में पर्यटकों का आगमन कम हो गया था। विस्फोटों में 11 भारतीयों सहित 270 लोग मारे गए थे और 500 से अधिक घायल हुए थे। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, सितंबर के आंकड़ों में, भारत 30,000 से अधिक आगमन के साथ सबसे आगे है, जो कुल का 26 प्रतिशत है, जबकि चीनी पर्यटक 8,000 से अधिक आगमन के साथ दूसरे सबसे बड़े समूह के रूप में हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश