1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. क्या है मित्र विभूषण पुरस्कार, जिसे श्रीलंका के राष्ट्रपति ने पीएम मोदी को दिया

क्या है मित्र विभूषण पुरस्कार, जिसे श्रीलंका के राष्ट्रपति ने पीएम मोदी को दिया

 Published : Apr 05, 2025 03:01 pm IST,  Updated : Apr 05, 2025 03:01 pm IST

श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शनिवार को मित्र विभूषण पुरस्कार से अलंकृत किया है। यह श्रीलंका का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है।

पीएम मोदी को मित्र विभूषण अवार्ड देते श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके।- India TV Hindi
पीएम मोदी को मित्र विभूषण अवार्ड देते श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके। Image Source : PTI

कोलंबो: श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को शनिवार को जिस मित्र विभूषण पुरस्कार से अलंकृत किया, आइये उसके बारे में जानते हैं कि यह क्या है और किस लिए दिया जाता है। इसके साथ यह भी जानेंगे कि पीएम मोदी से पहले यह पुरस्कार किसको मिला है। बता दें कि श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके ने द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने में पीएम मोदी की भूमिका के लिए उन्हें ‘मित्र विभूषण’ पुरस्कार से सम्मानित किया।

श्रीलंका का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है मित्र विभूषण

राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने जो पुरस्कार पीएम मोदी को दिया है, वह श्रीलंका का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। इसकी शुरुआत फरवरी 2008 में तत्कालीन राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे ने की थी। इससे पहले ये पुरस्कार मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति मौमून अब्दुल गयूम और दिवंगत फलस्तीनी नेता यासिर अराफात को प्रदान किया जा चुका है। मोदी ने अपने संबोधन में कहा, ‘‘राष्ट्रपति दिसानायके द्वारा श्रीलंका मित्र विभूषण से सम्मानित किया जाना मेरे लिए सम्मान की बात है। यह 1.4 अरब भारतीयों के लिए भी सम्मान की बात है।’’

इस पुरस्कार में क्या होता है

दिसानायके ने कोलंबो स्थित राष्ट्रपति सचिवालय में आयोजित एक समारोह के दौरान मोदी को यह पुरस्कार प्रदान किया। इसमें एक प्रशस्ति पत्र और एक रजत पदक प्रदान किया जाता है। रजत पदक को गले में पहनाया जाता है तथा उस पर नौ प्रकार के श्रीलंकाई रत्न लगे होते हैं साथ ही कमल, ग्लोब, सूर्य, चंद्रमा और चावल के ढेर के प्रतीक अंकित होते हैं। पदक पर अंकित धर्म चक्र साझी बौद्ध विरासत को दर्शाता है जिसने दोनों देशों की सांस्कृतिक परंपराओं को आकार दिया है। एक अधिकारी के अनुसार, चावल के ढेरों से सजा पुन कलश या औपचारिक बर्तन समृद्धि और नवीनीकरण का प्रतीक है।

नवरत्न या नौ कीमती रत्नों को कमल की पंखुड़ियों से घिरे एक ग्लोब के भीतर दर्शाया गया है। मोदी बैंकॉक की अपनी यात्रा समाप्त करने के बाद कल शाम कोलंबो पहुंचे, जहां उन्होंने बिम्सटेक (बहुक्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग के लिए बंगाल की खाड़ी पहल) शिखर सम्मेलन में भाग लिया।  (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश