1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. मछुआरों पर गलती से चली थीं गोलियां, भारत के कड़े रुख के बाद श्रीलंकाई नेवी दी सफाई

मछुआरों पर गलती से चली थीं गोलियां, भारत के कड़े रुख के बाद श्रीलंकाई नेवी दी सफाई

 Edited By: Amit Mishra
 Published : Jan 29, 2025 08:59 pm IST,  Updated : Jan 29, 2025 08:59 pm IST

श्रीलंकाई नौसेना ने भारतीय मछुआरों पर गोलीबारी की थी। इस घटना का भारतीय विदेश मंत्रालय ने कड़ा विरोध किया था। अब श्रीलंकाई नौसेना के चीफ ने इस घटना को लेकर सफाई दी है।

मछुआरों की नाव- India TV Hindi
मछुआरों की नाव Image Source : FILE AP

कोलंबो: श्रीलंकाई नौसेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को दावा किया कि डेल्फ्ट द्वीप के पास 13 भारतीय मछुआरों को पकड़े जाने के दौरान दुर्घटनावश गोली चल जाने से दो मछुआरे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। श्रीलंका नौसेना के कमांडर वाइस एडमिरल कंचना बनगोडा ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, नौसेना के एक जवान से दुर्घटनाव‍श गोली चल गई, जिससे दो भारतीय मछुआरे घायल हो गए। 

मछुआरों ने निर्देश का पालन नहीं किया

वाइस एडमिरल बनगोडा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बताया कि नौसेना के जवानों ने संदेह के आधार पर श्रीलंकाई जलक्षेत्र में मौजूद मछली पकड़ने वाली एक भारतीय नौका को जब्त किया था क्योंकि जब उसे क्षेत्र से जाने के लिए कहा गया तो उसने इस निर्देश का पालन नहीं किया। उन्होंने कहा, ‘‘जब नौसेना के जवान अपनी नाव पर बैठे तो भारतीयों ने जांच प्रक्रिया में बाधा डालने के लिए आक्रामक व्यवहार किया।’’ 

'अवैध रूप से पकड़ रहे थे मछली'

एडमिरल बनगोडा ने बताया कि भारतीय मछुआरे श्रीलंका के जलक्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ रहे थे तथा क्षेत्र से दूर चले जाने की चेतावनी पर भी कोई ध्यान नहीं दे रहे थे। बनगोडा ने बताया कि मछुआरों द्वारा नौसेना के जवानों को उनका कर्तव्य पालन करने में बाधा डालने के कारण टकराव हुआ और इसी दौरान गलती से गोली चल जाने के कारण दो भारतीय मछुआरे घायल हो गए। 

भारत का कड़ा रुख

डेल्फ्ट द्वीप के पास मंगलवार सुबह श्रीलंकाई नौसेना द्वारा की गई गोलीबारी में पांच भारतीय मछुआरे घायल हो गए थे, जिनमें दो गंभीर रूप से घायल हुए और इस पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी। भारत में श्रीलंका के कार्यवाहक उच्चायुक्त को विदेश मंत्रालय में म‍ंगलवार को‍ तलब किया गया और कड़ा विरोध दर्ज कराया गया था। भारत ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि किसी भी परिस्थिति में बल प्रयोग ‘स्वीकार्य’ नहीं है। जाफना स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने घायल मछुआरों से अस्पताल में मुलाकात कर उनका हालचाल जाना था।  भाषा 

यह भी पढ़ें:

भारत के साथ रिश्तों को लेकर भ्रमित है बांग्लादेश! अब लगा दिया तस्करी का आरोप; जानें और क्या कहा

दक्षिणी सूडान में भीषण प्लेन हादसा, एक भारतीय समेत कम से कम 18 लोगों की हुई मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश